विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बचो, वारदात छोड़ो और नए लड़के भर्ती करो...', कश्मीर में आकाओं ने बदली रणनीति, लतीफ बट के फोन से बड़ा खुलासा

Published: Fri, 20 Nov 2026 05:35 PM (IST)

लतीफ बट के फोन से खुलासा हुआ है कि कश्मीर में आतंकवाद की रणनीति बदल गई है, जिसमें सीमा पार के आका अब बड़ी वारदातों के बजाय स्थानीय नेटवर्क के विस्तार और नए लड़कों की भर्ती पर जोर दे रहे हैं।

कश्मीर में आतंकवाद को जिंदा रखने की नई साजिश, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क। (AI Generated)

कश्मीर में आतंकवाद को जिंदा रखने की नई साजिश, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क। (AI Generated)

HighLights

  1. लतीफ बट के फोन से नई आतंकी रणनीति का खुलासा हुआ।

  2. बड़ी वारदातों के बजाय स्थानीय युवाओं की भर्ती पर जोर।

  3. कश्मीर में सूचीबद्ध स्थानीय सक्रिय आतंकियों की संख्या शून्य।

नवीन नवाज, श्रीनगर। कश्मीर में आतंकवाद को जिंदा रखने के लिए सीमा पार बैठे आकाओं ने रणनीति बदल दी है। अब बड़ी वारदातों के बजाय स्थानीय नेटवर्क के विस्तार और नए लड़कों की भर्ती पर जोर है। कुलगाम में मारे गए लश्कर कमांडर मोहम्मद लतीफ अहमद बट के मोबाइल फोन से मिले डेटा और पाकिस्तानी हैंडलरों के साथ चैट से यह खुलासा हुआ है। उसे निर्देश थे कि 'बचो, वारदात छोड़ो, नए लड़के भर्ती करो' यानी वह खुद को सुरक्षित रखे, बड़ी वारदातों से बचे और अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं को आतंकी नेटवर्क से जोड़े।

उसने कथित तौर पर छह नए लड़कों का माड्यूल भी तैयार कर लिया था। उधर, एलओसी पार लांचिंग पैड पर करीब 100 आतंकियों की मौजूदगी और घुसपैठ की तैयारी केे खुफिया एलर्ट के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर घुसपैठरोधी तंत्र की समीक्षा करते हुए चौकसी और बढ़ा दी है।

लतीफ बट के मारे जाने के बाद घाटी में सूचीबद्ध स्थानीय सक्रिय आतंकियों की संख्या शून्य हो गई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के अनुसार, वर्ष 1989 में आतंकवाद शुरू होने के बाद यह पहली बार है जब घाटी में कोई सूचीबद्ध स्थानीय आतंकी सक्रिय नहीं बचा है। इससे पहले उमर निसार डार समेत कई स्थानीय आतंकी मारे जा चुके हैं।

स्थानीय कैडर का लगभग सफाया

सीमा पार बैठे हैंडलरों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े सूत्रों के अनुसार, लतीफ के फोन से मिले इनपुट बताते हैं कि उसके पाकिस्तानी आका उससे हमलों के बजाय स्थानीय स्तर पर नेटवर्क मजबूत करने और भर्ती बढ़ाने की अपेक्षा कर रहे थे। बीते कुछ वर्षाें के दौरान आतंकी संगठनों में स्थानीय युवकों की भर्ती लगभग समाप्त हो चुकी है पुलिस महानिदेशक के मुताबिक, पिछले दो वर्षों में सिर्फ दो युवक ही लतीफ और निसार ही आतंकी बने थे,दोनों मारे गए हैं।

स्थानीय भर्ती बढ़ाने पर आतंकियों का जोर

संबधित अधिकारियों ने बताया कि लतीफ बट के फोन से मिली जानकारी से पता चलता है कि स्थानीय आतंिकयों की भर्ती से सीमा पार बैठे आतंकी हैंडलर और उनकी आका पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ पूरी तरह हताश है। इसलिए लतीफ बट को वारदात से ज्यादा नए लड़कों की भर्ती के लिए हुक्म सुनाया जा रहा था।

उसके व निसार के मारे जाने के बाद अब कश्मीर में कोई स्थानीय आतंकी सक्रिय नहीं रहा है, ऐसे में आतंकी हैंडलर किसी भी तरह से नए लड़कों की भर्ती का प्रयास करेंगे, क्योंकि उनका मकसद स्थानीय युवाओं की नई खेप तैयार कर आतंकवाद को स्थानीय चेहरा देना है।

कश्मीर में 30 से 35 विदेशी आतंकी सक्रिय होने का अनुमान

स्थानीय आतंकियों की मौजूदगी के सहारे पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आतंकवाद को स्थानीय असंतोष बताकर अपनी भूमिका से पल्ला झाड़ने की कोशिश करता रहा है। ऐसे में नए लड़कों की भर्ती न होने से आतंकी हैंडलर बौखलाए हुए हैं। भर्ती में नाकामी पर पुराने आतंकियों को फिर सक्रिय करने की कोशिश भी हो सकती है।

स्थानीय भर्ती के साथ विदेशी आतंकियों की घुसपैठ का खतरा भी बढ़ रहा है। खुफिया इनपुट के अनुसार, गुलाम जम्मू-कश्मीर में एलओसी पार विभिन्न लॉन्चिंग पैड पर करीब 100 आतंकी अनुकूल अवसर के इंतजार में हैं।

कश्मीर में फिलहाल 30 से 35 विदेशी आतंकियों के सक्रिय होने का अनुमान है। जम्मू संभाग में भी करीब 30 विदेशी आतंकियों के अलावा चार से पांच स्थानीय आतंकियों की मौजूदगी बताई जाती है।

संदिग्धों की निगरानी बढ़ाने में जुटीं सुरक्षा एजेंसियां

स्थानीय सूचीबद्ध आतंकियों की संख्या शून्य होने का अर्थ आतंकवाद का खात्मा नहीं है। विदेशी आतंकियों के अलावा हाइब्रिड आतंकियों का खतरा बरकरार है। ये सामान्य जीवन जीते हुए आतंकी संगठनों के संपर्क में रहते हैं और हैंडलरों के निर्देश पर किसी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। आशंका है कि सीमा पार बैठे आका ऐसे तत्वों को फिर सक्रिय करने की कोशिश करेंगे।

इस खतरे के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा और एलओसी पर घुसपैठरोधी तंत्र मजबूत किया है। घाटी में ओवरग्राउंड नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों की निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस थानों और चौकी प्रभारियों को हाल में लापता हुए युवाओं का ब्योरा जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। जेल से रिहा आतंकियों, हाइब्रिड आतंकियों और ओवरग्राउंड वर्करों पर भी नजर रखी जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।