विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुलगाम आतंकी हमले के गुनहगारों के करीब पहुंची एजेंसियां, जल्द पकड़े जाएंगे आरोपी; CRPF के स्पेशल DG का बड़ा दावा

Published: Mon, 16 Nov 2026 12:33 PM (IST)

सुरक्षा एजेंसियों को कुलगाम आतंकी हमले के आरोपियों तक पहुंचने के अहम सुराग मिले हैं, जल्द ही दोषियों को न्याय ...और पढ़ें

दक्षिण कश्मीर में जारी हैं आतंकरोधी अभियान। (फाइल फोटो)

दक्षिण कश्मीर में जारी हैं आतंकरोधी अभियान। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. कुलगाम हमले के दोषियों तक पहुंचने के अहम सुराग मिले हैं।

  2. दक्षिण कश्मीर में आतंकरोधी अभियान लगातार जारी, सुरक्षा बल सतर्क।

  3. सीआरपीएफ बलिदानियों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है हमेशा।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कुलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले के आरोपियों तक पहुंचने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही हमले में शामिल लोगों को पकड़कर न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। यह दावा सीआरपीएफ के जम्मू-कश्मीर जोन के स्पेशल डायरेक्टर जनरल संदीप खिरवार ने सोमवार को किया।

श्रीनगर के सोनवार स्थित शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में सीआरपीएफ टी-20 कप के चौथे संस्करण का उद्घाटन करने पहुंचे खिरवार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी उभरती चुनौती से निपटने के लिए तैयार हैं। उन्होंने बताया कि दक्षिण कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ अभियान जारी हैं, हालांकि सुरक्षा कारणों से उन्होंने ऑपरेशन से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की।

खिरवार ने कहा कि सीआरपीएफ नागरिक प्रशासन, सरकार और जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ मिलकर काम कर रही है, ताकि सुरक्षा से जुड़ी शेष चुनौतियों का समाधान किया जा सके। बदलते मौसम और जलवायु परिस्थितियों से पैदा होने वाली चुनौतियों पर भी सुरक्षा बल अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर नजर रख रहे हैं।

100 से अधिक टीमों ने दिखाई रुचि, 16 को मिला मौका

सीआरपीएफ टी-20 कप के चौथे संस्करण के उद्घाटन के दौरान उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए 100 से अधिक टीमों ने आवेदन किया था, लेकिन सीमित क्षमता के चलते 16 टीमों का चयन किया गया।

उन्होंने इसे स्थानीय युवाओं की खेलों में बढ़ती रुचि का प्रमाण बताया। खिरवार के अनुसार, युवा देश के दूसरे हिस्सों की तरह यहां भी खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहते हैं और सामान्य जीवन जी रहे हैं।

बलिदानियों के परिवारों के साथ खड़ी है सीआरपीएफ

हालिया हादसे में घायल सीआरपीएफ जवानों के स्वास्थ्य पर उन्होंने बताया कि सभी की हालत स्थिर है और 92 बेस अस्पताल में उन्हें उचित उपचार मिला है। इनमें से दो जवानों को आगे के इलाज के लिए दिल्ली भेजा गया है, जहां उनकी स्थिति बेहतर है।

खिरवार ने किश्तवाड़ में सुरक्षा कर्मियों के बलिदान पर दुख जताते हुए कहा कि हर जवान का खोना बल के लिए बड़ी क्षति है। सीआरपीएफ बलिदानियों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।