विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब में मिला जम्मू-कश्मीर के मजदूर का शव, 7 बहनों का इकलौता भाई था ऐजाज; हत्या की आशंका पर परिजनों का प्रदर्शन

Published: Mon, 19 Oct 2026 04:16 PM (IST)

दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग के 28 वर्षीय मजदूर ऐजाज अहमद डार का शव पंजाब में मिलने के बाद परिवार और ...और पढ़ें

कश्मीर के ऐजाज का पंजाब में मिला शव। (फाइल फोटो)

कश्मीर के ऐजाज का पंजाब में मिला शव। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. पंजाब में मिला कोकरनाग के लापता मजदूर ऐजाज अहमद डार का शव।

  2. परिवार और स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए प्रदर्शन किया।

  3. निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की गई।

राज्य ब्यूरो, जागरण, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग इलाके के एक 28 वर्षीय मजदूर का शव पंजाब में मिलने के बाद उसके परिवार और स्थानीय लोगों ने मौत की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। मृतक की पहचान हॉलपोरा, गडूल के दरपोरा निवासी ऐजाज अहमद डार के रूप में हुई है। सोमवार को शव गांव पहुंचने के बाद परिजनों और स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने आशंका जताई कि ऐजाज की हत्या की गई है और पुलिस से मामले की तह तक जाने की मांग की।

अधिकारियों के अनुसार, ऐजाज अहमद डार के घर से मजदूरी के लिए निकलने के बाद उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों द्वारा 26 सितंबर को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। परिवार के मुताबिक, ऐजाज काम की तलाश में पहले श्रीनगर गया था, जहां वह करीब 10 दिन तक रहा। इसके बाद वह रोजगार की तलाश में लुधियाना चला गया।

परिजनों ने बताया कि लुधियाना जाने के बाद भी करीब एक सप्ताह तक उनकी ऐजाज से फोन पर नियमित बातचीत होती रही। लेकिन अचानक उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। इसके बाद परिवार के सदस्य उससे संपर्क नहीं कर सके। काफी समय तक कोई जानकारी नहीं मिलने से परिजन उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित थे।

सितंबर से लापता था ऐजाज

ऐजाज की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों के अनुसार, वह सात बहनों का भाई था। परिवार ने शव की हालत, विशेषकर चेहरे के खराब होने पर चिंता जताई और मौत के पीछे की परिस्थितियों की गहन जांच की मांग की।

उनका कहना है कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि ऐजाज की मौत कैसे और किन हालात में हुई। परिजनों ने मामले में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी की मांग भी उठाई।

17 अक्टूबर को भी सड़क पर उतरे थे लोग

ऐजाज का पता नहीं चलने पर 17 अक्टूबर को भी हॉलपोरा के निवासियों और उसके परिवार ने प्रदर्शन किया था। उस समय प्रदर्शनकारियों ने उसकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए उसे जल्द तलाशने की मांग की थी। कोकरनाग के एसडीपीओ और थाना प्रभारी के हस्तक्षेप तथा आश्वासन के बाद प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हुआ था।

आज 19 अक्टूबर सोमवार को शव गांव पहुंचने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने कोकरनाग पुलिस थाने के बाहर दोबारा प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मौत को हत्या बताते हुए मामले की गहन जांच और जिम्मेदार लोगों की पहचान करने की मांग की।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच को निष्कर्ष तक पहुंचाया जाएगा। हत्या में शामिल आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांतिपूर्वक वहां से हट गए। फिलहाल, ऐजाज की मौत के कारणों और घटना से जुड़ी परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच के निष्कर्ष का इंतजार है।

कश्मीर: पुलवामा में महिला की निर्मम हत्या, धारदार हथियार से रेता गला; बेटा नमाज पढ़ने गया था