कुपवाड़ा में गूंजा कुमार सानू का जादू, कश्मीर गॉट टैलेंट की शाम बनी यादगार; घाटी की प्रतिभाओं को मिली राष्ट्रीय पहचान
उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा में 'कश्मीर गॉट टैलेंट' का ग्रैंड फिनाले संगीत और मनोरंजन से भरपूर रहा, जहाँ कुमार सानू की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
-1794414397078_m.webp)
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में गूंजा कुमार सानू का जादू। फोटो जागरण
HighLights
कुमार सानू की प्रस्तुति ने कुपवाड़ा फिनाले में चार चांद लगाए।
700 प्रतिभागियों में से शीर्ष 10 ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा में आयोजित ‘कश्मीर गॉट टैलेंट’ का ग्रैंड फिनाले संगीत, मनोरंजन और स्थानीय प्रतिभाओं के नाम रहा। बॉलीवुड के मशहूर गायक कुमार सानू की शानदार प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
उनकी गायकी का जादू ऐसा चला कि 3 हजार से अधिक दर्शक इस यादगार शाम के गवाह बने। चार दिवसीय आयोजन ने न केवल उभरते कलाकारों को मंच दिया, बल्कि कश्मीर की छिपी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की उम्मीद भी जगाई।
8 से 11 नवंबर 2026 तक गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज कुपवाड़ा में आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन ताहा फिल्म इंटरनेशनल, जिला प्रशासन कुपवाड़ा और कुपवाड़ा पुलिस के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में बॉलीवुड गायक कुमार सानू, अभिनेता एवं निर्माता हरमन बावेजा और प्रसिद्ध संगीतकार व निर्देशक दिलीप सेन ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। इन हस्तियों की मौजूदगी ने स्थानीय कलाकारों को मनोरंजन जगत के अनुभवी चेहरों के सामने अपनी कला दिखाने का अवसर दिया।
700 प्रतिभागियों के बीच टॉप-10 ने मारी बाजी
प्रतियोगिता के लिए उत्तर कश्मीर के विभिन्न इलाकों से 700 से अधिक पंजीकरण प्राप्त हुए। 8 और 9 नवंबर को ऑडिशन तथा 10 नवंबर को सेमीफाइनल के बाद शीर्ष 10 प्रतिभागियों ने ग्रैंड फिनाले में जगह बनाई। फाइनलिस्ट की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया।
वहीं, कुमार सानू की गायकी के अलावा इश्फाक कावा और हास्य कलाकार कयूम बादशाह तथा नजीर जोश की प्रस्तुतियों ने भी खूब मनोरंजन किया। इस अवसर पर ‘पमाल’ गीत का विमोचन भी किया गया।
यह आयोजन महज मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरा। जिला प्रशासन कुपवाड़ा, जम्मू-कश्मीर पुलिस, ताहा फिल्म इंटरनेशनल और सभी सहयोगी संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से कार्यक्रम सफल रहा।
कश्मीर गॉट टैलेंट ने यह संदेश दिया कि हुनर किसी बड़े शहर या क्षेत्र का मोहताज नहीं होता। सही अवसर मिले तो कुपवाड़ा जैसे दूरदराज इलाकों के कलाकार भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।