कश्मीर में कड़ाके की ठंड शुरु, शोपियां में सीजन की सबसे ठंडी रात; माइनस 0.9 डिग्री पहुंचा पारा
Kashmir Weather: कश्मीर घाटी में 10 नवंबर से मौसम में बदलाव आने की संभावना है, जहां हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।

कश्मीर में 10 नवंबर से बर्फबारी के आसार। (फाइल फोटो)
HighLights
10 नवंबर से घाटी में मौसम में बदलाव की संभावना।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में हल्की बारिश।
किसानों और यात्रियों के लिए विशेष सलाह जारी की गई।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। घाटी में शुष्क मौसम के बीच ठंड का प्रकोप जारी है और न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु पर आने लगा है। इस बीच मौसम विभाग ने 10 नवंबर से मौसम में बदलाव घाटी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान लगाया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पश्चमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते 10 नवंबर से घाटी में मौसम के मिजाज तीखे बने रहेंगे और इस बीच घाटी के कई हिस्सों विशेषकर ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ हलकी बर्फबारी हो सकती है।
विभाग के अनुसार विक्षोभ का प्रभाव 15 नवंबर तक रहेगा। इस बीच मैदानी इलाकों में तो मौसम शुष्क रहेगा अलबत्ता आसमान बादलों से ढका रहेगा। अनुमानित बारिश और बर्फबारी से घाटी, खासकर पहाड़ी इलाकों में मौसम बदल सकता है। यहां तापमान में पहले से ही मौसमी बदलाव देखने को मिल रहा है।
किसानों के लिए सलाह
मौसम विज्ञान केंद्र ने किसानों को सलाह दी है कि वे 10 नवंबर तक कटाई और खेती के दूसरे काम जारी रखें और मौसम में होने वाले बदलाव से पहले कटी हुई फसलों को सुरक्षित रखें।
यात्रियों और ट्रांसपोर्टर्स को भी सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा उसी हिसाब से प्लान करें और ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें, खासकर ऊंचाई वाले रास्तों से यात्रा करते समय, जहां बर्फबारी होने पर सड़क की हालत खराब हो सकती है।
शोपियां में पारा माइनस 0.9 डिग्री पहुंचा
इधर, घाटी में आज भी मौसम शुष्क रहा। अलबत्ता इसके बीच ठंड का प्रकोप बराबर बना रहा। शोपियां में इस मौसम की सबसे ठंडी रात - 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई, जबकि पूरी घाटी में तापमान फ्रीजिंग पाइंट के आसपास बना रहा, जिसमें लद्दाख के लेह में सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
संबंधित विभाग के अनुसार, पुलवामा में न्यूनतम तापमान माइनस 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद पहलगाम में 0.0 डिग्री सेल्सियस और कुकरनाग में 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
घाटी के कई इलाकों में 2 डिग्री से नीचे रात का पारा
श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि काज़ीगुंड भी 2.0 डिग्री सेल्सियस पर रहा। कुपवाड़ा में 1.5 डिग्री सेल्सियस और गुलमर्ग में 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।श्रीनगर एयरपोर्ट पर 0.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि सोनमर्ग में 0.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
बडगाम और कोनिबल पंपोर में 1.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बारामूला में 3.7 डिग्री सेल्सियस, जबकि कुलगाम में 3.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।