विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कश्मीर में लश्कर के आखिरी ज्ञात स्थानीय आतंकी सरगना का सफाया, 15 लाख रुपये का इनामी लतीफढेर

Published: Thu, 19 Nov 2026 05:40 AM (GMT+05:30)

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लतीफ को मार गिराने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के ...और पढ़ें

कश्मीर में लश्कर के आखिरी ज्ञात स्थानीय आतंकी सरगना का सफाया

कश्मीर में लश्कर के आखिरी ज्ञात स्थानीय आतंकी सरगना का सफाया

HighLights

  1. मौत सामने देख मस्जिद में छिप गया था 15 लाख रुपये का इनामी लतीफ 

  2. जीवित पकड़ने के लिए जवानों ने कई बार आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन नहीं माना

  3. लतीफ ने 11 नवंबर को कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर उमर के साथ मिलकर किया था हमला

  4. सुरक्षाबल ने हमले के सात दिन के भीतर किया ढेर, उमर को पहले ही मुठभेड़ में मारा जा चुका

  5. गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षा बल को बधाई देते हुए कहा-लश्कर का आखिरी स्थानीय आतंकी ढेर

नवीन नवाज, श्रीनगर। कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा और द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) का सक्रिय आतंकी कमांडर लतीफ अहमद बट बुधवार तड़के कुलगाम में सुरक्षा बल के साथ मुठभेड़ में मारा गया।

लतीफ के ढेर होने के साथ ही कश्मीर में लश्कर के एकमात्र ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकी सरगना का भी सफाया हो गया है। 15 लाख रुपये का इनामी आतंकी लतीफ जान बचाने के लिए एक मस्जिद में छिप गया था।

सेना व पुलिस अधिकारियों ने उसको आत्मसमर्पण के लिए कहने को मोबाइल से वीडियो कॉल तक की, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद सुरक्षाबल ने मस्जिद की मर्यादा का पूरा ध्यान रखते हुए लतीफ को ढेर कर दिया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लतीफ को मार गिराने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के संयुक्त प्रयास की सराहना की।

एक्स पर जारी संदेश में उन्होंने लतीफ को कश्मीर घाटी में लश्कर का अंतिम ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकी बताया। उन्होंने उमर निसार के मारे जाने का भी उल्लेख किया और अभियान में शामिल जवानों के साहस तथा विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल की प्रशंसा की।

कुलगाम के आखरन में 11 नवंबर को सीआरपीएफ की नाका पार्टी पर लतीफ ने ही अपने साथी आतंकी उमर के साथ मिलकर हमला किया था, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे।

इसके बाद से ही सुरक्षा बल दोनों की तलाश में जुटे थे। 16 नवंबर को भी सुरक्षा बल ने कुलगाम के लारू में दोनों को घेर लिया था। इस दौरान उमर मुठभेड़ में मारा गया, जबकि लतीफ भाग निकला था।

संबंधित अधिकारियों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिले पुख्ता खुफिया इनपुट पर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की टीम ने बुधवार तड़के कुलगाम के जंगालपोरा क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान लतीफ को सुरक्षा बल ने घेर लिया।

घेराबंदी तोड़ने के लिए उसने गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई के बाद वह बचने के लिए प्रतिबंधित जमात-ए-इस्लामी का गढ़ कहे जाने वाले जंगालपोरा में एक मस्जिद में जा छिपा।

सेना ने कहा आत्मसमर्पण कर दो

आतंकी के मस्जिद में दाखिल होने के बाद सुरक्षा बल ने पूरा संयम बरता। अधिकारियों ने स्वयं उसके मोबाइल पर वीडियो काल कर आत्मसमर्पण के लिए कहा और स्थानीय मौलवी की मदद भी ली। इसके बाद भी जब वह नहीं माना तो भी उसे जिंदा पकड़ने के लिए आंसू गैस के गोले चलाए गए।

इसके बाद लतीफ मस्जिद से बाहर तो निकला, लेकिन अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया। सेना की चिनार कोर ने एक एक्स पर पोस्ट कर बताया कि अभियान के दौरान धार्मिक स्थल की पवित्रता का पूरा ध्यान रखा गया।

मदरसे से सभी 27 जिंदगियों को भी बचाया
सुरक्षा बल ने जब आतंकी लतीफ को घेरा तो उनके समक्ष सिर्फ एक आतंकी को खत्म करने से कहीं ज्यादा 27 जिंदगियों और मस्जिद की मर्यादा बचाने की चुनौती थी।

आतंकी मस्जिद से गोलीबारी कर रहा था और पास ही एक मदरसा था, जिसमें मौजूद छात्राओं की जिंदगी खतरे में आ गई। ऐसे में सेना की नौ राष्ट्रीय राइफल्स के एक अधिकारी ने अपने साथी के साथ असाधारण साहस दिखाते हुए मदरसे में प्रवेश करने का फैसला किया। गोलियों के खतरे के बावजूद दोनों ने मदरसे से सभी 27 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

कुछ हिसाब ठंडे दिमाग से ही लिए जाते हैं

मुठभेड़ के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के महानिदेशक की एक्स पर की गई पोस्ट भी चर्चा में रही। पुलिस ने सुबह 10:20 बजे लिखा, 'आप भाग सकते हैं, लेकिन छिप नहीं सकते।'

वहीं, सीआरपीएफ महानिदेशक जीपी सिंह ने अपने संदेश में जवानों को कहा-बधाई हो साथियों, कुछ हिसाब ठंडे दिमाग से ही लिए जाते हैं, फिर मौसम चाहे कैसा भी हो।

दो हजार सुरक्षाकर्मी सात दिन अभियान में जुटे रहे

सीआरपीएफ की नाका पार्टी पर हमले के बाद से लगातार सात दिन चले इस अभियान में सेना, एसओजी और सीआरपीएफ के करीब दो हजार जवान जुटे रहे। दिन-रात लगभग तीन दर्जन गांवों में सभी संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली गई।

ड्रोन और खोजी श्वान के साथ सेना के पैरा कमांडो दस्ते ने भी अहम भूमिका निभाई। मोबाइल बंकर कमांड पोस्ट की भी मदद ली गई। इस दौरान 500 से अधिक संदिग्धों और 20 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इसी से लतीफ के ठिकाने का पता चला।

नवंबर 2025 में बना आतंकी, नवंबर 2026 में ढेर

लतीफ कुलगाम के खेरवन चडर गांव का रहने वाला था। वह नवंबर 2025 को आतंकी बना था और नवंबर 2026 को मारा गया। उसने कुलगाम के सरकारी डिग्री कालेज में स्नातक की पढ़ाई शुरू की, लेकिन पाठ्यक्रम पूरा नहीं किया।

आतंकी बनने से पहले वह प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन के तौर पर भी काम कर चुका था। वह इस वर्ष जुलाई में अनंतनाग के लालचौक में एक पुलिसकर्मी की हत्या और कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की हत्या में भी वांछित था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।