कुलगाम आतंकी हमले के बाद सुरक्षाबलों का बड़ा एक्शन, कई संदिग्ध हिरासत में; पूरी कश्मीर घाटी में हाई अलर्ट
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सीआरपीएफ चौकी पर आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया ...और पढ़ें

कुलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद श्रीनगर शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। (फोटो- जागरण/साहिल मीर)
HighLights
कुलगाम आतंकी हमले के बाद कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
श्रीनगर समेत संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई।
हमलावरों की तलाश में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी है।
डिजिटल डेस्क, जम्मू। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में CRPF पर हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
हमले के बाद श्रीनगर में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। घाटी में सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और संवेदनशील इलाकों में निगरानी तेज कर दी गई है।
कुलगाम आतंकी हमले में तीन जवान घायल
कुलगाम आतंकी हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए थे। बुधवार को आतंकवादियों ने दक्षिण कश्मीर के इस जिले में CRPF की चौकी पर गोलीबारी की, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए।
इसके बाद सुरक्षा बलों ने हमलावरों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया।
कुलगाम में तीसरे दिन भी तलाशी अभियान
शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन भी यह तलाशी अभियान जारी रहा और सुरक्षा बल पूरे जिले में पूरी तरह सतर्क हैं। कई जगहों पर बैरिकेड लगाए गए हैं और बख्तरबंद गाड़ियां तैनात की गई हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इलाके में सुरक्षा बलों ने निगरानी बढ़ा दी है, जिसके तहत सुरक्षा चौकियों पर वाहनों को रोककर उनकी तलाशी ली जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियां आतंकवादियों का सुराग लगाने के लिए मानवीय और तकनीकी खुफिया जानकारी का भी इस्तेमाल कर रही हैं।
पूछताछ के लिए कई संदिग्ध हिरासत में
उन्होंने बताया कि जांच के सिलसिले में पुलिस ने पूछताछ के लिए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेने और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करने के लिए घटनास्थल का दौरा किया।
घाटी के अन्य हिस्सों में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। श्रीनगर और कश्मीर के अन्य जिलों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान वाहनों की रैंडम जांच कर रहे हैं।