कश्मीर में विदेशी खेल रहे गोल्फ, पर स्थानीय युवाओं में घट रही दिलचस्पी; अब पर्यटन विभाग ने बनाया नया प्लान
कश्मीर पर्यटन विभाग युवाओं और स्थानीय लोगों के बीच गोल्फ को लोकप्रिय बनाने के लिए पहल कर रहा है। विश्व ...और पढ़ें

कश्मीर के गोल्फ मैदानों में अब दिखेंगे स्थानीय बच्चे। (फाइल फोटो)
HighLights
पर्यटन विभाग युवाओं में गोल्फ को लोकप्रिय बना रहा है।
टूर्नामेंट और प्रशिक्षण कार्यक्रमों से स्थानीय प्रतिभाएं निखरेंगी।
गुलमर्ग से श्रीनगर तक गोल्फ सुविधाओं का उपयोग बढ़ेगा।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कश्मीर की खूबसूरत वादियों में गोल्फ खेलने के लिए विश्वभर से पर्यटक पहुंचते हैं, लेकिन हैरानी की बात है कि यह खेल स्थानीय लोगों, खासकर युवाओं के बीच अपनी पहचान नहीं बना पाया है। अब इस स्थिति को बदलने के लिए पर्यटन विभाग ने गोल्फ को आम लोगों तक पहुंचाने और नई पीढ़ी को इससे जोड़ने की पहल शुरू की है।
गुलमर्ग गोल्फ कोर्स में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पर्यटन निदेशक कश्मीर कमर सज्जाद ने इस पर चिंता जताते हुए कहा कि घाटी में गोल्फ धीरे-धीरे स्थानीय लोगों के बीच अपनी लोकप्रियता खो रहा है। उन्होंने कहा कि कश्मीर में विश्वस्तरीय गोल्फ सुविधाएं मौजूद होने के बावजूद यह खेल समाज के एक सीमित वर्ग तक ही सिमटा हुआ है।
बच्चों को गोल्फ से जोड़ने के लिए खरीदी गईं किट
सज्जाद ने बताया कि पर्यटन विभाग जम्मू-कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में गोल्फ टूर्नामेंट आयोजित कर रहा है, ताकि लोगों को इस खेल से परिचित कराया जा सके। खासतौर पर बच्चों को गोल्फ की ओर आकर्षित करने के लिए गोल्फ किट खरीदी गई हैं और प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की योजना है। इसका उद्देश्य भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए स्थानीय प्रतिभाओं को तैयार करना है।
उन्होंने श्रीनगर के कश्मीर गोल्फ कोर्स, रॉयल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स, पहलगाम और गुलमर्ग गोल्फ कोर्स का जिक्र करते हुए कहा कि ये सुविधाएं गोल्फ पर्यटन और स्थानीय भागीदारी को बढ़ावा देने की बड़ी क्षमता रखती हैं।
पर्यटन निदेशक ने कहा कि इस वर्ष कैडियों के लिए टूर्नामेंट शुरू किया गया है, जबकि अगले साल पूरी तरह प्रायोजित प्रतियोगिता आयोजित करने की योजना है, जिसमें नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। उन्होंने कैडियों को गोल्फ की रीढ़ बताते हुए उनके योगदान को उचित पहचान देने पर जोर दिया।
पर्यटन संपत्तियों के रखरखाव और पर्यावरण पर भी चिंता
सज्जाद ने पर्यटन से जुड़े बुनियादी ढांचे के उचित रखरखाव की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि वर्षों में कई संपत्तियां विकसित की गईं, लेकिन उनके रखरखाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। साथ ही पॉलीथिन के इस्तेमाल को हतोत्साहित करने और पर्यावरण के अनुकूल कैरी बैग के लिए शुल्क निर्धारित करने का सुझाव दिया, ताकि जिम्मेदार व्यवहार को बढ़ावा मिले।
उन्होंने कश्मीर की मेहमाननवाजी और होटल व्यवसायियों सहित पर्यटन से जुड़े लोगों द्वारा पर्यटकों को दिए जाने वाले व्यक्तिगत ध्यान को इस क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकतों में शामिल बताया। इसके अलावा गुलमर्ग विकास प्राधिकरण की ओर से पहले आयोजित गोल्फ प्रतियोगिताओं को दोबारा शुरू करने पर जोर देते हुए अधिकारियों से ऐसे आयोजनों की सूची तैयार करने को कहा।
अब विभाग की कोशिश है कि कश्मीर की पहचान केवल गोल्फ के खूबसूरत मैदानों तक सीमित न रहे, बल्कि यहां के स्थानीय बच्चे और युवा भी इस खेल में अपनी प्रतिभा दिखाएं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।