जम्मू-कश्मीर पुलिस में नौकरी चाहिए तो सावधान, SPO बनवाने के नाम पर लाखों की ठगी; फर्जी आदेशों का भी इस्तेमाल
कुपवाड़ा पुलिस ने एसपीओ भर्ती के नाम पर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को ...और पढ़ें

कुपवाड़ा में एसपीओ भर्ती घोटाला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार।
HighLights
एसपीओ भर्ती के नाम पर युवाओं से ठगी का खुलासा।
मुख्य आरोपी एजाज अहमद पंडित कुपवाड़ा से गिरफ्तार किया गया।
फर्जी नियुक्ति आदेश देकर 3.90 लाख रुपये ऐंठे गए।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कुपवाड़ा पुलिस ने एसपीओ (स्पेशल पुलिस ऑफिसर) के पद पर भर्ती कराने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने जम्मू-कश्मीर पुलिस में एसपीओ के पद पर नियुक्ति दिलाने का झांसा देकर कई युवाओं से करीब 3.90 लाख रुपये वसूल लिए। युवाओं का भरोसा जीतने के लिए उन्हें वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के कथित फर्जी हस्ताक्षर वाले सिफारिशी आदेश भी दिए गए। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस स्टेशन कुपवाड़ा में एक लिखित शिकायत मिली थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि एक व्यक्ति बेरोजगार युवाओं को एसपीओ के पद पर नियुक्त करवाने का भरोसा देकर उनसे पैसे ले रहा है।
शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ मामला दर्ज किया। पुलिस ने मुख्य आरोपित की पहचान एजाज अहमद पंडित पुत्र बशीर अहमद पंडित निवासी नुतनूसा, कुपवाड़ा के रूप में की है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरोह का नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब युवाओं को दिए गए कथित नियुक्ति और सिफारिशी आदेशों की असलियत की जांच कर रही है। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि ठगी की रकम किन लोगों तक पहुंची और इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
पुलिस को इस गिरोह के दूसरे जिलों तक फैले संपर्कों और अन्य सहयोगियों की संलिप्तता की आशंका भी है। इस पहलू से भी जांच की जा रही है, ताकि पूरे मामले का पर्दाफाश किया जा सके।
नौकरी के नाम पर पैसे मांगने वालों से रहें सावधान
इस बीच, कुपवाड़ा पुलिस ने बेरोजगार युवाओं और आम लोगों से अपील की है कि वे सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर किए जाने वाले ऐसे झूठे वादों के झांसे में न आएं। भर्ती से जुड़ी किसी भी जानकारी की पुष्टि संबंधित विभाग के आधिकारिक माध्यमों से ही करें।
यदि कोई व्यक्ति नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगता है या भर्ती संबंधी धोखाधड़ी करता है तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।