श्रीनगर दौरे पर किरेन रिजिजू, नर्सिंग कॉलेज समेत कई परियोजनाओं की सौगात दी; J&K वक्फ बोर्ड के काम से गदगद हुए
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिनमें बीबी हलीमा नर्सिंग कॉलेज और हजरतबल दरगाह में प्रार्थना कक्ष शामिल हैं।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड के प्रमुख की सराहना की। (फोटो- जागरण/साहिल मीर)
HighLights
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने श्रीनगर में परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
बीबी हलीमा नर्सिंग कॉलेज, प्रार्थना कक्ष, गेस्ट हाउस शामिल हैं।
जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ बताया।
डिजिटल डेस्क, जम्मू। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू सोमवार कोश्रीनगर पहुंचे। इस दौरान जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें बीबी हलीमा नर्सिंग कॉलेज का निर्माण, हजरतबल दरगाह परिसर में महिलाओं के लिए प्रार्थना कक्ष, एक गेस्ट हाउस और एक संग्रहालय शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड देश के सभी वक्फ बोर्डों में सबसे सक्रिय और बेहतरीन ढंग से प्रबंधित बोर्ड है, जिसने बहुत शानदार काम किया है।
उन्होंने कहा, 'इसे जिस तरह के डिजाइन, गुणवत्ता और फिनिशिंग के साथ बनाया गया है, वह तो बेहतरीन है ही, साथ ही यहां का माहौल भी इतना सुंदर है कि जो कोई भी यहां दुआ या नमाज अदा करेगा, उसे अपनी प्रार्थनाओं का जवाब मिलेगा और मन को शांति मिलेगी।'
निर्माण की खूबसूरती और गुणवत्ता की रिजिजू ने की सराहना
रिजिजू ने कहा, 'इसे बहुत ही खूबसूरती से बनाया गया है। जैसा कि मैंने कहा, यह न केवल जम्मू-कश्मीर के लिए, बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व की बात है कि यहां इतना अच्छा काम हुआ है।'
रिजिजू ने उपराज्यपाल और जम्मू-कश्मीर प्रशासन का जताया आभार
रिजिजू ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के प्रशासन और जम्मू-कश्मीर सरकार को धन्यवाद दिया कि उन्होंने जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की चेयरपर्सन दरख्शां अंद्राबी को पूरा सहयोग दिया। उन्होंने अंद्राबी को एक बहुत ही साहसी व्यक्तित्व बताया।
उन्होंने आगे कहा, 'जम्मू-कश्मीर को पूरी तरह से विकसित बनाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का सपना और लक्ष्य है। हम जो काम कर रहे हैं और हमारी चेयरपर्सन अंद्राबी जी जो काम कर रही हैं, उन सबका मकसद प्रधानमंत्री मोदी जी के 'विकसित भारत' और 'विकसित जम्मू-कश्मीर' के सपने को पूरा करना है।'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।