जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में आधी रात आग से जलकर राख हुआ मकान, बेघर परिवार को सेना ने दी मदद
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के अलाचीजाब गांव में आधी रात को लगी भीषण आग से एक रिहायशी मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया, जिससे परिवार बेघर हो गया।
-1795956577914_m.webp)
कुपवाड़ा में आधी रात घर जलकर राख, सेना ने बेघर परिवार को दी सहायता।
HighLights
कुपवाड़ा के अलाचीजाब गांव में आधी रात भीषण आग लगी
एक रिहायशी मकान पूरी तरह जलकर राख, परिवार बेघर हुआ
भारतीय सेना की टीए-160 यूनिट ने परिवार को मदद दी
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के अलाचीजाब गांव में आधी रात को भीषण आग लगने से एक रिहायशी मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा मकान इसकी चपेट में आ गया। इस घटना में परिवार का आशियाना तबाह हो गया। हालांकि, मौके पर मौजूद अग्निशमन दस्ते की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, मकान अब्दुल रशीद मीर पुत्र मोहम्मद सुल्तान मीर का था। घटनास्थल पर मौजूद टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग को आसपास फैलने से रोकने के लिए तत्काल प्रयास किए।
इससे आसपास की संपत्ति को बड़े नुकसान से बचा लिया गया। हालांकि, मकान में आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है। अग्निशमन विभाग का कहना है कि इस पर जांच जारी है।
अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवार की मदद के लिए भारतीय सेना की टीए-160 यूनिट आगे आई। सेना के जवानों ने आज रविवार सुबह परिवार के सदस्यों को नाश्ता उपलब्ध कराया और मुश्किल समय में मानवीय सहायता प्रदान की। आग में मकान पूरी तरह तबाह होने से परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।