सर्दियों में कश्मीर घूमने का बना रहे हैं प्लान, बर्फ के साथ मिलेगा एडवेंचर का डबल डोज; जानें क्या-क्या है खास
कश्मीर पर्यटन विभाग सर्दियों के मौसम में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए कई कार्यक्रमों और साहसिक खेलों का आयोजन ...और पढ़ें

गुलमर्ग की अफरावत पीक पर बर्फबारी का आनंद लेते पर्यटक । (फोटो- जागरण/साहिल मीर)
HighLights
पर्यटन विभाग सर्दियों में पर्यटकों को आकर्षित करने की तैयारी में।
16 नवंबर को 'हरूद' पतझड़ कार्यक्रम का होगा आयोजन।
स्कीइंग, स्नोबोर्डिंग जैसे साहसिक खेलों पर विशेष जोर।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। चिनार के पेड़ों पर जर्द पत्ते, हरी घास पर बिछी इन पत्तों की कालीन, खुश्क हवाएं और बर्फ की चादर ओढ़े पहाड़ व वादियां... घाटी इन दिनों सर्दियों के मौसम का तमाम हुस्न समेटे हुए है। ऐसे में इन अद्भुत दृश्यों को देखने के लिए जहां बड़ी संख्या में पर्यटक घाटी का रुख कर रहे हैं, वहीं पर्यटन विभाग भी पर्यटकों को यहां आकर्षित करने के लिए कई कार्यक्रमों और एडवेंचर स्पोर्ट्स के आयोजन की तैयारी कर रहा है।
कश्मीर पर्यटन विभाग के निदेशक सैयद कमर सज्जाद ने कहा कि विभाग पर्यटकों के स्वागत और सर्दियों के दौरान, खासकर नए साल के जश्न के आसपास, कई तरह के कार्यक्रम आयोजित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने बताया कि विभाग 16 नवंबर को 'हरूद' नाम से पतझड़ का एक विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसका उद्देश्य कश्मीर की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और बदलते मौसम का घाटी के जनजीवन पर पड़ने वाले प्रभाव को प्रदर्शित करना है।
चिनार के सुनहरे पत्तों से बदल जाता है घाटी का नजारा
उन्होंने कहा कि घाटी की सांस्कृतिक और प्राकृतिक सुंदरता में पतझड़ का एक खास स्थान है। खासकर फसल कटाई के मौसम में चिनार के पेड़ सुनहरे पत्तों से पूरे माहौल को बदल देते हैं। सज्जाद ने कहा, 'इस मौसम में जब आप चिनार के बगीचे में जाते हैं, तो ऐसा लगता है मानो हर तरफ सोना बिखरा हुआ हो। यह सुनहरा रंग बेहद खूबसूरत माहौल बनाता है और पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र होता है।'
उन्होंने कहा कि पर्यटक पहले घाटी की हरियाली देखते हैं और बाद में उसी नजारे को सुनहरे रंग में बदलते हुए देखते हैं। सर्दियों के पर्यटन की तैयारियों के बारे में उन्होंने बताया कि विभाग पर्यटन से जुड़े एक-दो टूर्नामेंट आयोजित करने की योजना बना रहा है। इनमें स्कीइंग पर विशेष जोर दिया जाएगा, जो इस क्षेत्र के सबसे लोकप्रिय एडवेंचर स्पोर्ट्स में से एक है।
स्नोबोर्डिंग और स्नो रेस से बढ़ेगा रोमांच
उन्होंने कहा कि कश्मीर में विंटर टूरिज्म और एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए स्नोबोर्डिंग प्रतियोगिताएं और स्नो रेस भी आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा, 'हमारी कोशिश है कि कश्मीर में विंटर टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म को ज्यादा से ज्यादा बढ़ावा दिया जाए। हम इस मौसम में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए कई तरह की खेल गतिविधियां और कार्यक्रम आयोजित करना चाहते हैं।'
सज्जाद ने बताया कि विंटर स्पोर्ट्स के शौकीनों के लिए सुविधाएं बेहतर बनाने के मकसद से ड्रैग लिफ्ट की मरम्मत की गई है। उम्मीद है कि इस सर्दी में गंगोरी की ड्रैग लिफ्ट भी पूरी तरह चालू हो जाएगी। इससे पर्यटकों और एडवेंचर स्पोर्ट्स के शौकीनों को एक अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
पर्यटकों को कश्मीर में मिलेंगे कई नए अनुभव
उन्होंने कहा कि विभाग विंटर टूरिज्म के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और पर्यटन गतिविधियों में विविधता लाने की कोशिश कर रहा है, ताकि पर्यटक घाटी की प्राकृतिक सुंदरता के अलावा भी कई तरह के अनुभव ले सकें।
आने वाले सीजन को लेकर भरोसा जताते हुए सज्जाद ने कहा कि एडवेंचर स्पोर्ट्स, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, बेहतर सुविधाओं और कश्मीर के खूबसूरत शीतकालीन नजारों का मेल ज्यादा पर्यटकों को आकर्षित करने में मदद करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह विंटर सीजन काफी सफल रहेगा और कश्मीर में पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।