कश्मीर में सर्दी शुरू होते ही बिजली संकट गहराया, हर दिन 4,400 मेगावाट घंटे की भारी कमी; मार्च तक कैसे कटेंगी रातें?
कश्मीर घाटी में सर्दियों की शुरुआत के साथ ही बिजली का गंभीर संकट गहरा गया है, जहां मांग और आपूर्ति ...और पढ़ें

कश्मीर में ठंड बढ़ते ही गहराया बिजली संकट। (AI Generated)
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। घाटी में सर्दियों का मौसम बेशक पर्यटकों को आकर्षित करता है और वे बर्फ से ढके यहां के हसीन नजारों का लुत्फ उठाने के लिए खिंचे चले आते हैं, लेकिन स्थानीय लोगों के लिए यह मौसम कई तरह की चुनौतियां लेकर आता है। इनमें बिजली का संकट सबसे बड़ी चुनौती होती है।
सर्दियां शुरू होते ही यह संकट गहराने लगता है। बिजली की उपलब्धता लगभग उतनी ही रहती है, जबकि मांग बढ़ जाती है। नतीजतन, स्थानीय लोगों को भीषण ठंड में कई-कई घंटों की बिजली कटौती झेलनी पड़ती है। इस वर्ष भी स्थिति कुछ अलग नहीं है। ठंड के बीच स्थानीय उपभोक्ताओं को रोजाना 4,400 मेगावाट घंटे बिजली की कमी से जूझना पड़ रहा है।
घाटी में रोजाना 4,400 मेगावाट घंटे बिजली की कमी
बिजली विभाग के एक संबंधित अधिकारी ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि 24 घंटे में बिजली की वास्तविक मांग 34,400 मेगावाट घंटे रहती है। हालांकि, बिजली की उपलब्धता 29,000 से 31,000 मेगावाट घंटे के बीच घटती-बढ़ती रहती है। उन्होंने कहा कि करीब 4,400 मेगावाट घंटे की कमी है। इस वजह से उपभोक्ताओं को औसतन लगभग 150 मेगावाट बिजली की कमी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि विभाग के पास औसतन 1,280 मेगावाट बिजली उपलब्ध है, जबकि कुल जरूरत 1,435 मेगावाट है।
अधिकारी के अनुसार, हालिया बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आने से बिजली की मांग 50 मेगावाट बढ़ गई है। बर्फबारी से पहले विभाग 1,650 मेगावाट की पीक नॉन-सोलर पावर डिमांड का सामना कर रहा था, जो अब बढ़कर 1,700 मेगावाट हो गई है।
पीक आवर्स में 1,300 से 1,350 मेगावाट रहती है जरूरत
अधिकारी ने बताया कि इस साल सितंबर के तीसरे सप्ताह में घाटी में बिजली की मांग लगभग 1,350 मेगावाट थी। उन्होंने कहा, 'पीक आवर्स में यहां आमतौर पर बिजली की मांग 1,300 से 1,350 मेगावाट रहती थी। हालांकि, उस दौरान बिजली की उपलब्धता 1,000 से 1,150 मेगावाट के बीच घटती-बढ़ती रहती थी।'
अधिकारी ने कहा कि बिजली की आपूर्ति में उतार-चढ़ाव होता रहता है। इसलिए इसकी मांग और उपलब्धता भी समय-समय पर बदलती रहती है।
उन्होंने कहा, 'ऐसी स्थिति में विभाग के पास बिजली कटौती करने के अलावा कोई विकल्प नहीं होता।' उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिलने के संकेत नहीं देते हुए उन्होंने कहा कि स्थिति जस की तस बनी हुई है। मांग बढ़ रही है, जबकि बिजली की उपलब्धता सीमित है।
बर्फबारी से पहले ही बिजली कटौती शुरू
इधर, इस संकट के चलते उपभोक्ता बेहाल हैं। उनका आरोप है कि किसी भी सरकार ने इस समस्या को हल करने के लिए अब तक कोई ठोस नीति नहीं अपनाई है।
बशीर अहमद मला नाम के एक उपभोक्ता ने कहा, 'अभी नवंबर का ही महीना है। यहां अभी भारी बर्फबारी भी नहीं हुई है, लेकिन बिजली की भारी कटौती शुरू कर दी गई है।' उन्होंने कहा, 'गर्मियों में तो जैसे-तैसे हम बिजली कटौती सह लेते हैं, लेकिन ठंड में बिजली कटौती हमारे लिए किसी मुसीबत से कम नहीं होती।'
आदिल अहमद शेख नाम के एक अन्य उपभोक्ता ने कहा, 'बिजली की आंख-मिचौली का खेल शुरू हो गया है। अब तो हमें अगले साल मार्च-अप्रैल तक दिन और रात का ज्यादातर समय अंधेरे में ही गुजारना पड़ेगा।'
शेख ने नाराजगी जताते हुए कहा, 'बिजली के भारी-भरकम बिल हमसे वसूले जाएंगे, लेकिन अगले कई महीनों तक 24 घंटे में एक-आध बार ही बिजली के दर्शन होंगे।'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।