विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

J&K: राशन चाहिए तो पहले नेटवर्क खोजिए, कुपवाड़ा में फेस ऑथेंटिकेशन से बढ़ी परेशानी; अधिकारियों से राहत की मांग

Published: Wed, 11 Nov 2026 05:10 PM (IST)

कुपवाड़ा के दूरदराज इलाकों में राशन वितरण के लिए लागू 'फेस आथेंटिकेशन' सिस्टम खराब मोबाइल नेटवर्क के कारण उपभोक्ताओं के ...और पढ़ें

कुपवाड़ा के दूर-दराज गांवों में नई व्यवस्था बनी परेशानी। (AI generated)

कुपवाड़ा के दूर-दराज गांवों में नई व्यवस्था बनी परेशानी। (AI generated)

HighLights

  1. फेस आथेंटिकेशन से कुपवाड़ा में राशन वितरण में बाधाएं।

  2. खराब मोबाइल नेटवर्क के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानी।

  3. प्रवासी परिवारों के लिए राशन पाना हुआ चुनौतीपूर्ण कार्य।

जागरण संवाददाता, श्रीनगर। कुपवाड़ा जिले के कई दूर-दराज के इलाकों में राशन वितरण के लिए हाल ही में लागू किए गए 'फेस आथेंटिकेशन' सिस्टम ने उपभोक्ताओं के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। खराब मोबाइल नेटवर्क और फिजिकल वेरिफिकेशन (मौजूद रहकर पहचान कराने) की अनिवार्यता के कारण, कई परिवारों को अपना मासिक राशन पाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यह समस्या विशेष रूप से नागराणार, हमला और मुनवान जैसे गांवों के साथ-साथ अन्य दूर-दराज के उन इलाकों में गंभीर है, जहां मोबाइल नेटवर्क या तो है ही नहीं या फिर बहुत कमजोर है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें अक्सर 'फेस आथेंटिकेशन' की प्रक्रिया पूरी करने और अपना राशन प्राप्त करने के लिए अपने गांवों से बाहर, बेहतर नेटवर्क वाले इलाकों में जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इन परिवारों के लिए मुश्किलें और भी बढ़ जाती हैं, जिनके घर के पुरुष मुखिया आजीविका की तलाश में सर्दियों के दौरान देश के अन्य हिस्सों में चले जाते हैं।

हजारों किलोमीटर दूर से राशन लेने कैसे आएंगे मुखिया?

इस मुद्दे को उठाते हुए, प्रसिद्ध समाजी कार्यकर्ता एजाज अहमद मीर ने कहा कि इस शर्त की वजह से ऊपरी राजवार के परिवारों को काफी परेशानी हो रही है, जहां कई परिवारों के कमाने वाले सदस्य काम की तलाश में मौसमी तौर पर दूसरे राज्यों में चले जाते हैं।

मीर ने कहा, 'घर पर परिवार के अन्य सदस्य मौजूद होने के बावजूद, राशन डीलर उनसे कह रहे हैं कि वे राशन डिपो पर परिवार के मुखिया को 'फेस आथेंटिकेशन' (चेहरे की पहचान) के लिए लाएं। परिवार अपने कमाने वाले सदस्यों को, जो कभी-कभी हजारों किलोमीटर दूर दूसरे राज्यों में होते हैं, सिर्फ राशन पाने के लिए चेहरे की पहचान कराने हेतु वापस कैसे बुला सकते हैं?'

अधिकारियों से समाधान निकालने की अपील

उन्होंने कहा कि इस शर्त ने कमजोर परिवारों को एक मुश्किल स्थिति में डाल दिया है, और इसकी वजह से पात्र लाभार्थी सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले जरूरी अनाज से वंचित रह सकते हैं।

मीर ने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे कोई व्यावहारिक विकल्प निकालें, ताकि परिवारों को बिना किसी अनावश्यक परेशानी के उनका हक का अनाज मिल सके।

अंगूठे का निशान नहीं मिलने पर होगी चेहरे से पहचान

इस बीच कुपवाड़ा में खाद्य विभाग के सहायक निदेशक, सैयद इरफान ने बताया कि राशन वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए 'फेस आथेंटिकेशन' की सुविधा शुरू की गई है। उन्होंने कहा, 'यह सुविधा पहले से मौजूद 'थंब इम्प्रेशन' (अंगूठे के निशान) और ओटीपी-आधारित सत्यापन के तरीकों के साथ-साथ काम करेगी।'

उन्होंने कहा, 'ग्रामीण इलाकों में बहुत से लोग खेती-बाड़ी से जुड़े हैं, जिसकी वजह से अक्सर बायोमेट्रिक मशीनों पर उनके अंगूठे के निशान मेल नहीं खाते, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी होती है।' इसी बात को ध्यान में रखते हुए, और मुख्य रूप से पारदर्शिता बढ़ाने के लिए, 'फेस आइडेंटिफिकेशन' (चेहरे की पहचान) प्रणाली शुरू की गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।