विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नाम, धर्म और हत्या... कश्मीर में TRF की खतरनाक चाल; बड़े हमलों में नाकाम आतंकी बना रहे प्रवासियों को निशाना

Published: Sat, 01 Aug 2026 10:30 PM (IST)

कुलगाम में आतंकियों ने छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की धार्मिक पहचान पूछकर हत्या कर दी, जिसकी जिम्मेदारी टीआरएफ ने ली है।

बड़े हमलों में नाकाम आतंकी बना रहे प्रवासियों को निशाना। फोटो जागरण

बड़े हमलों में नाकाम आतंकी बना रहे प्रवासियों को निशाना। फोटो जागरण

HighLights

  1. कुलगाम में श्रमिकों की धार्मिक पहचान पूछकर हत्या।

  2. टीआरएफ ने ली जिम्मेदारी, भय व विभाजन फैलाना उद्देश्य।

  3. आतंकियों की नई रणनीति, गैर-स्थानीय लोगों को निशाना।

नवीन नवाज, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में शुक्रवार रात आतंकियों ने छत्तीसगढ़ से रोजी-रोटी कमाने आए दो श्रमिकों को निशाना बनाया। आतंकियों ने पहले उनका नाम पूछ उनके धर्म की पहचान की और उसके बाद निर्मम हत्या कर दी।

करीब 15 माह पहले पहलगाम में भी आतंकियों ने पर्यटकों से नाम और धर्म पूछकर उन्हें मौत के घाट उतारा था। दोनों घटनाओं की समानता यह बताती है कि आतंकी संगठन अब केवल हत्या नहीं कर रहे, बल्कि भय, विभाजन और सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की सुनियोजित रणनीति पर काम कर रहे हैं।

हमले की ली जिम्मेदारी

लश्कर-ए-तैयबा के हिट स्क्वाड के रूप में सक्रिय द रजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने इन हमलों की जिम्मेदारी लेकर संकेत दिया है कि घाटी में चुनिंदा हत्याओं के माध्यम से वह एक साथ कई संदेश देने का प्रयास कर रहा है। उसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर डर का वातावरण बनाना, कश्मीर में सामान्य होते हालात को प्रभावित करना और देश के विभिन्न हिस्सों में सामाजिक तनाव पैदा करना है।

कुलगाम हमला पांच अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाए जाने की वर्षगांठ और जारी श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान हुआ है। इसे आतंकी संगठनों की सोची-समझी टाइमिंग का हिस्सा माना जा रहा है।

कुलगाम हमले से करीब एक सप्ताह पहले अनंतनाग में टीआरएफ आतंकियों के हमले में एक पुलिसकर्मी बलिदान हुआ था। लगातार हुई इन घटनाओं की समय-सीमा भी आतंकियों की रणनीति की ओर इशारा करती है।

कश्मीर में किसी भी वर्ग को निशाना बनाने की क्षमता

रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, पहलगाम और कुलगाम में हत्या से पहले नागरिकों की धार्मिक पहचान पूछना और उसके बाद गैर-स्थानीय श्रमिकों को निशाना बनाना आतंकियों की बदलती रणनीति को दर्शाता है। उनका उद्देश्य अपनी कमजोर होती स्थिति के बावजूद यह संदेश देना है कि वे अब भी कश्मीर में किसी भी वर्ग को निशाना बनाने की क्षमता रखते हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि बीते कुछ समय से दबाव में आए आतंकी संगठन अब बड़े हमलों के बजाय ऐसी लक्षित वारदातों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिनका मनोवैज्ञानिक प्रभाव व्यापक हो और जिन्हें मीडिया में अधिक स्थान मिले। इससे वे कम संसाधनों में अधिक भय पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।

‘हमला करो और बच निकलो’ वाली रणनीति

पहलगाम हमले और आपरेशन सिंदूर के बाद जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकी नेटवर्क और नियंत्रण रेखा के पार बैठे उनके हैंडलर दबाव में हैं। उन्हें यह भी पता है कि कोई बड़ी आतंकी वारदात भारत को कड़ी सैन्य प्रतिक्रिया का अवसर दे सकती है। यही कारण है कि लंबे अंतराल के बाद आतंकी संगठनों ने सीधे बड़े हमलों की जगह ‘हमला करो और बच निकलो’ वाली रणनीति अपनाई है।

इस रणनीति के तहत वे हाइब्रिड आतंकियों और नए भर्ती किए गए स्थानीय युवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनके निशाने पर स्थानीय सुरक्षाकर्मी, देश के विभिन्न हिस्सों से कश्मीर आए श्रमिक और घाटी में रह रहे अल्पसंख्यक समुदाय के लोग हैं।

कश्मीर की आर्थिक गतिविधियों पर पड़ेगा असर

सुरक्षाबलों में तैनात स्थानीय कर्मियों को निशाना बनाकर आतंकी स्थानीय सुरक्षा तंत्र में भय पैदा करना चाहते हैं। वहीं गैर-स्थानीय श्रमिकों की हत्या के पीछे उनका उद्देश्य कश्मीर से बाहर भी असुरक्षा का माहौल बनाना है।

यदि हत्या से पहले धार्मिक पहचान पूछी जाती है तो इसके जरिए सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश की जाती है, जिसका असर सामाजिक सद्भाव और कश्मीर की आर्थिक गतिविधियों पर पड़ सकता है।

गैर-स्थानीय श्रमिकों को निशाना बनाकर आतंकी एक और खतरनाक नैरेटिव फैलाने का प्रयास करते हैं कि बाहरी लोग कश्मीर के सामाजिक और जनसांख्यिकीय स्वरूप को बदलने आए हैं। यह प्रचार उनकी लंबे समय से चली आ रही विभाजनकारी सोच का हिस्सा है।

लश्कर-ए-तैयबा ने टीआरएफ के कैडर का इस्तेमाल

कश्मीर मामलों के जानकारों के अनुसार, आतंकी संगठन अब ‘कम लागत में अधिक प्रभाव’ वाली रणनीति पर आगे बढ़ रहे हैं। इसके तहत वे नियमित अंतराल पर ऐसी घटनाओं को अंजाम देना चाहते हैं जो भय का वातावरण बनाए रखें।

टीआरएफ, पीएएफएफ, गजनवी फोर्स, कश्मीर टाइगर्स जैसे मुखौटा संगठनों के माध्यम से वे स्थानीय आतंकियों को अलग पहचान देने और पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद से ध्यान भटकाने की कोशिश करते हैं।

हाल की घटनाओं में भी लश्कर-ए-तैयबा ने टीआरएफ के कैडर का इस्तेमाल इसी रणनीति के तहत किया है। आने वाले समय में लक्षित हत्याओं की चुनौती बनी रह सकती है, क्योंकि ऐसी वारदातों के लिए आतंकी बड़े नेटवर्क के बजाय छोटे मॉड्यूल, हाइब्रिड आतंकियों और नए भर्ती किए गए लोगों का सहारा लेते हैं।

इसलिए सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती केवल आतंकियों का सफाया करना नहीं, बल्कि उस पूरे नेटवर्क और वैचारिक तंत्र को ध्वस्त करना है जो ऐसी घटनाओं को जन्म देता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।