विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी, मुगल रोड बंद; अगले 3 दिन गुलमर्ग-पहलगाम समेत कई जगहों पर गिरेगी बर्फ

Published: Wed, 11 Nov 2026 04:08 PM (IST)

Jammu-Kashmir Weather: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कश्मीर घाटी के ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश ...और पढ़ें

कश्मीर में अगले 3 दिन बारिश-बर्फबारी का अलर्ट। (फाइल फोटो)

कश्मीर में अगले 3 दिन बारिश-बर्फबारी का अलर्ट। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी, निचले क्षेत्रों में बारिश हुई।

  2. मुगल रोड बर्फबारी के कारण वाहनों के लिए बंद कर दी गई।

  3. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक भारी बर्फबारी का अनुमान जताया।

जागरण संवाददाता, श्रीनगर। घाटी में बुधवार को पश्चमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते मौसम ने करवट बदल ली और उच्च पर्वतीय इलाकों में ताजा बर्फबारी, जबकि निचले इलाकों में बारिश हुई। उच्च पर्वतीय इलाकों जिनमें गुरेज, राजदानटाप, साधनाटाप, अफरवट, पीर की गली आदि शामिल है, में बर्फबारी का सिलसिला बुधवार तड़के शुरू हुआ जो प्राप्त जानकारी के अनुसार रुक रुक कर जारी रहा।

ताजा बर्फबारी के चलते दक्षिण कश्मीर को राजौरी और पुंछ जिलों से जोड़ने वाली मुगल रोड को बर्फबारी के बाद वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। उत्तरी कश्मीर की गुरेज घाटी में भी ताजा बर्फबारी हुई है, जिससे वहां का इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है।

खराब मौसम की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले ही पर्यटकों को इस घाटी में न जाने की सलाह दी थी। इधर श्रीनगर व इसके साथ सटे इलाकों समेत घाटी के निचले इलाकों में तड़के बारिश होने के बाद दिनभर तो मौसम शुष्क रहा, अलबत्ता दिनभर धूप व बादलों के बीच आख मिचौली होती रही।

तीन दिन तक बारिश और बर्फबारी के आसार

श्रीनगर मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान मैदानी इलाकों में व्यापक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। कुछ पहाड़ी इलाकों में एक से दो फीट तक बर्फ जमा हो सकती है। विभाग के निदेशक डा. मुख्तार अहमद ने बताया कि एक शुरुआती पश्चिमी विक्षोभ के कारण ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी हो रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्य मौसमी गतिविधि कल यानी 12 नवंबर की तड़के शुरू होने और 14 नवंबर की सुबह तक जारी रहने की उम्मीद है।

दूधपथरी, पहलगाम और गुलमर्ग में बर्फबारी के आसार

अहमद ने कहा, 'यह एक बड़ा मौसमी बदलाव है। मैदानी इलाकों में मुख्य रूप से बारिश होगी, जबकि पर्यटन स्थलों पर मध्यम बर्फबारी की उम्मीद है। इससे दूधपथरी, पहलगाम, गुलमर्ग और सोनमर्ग में इस सीजन की पहली बर्फबारी देखने को मिलेगी।' उन्होंने बताया कि 'पीर की गली', सिंथन टाप, जोजिला, राजदान पास, साधना टाप और मार्गन पास सहित ऊंचाई वाले इलाकों और पहाड़ी दर्रों में भारी बर्फबारी होने की संभावना है।

कुछ जगहों पर एक से दो फीट तक बर्फ जमा हो सकती है। मौसम विभाग ने पर्यटकों, यात्रियों और ट्रांसपोर्टरों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें, निकलने से पहले सड़कों की स्थिति जांच लें और ट्रैफिक से जुड़ी सलाहों का सख्ती से पालन करें।

किसानों को भी सलाह

किसानों को भी सलाह दी गई है कि वे 12 और 13 नवंबर को फसल कटाई का काम रोक दें। साथ ही, यह सुनिश्चित करें कि काटी गई फसल को सुरक्षित जगह पर रखा जाए, ताकि बारिश और बर्फबारी से उसे कोई नुकसान न पहुंचे।

सलाहकार सूचना में कहा गया है कि ताज़ा बर्फबारी और आने वाले मौसम के हालात कई अहम पहाड़ी रास्तों पर यातायात को प्रभावित कर सकते हैं। इनमें ज़ोजिला से होकर जाने वाला श्रीनगर-लेह हाईवे, मुगल रोड और अधिक ऊंचाई वाले अन्य दर्रे शामिल हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।