'चिल्लेकलां' से 22 दिन पहले ही जमने लगा कश्मीर, श्रीनगर में मौसम की सबसे सर्द रात; इस दिन से बारिश-बर्फबारी के आसार
Jammu-Kashmir Weather Update: कश्मीर घाटी में चिलेकलां जैसी भीषण ठंड पड़ रही है, जहां श्रीनगर ने -2.4 डिग्री सेल्सियस के साथ इस सर्दी की सबसे ठंडी रात दर्ज की।

श्रीनगर ने इस सीजन की सबसे ठंडी रात गुजारी। (फोटो- जागरण/साहिल मीर)
HighLights
श्रीनगर में -2.4°C के साथ सबसे ठंडी रात दर्ज।
गुलमर्ग घाटी का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा (-3.3°C)।
4-10 दिसंबर के बीच बर्फबारी और बारिश की संभावना।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। सर्दियों का सबसे कठिन दौर कहलाने वाले चिल्लेकलां में अभी 22 दिन बाकी हैं। अलबत्ता, तापमान में लगातार गिरावट आने और न्यूनतम तापमान के जमाव बिंदु से नीचे चले जाने के कारण समूची घाटी में चिल्लेकलां जैसी ठंड पड़ रही है। शनिवार को घाटी के अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे बना रहा।
गुलमर्ग माइनस 3.3 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ घाटी का सबसे ठंडा क्षेत्र बना रहा, जबकि श्रीनगरवासियों ने माइनस 2.4 डिग्री सेल्सियस के साथ मौजूदा सर्दियों की अब तक की सबसे ठंडी रात गुजारी।
श्रीनगर में माइनस 2.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड
मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 2.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पिछली रात यहां का न्यूनतम तापमान माइनस 2.0 डिग्री सेल्सियस रहा था।
शोपियां में न्यूनतम तापमान माइनस 3.0, पहलगाम में माइनस 3.2, गुलमर्ग में माइनस 3.3, काजीगुंड में माइनस 2.4, कुपवाड़ा में माइनस 0.4 और कुलगाम में माइनस 0.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, कुकरनाग में न्यूनतम तापमान माइनस 2.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
अगले 24 घंटे भी घाटी में मौसम शुष्क रहने का अनुमान
इधर, शनिवार को श्रीनगर समेत घाटी के अधिकांश इलाकों में भीषण ठंड के बीच मौसम शुष्क रहा, जबकि आसमान बादलों से ढका रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान भी घाटी में मौसम शुष्क बना रहेगा। अलबत्ता, भीषण ठंड का प्रकोप लगातार जारी रहने की संभावना है।
4 दिसंबर से घाटी में बदलेगा मौसम
बता दें कि मौसम विभाग के अनुसार, एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 4 दिसंबर से 10 दिसंबर तक घाटी में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान अधिकांश इलाकों में ताजा बर्फबारी और बारिश हो सकती है। बता दें कि सर्दियों का सबसे कठिन दौर कहलाने वाला चिल्लेकलां 21 दिसंबर से शुरू होगा, जो 40 दिन तक रहेगा।