तेंदुए को मारकर निकाली खाल, अंग काटे
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले का है मामला
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर: दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में तेंदुए को मारकर उसकी खाल निकालने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वन्य जीव विभाग ने इसकी शिकायत की थी। खाल निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
कुलगाम में कुछ दिनों से तेंदुए ने आतंक मचा रखा था। वीरवार को उसके हमले में सात लोग जख्मी हुए थे। इस दौरान ग्रामीणों ने उसे कथित तौर पर पीटकर मार डाला था। मारने के बाद कुछ ग्रामीणों ने उसकी खाल निकालना शुरू कर दिया। उन्होंने निर्ममता से उसके शरीर के अन्य अंगों को काटा। किसी ने मोबाइल पर इस वीभत्स दृश्य का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। 53 सेकेंड के इस वीडियो में कुछ लोग मृत तेंदुए के आस-पास जमा है। दो लोग तेंदुए की खाल काटते नजर आते हैं। यह वीडिया खंदाजीपोरा या फिर नूराबाद इलाके का बताया जा रहा है।
एसपी कुलगाम गुरेंद्रपाल सिंह ने बताया कि वन्य जीव विभाग की शिकायत और इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। वीडियो में नजर आने पाले लोगों को चिन्हित कर रहे हैं।