कुलगाम हमले के आतंकी कहां गायब हो गए? अब तक 500 से पूछताछ और 20 संदिग्ध हिरासत में, चौथे दिन भी तलाश जारी
कुलगाम में CRPF पर आतंकी हमले के चौथे दिन भी तलाशी अभियान जारी है, जिसमें 500 से अधिक लोगों से ...और पढ़ें

कुलगाम में 15 सेकंड में 30 राउंड फायरिंग करने वाले आतंकियों की तलाश तेज। (फाइल फोटो)
HighLights
कुलगाम हमले के चौथे दिन भी तलाशी अभियान जारी है।
500 से अधिक लोगों से पूछताछ, 20 संदिग्ध हिरासत में।
डीजीपी नलिन प्रभात ने सुरक्षा ग्रिड का जायजा लिया।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में सीआरपीएफ की नाका पार्टी में हमले में लिप्त आतंकियों को पकड़ने के लिए जारी अभियान शनिवार को लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। हालांकि अभी तक आतंकियों का कोई सुराग नहीं लगा है, लेकिन जांच एजेंसियों ने करीब 500 लोगों से पूछताछ के बाद लगभग 20 संदिग्धों को आगे की पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हालांकि, पुलिस ने किसी की हिरासत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
इस बीच, पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने भी कुलगाम में विभिन्न जगहों पर जाकर स्वयं आतंकरोधी अभियानों का जायजा लिया और उन्होंने मौके पर तैनात अधिकारियों से जानकारी लेते हुए सुरक्षा ग्रिड मजबूत करने और आतंकवाद विरोधी कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।
ओवरग्राउंड वर्कर नेटवर्क पर भी शिकंजा
जांच एजेंसियों के अनुसार, कुलगाम में गत 11 नवंबर, बुधवार को लश्कर-ए-तैयबा के हिट स्क्वाड द रजिस्टेंस फ्रंट (TRF) से जुड़े आतंकी लतीफ बट के मॉड्यूल ने हमला किया था। इस हमले में लतीफ बट के साथ दो अन्य आतंकी भी शामिल थे। इन आतंकियों को पकड़ने के साथ-साथ उनके ओवरग्राउंड वर्कर (OGW) नेटवर्क पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।
आतंकियों के स्थानीय मददगारों यानी ओवरग्राउंड वर्कर्स के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। आशंका है कि हमले से पहले आतंकियों को ठिकाना उपलब्ध कराने, सुरक्षा बलों की गतिविधियों की जानकारी देने और वारदात के बाद फरार होने में मदद की गई थी।
जांच एजेंसियों के अनुसार, जिस जगह और जिस तरीके से हमला अंजाम दिया गया है, वह स्थानीय ओवरग्राउंड वर्कर की मदद के बिना आसान नहीं था। हमले से पूर्व आतंकियों को वहीं आस पास किसी जगह शरण दिए जाने के पहलू के साथ हमले के बाद उनके वहां से फरार होने में मदद करने वाले तत्वों को भी चिह्नित किया जा रहा है।
50 मीटर की दूरी से 15 सेकंड में 30 राउंड फायरिंग
गौरतलब है कि 11 नवंबर को दोपहर करीब 2:15 बजे मीर बाजार के पास अखरान इलाके में सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन की नाका पार्टी पर हमला हुआ था। आतंकियों ने करीब 50 मीटर की दूरी से 15 सेकंड में लगभग 30 राउंड फायरिंग की। इसके बाद हमलावर घने पेड़ों और दुर्गम रास्तों का फायदा उठाकर फरार हो गए।
हमले में हेड कांस्टेबल सोमवीर सिंह, कांस्टेबल राकेश दास और कांस्टेबल संतोष चंद्रू घायल हो गए थे। जांच के दौरान घटनास्थल से खाली कारतूस, मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। एनआइए की टीम ने भी घटनास्थल का दौरा किया है।
चार दिन में 500 से ज्यादा लोगों से पूछताछ
संबंधित अधिकारियों ने बताया कि पिछले चार दिनों से जारी आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की है। इनमें से अधिकांश को छोड़ दिया गया है, जबकि कम से कम 20 लोगों को आगे की पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है। इनमें से तीन लोगों के लश्कर के ओवरग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) होने की आशंका है।
सुरक्षा एजेंसियों ने पूछताछ के लिए बुलाए गए लोगों के मोबाइल फोन के डेटा का भी विश्लेषण किया है। इसके अलावा, उन लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है, जो आतंकी गतिविधियों में कथित संलिप्तता के चलते जेल में बंद थे और हाल ही में जमानत पर रिहा होकर आए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।