विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहलगाम हमले के बाद कश्मीर में पर्यटन की दमदार वापसी, 7 महीने में टूटा 2025 का रिकॉर्ड; अब विंटर के लिए बुकिंग तेज

Published: Sat, 28 Nov 2026 06:52 PM (GMT+05:30)

J&K Tourism Boom: कश्मीर में पर्यटन क्षेत्र ने 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के बाद शानदार वापसी की है, जहाँ 2026 के पहले सात महीनों में 12.45 लाख पर्यटक आए, जो पिछले वर्ष की तुलना में 49.6% अधिक है।

कश्मीर घूमने पहुंचे 12.45 लाख पर्यटक; पिछले साल से 49.6% ज्यादा। (फोटो- जागरण/साहिल मीर)

कश्मीर घूमने पहुंचे 12.45 लाख पर्यटक; पिछले साल से 49.6% ज्यादा। (फोटो- जागरण/साहिल मीर)

HighLights

  1. 2026 के पहले सात महीनों में 12.45 लाख पर्यटक कश्मीर पहुंचे।

  2. पिछले वर्ष की तुलना में पर्यटकों की संख्या में 49.6% वृद्धि।

  3. पहलगाम आतंकी हमले के बाद कश्मीर पर्यटन की शानदार वापसी।

रजिया नूर, श्रीनगर। पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद घाटी में पैदा हुई स्थिति को देखते हुए ऐसा लग रहा था कि इस घटना से बुरी तरह प्रभावित पर्यटन क्षेत्र को संभलने में शायद कई साल लग जाएंगे, लेकिन प्रशासन और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के प्रयासों की बदौलत यह क्षेत्र न केवल पूरी तरह पटरी पर लौट आया है, बल्कि इस साल के पहले सात महीनों में ही यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या पिछले साल के पूरे आंकड़े को पार कर गई है। सर्दियों में घाटी की खूबसूरती निहारने के लिए भी बड़ी संख्या में पर्यटकों ने एडवांस बुकिंग करवा रखी है।

हालांकि, पिछले साल की तुलना में इस साल पर्यटकों की संख्या में कितनी बढ़ोतरी हुई है, पर्यटन विभाग ने फिलहाल इसके आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए हैं। अलबत्ता, एक रिसर्च स्कॉलर की ओर से इस संबंध में किए गए शोध में सामने आया है कि वर्ष 2026 के पहले सात महीनों में 12.45 लाख पर्यटकों ने घाटी की सैर की। यह संख्या पिछले साल यानी 2025 की इसी अवधि के मुकाबले 49 प्रतिशत अधिक है।

2026 की शुरुआत से ही कश्मीर के पर्यटन क्षेत्र में दिखी तेजी

गुरु काशी यूनिवर्सिटी के डिपार्टमेंट ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर तैनात डॉ. सज्जाद अहमद मीर की ओर से प्रकाशित एक रिसर्च पेपर के अनुसार, घाटी के पर्यटन उद्योग के लिए वर्ष 2026 की शुरुआत अच्छी रही। इस साल के पहले सात महीनों में ही यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या वर्ष 2025 में दर्ज कुल पर्यटकों की संख्या से अधिक हो गई।

'टूरिज्म इंडस्ट्री इन कश्मीर, इंडिया: ए सेकेंडरी डेटा एनालिसिस ऑफ टूरिस्ट फ्लो, इकोनॉमिक कंट्रीब्यूशन, रेजिलिएंस एंड सस्टेनेबिलिटी चैलेंजेज' नाम की इस स्टडी में बताया गया है कि जनवरी से जुलाई 2026 के बीच घाटी में 12.45 लाख पर्यटक आए। यह संख्या पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 49.6 प्रतिशत अधिक है।

पहलगाम हमले के बाद पर्यटन क्षेत्र को लगा था बड़ा झटका

पर्यटकों की संख्या में यह बढ़ोतरी 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद आई भारी गिरावट के बाद दर्ज की गई है। इस हमले के बाद घाटी में हालात तनावपूर्ण हो गए थे और पर्यटकों की आमद पर भी इसका असर पड़ा था।

रिसर्च पेपर के अनुसार, वर्ष 2024 में घाटी में 29.87 लाख पर्यटक आए थे, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इस साल को घाटी के लिए बंपर टूरिज्म ईयर माना गया। हालांकि, अगले साल यानी 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद पैदा हुए हालात के चलते यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या 62.6 प्रतिशत घटकर 11.16 लाख रह गई।

पेपर में बताया गया है कि वर्ष 2021 से घाटी आने वाले 97 प्रतिशत से अधिक पर्यटक घरेलू रहे हैं, जबकि विदेशी पर्यटकों की संख्या घरेलू पर्यटकों के मुकाबले काफी कम रही है। वर्ष 2025 में विदेशी पर्यटकों की आमद 2019 के स्तर से भी 30.3 प्रतिशत कम थी।

स्टडी में घाटी में तेजी से बढ़ते होमस्टे सेक्टर का भी जिक्र किया गया है। इसके अनुसार, पंजीकृत होमस्टे की संख्या 1,485 से बढ़कर 2,350 हो गई है।

पांच लाख लोगों की आजीविका का सहारा है पर्यटन क्षेत्र

स्टडी के अनुसार, घाटी में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन इस उद्योग को सही तरीके से आगे बढ़ाने में कई चुनौतियां भी हैं। पेपर में कहा गया है कि पर्यटन उद्योग घाटी की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है। यह ग्रॉस स्टेट डोमेस्टिक प्रोडक्ट (GSDP) में करीब सात प्रतिशत का योगदान देता है और प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से लगभग पांच लाख लोगों की आजीविका का साधन है।

ऐसे में पर्यटन उद्योग को विकसित करने के लिए केवल ठहरने की सुविधाएं बढ़ाना ही काफी नहीं है, बल्कि पर्यटकों को सुरक्षा, आवास, खानपान और परिवहन जैसी बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध करानी होंगी। इससे पर्यटकों का अनुभव बेहतर होगा और वे घाटी की यात्रा से पूरी तरह संतुष्ट होकर लौट सकेंगे।

समर टूरिज्म के बाद विंटर टूरिज्म को लेकर भी विभाग उत्साहित

इस शोध पर पर्यटन विभाग का कहना है कि इसमें पर्यटन से जुड़े जो भी आंकड़े सामने आए हैं, वे सकारात्मक हैं। विभाग के निदेशक कमर सज्जाद ने कहा कि एक बात साफ है कि घाटी में पर्यटक आ रहे हैं और बड़ी संख्या में आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र को पूरी तरह विकसित करने और अधिक से अधिक पर्यटकों को घाटी की ओर आकर्षित करने के लिए विभाग गंभीरता से प्रयास कर रहा है। इस साल समर टूरिज्म काफी अच्छा रहा है और विंटर टूरिज्म को लेकर भी विभाग सकारात्मक है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि क्रिसमस और नववर्ष के अवसर पर भी बड़ी संख्या में पर्यटक घाटी पहुंचेंगे। पर्यटकों के मनोरंजन के लिए गुलमर्ग और अन्य पर्यटन स्थलों पर गाला इवेंट आयोजित किए जा रहे हैं।

कमर सज्जाद ने कहा कि आने वाले दिनों में अच्छी बर्फबारी की भी उम्मीद है। मौसम विभाग ने भी इसके संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की कोशिश है कि पर्यटकों के लिए ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे वे घाटी में आकर अपने हर पल का आनंद ले सकें।



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।