'टीवी पर देखे थे ऐसे नजारे...', बर्फ की चादर में लिपटा कश्मीर; गुलमर्ग-सोनमर्ग की हसीन वादियां देख झूम उठे सैलानी
अलनीनो की भविष्यवाणी के विपरीत, कश्मीर घाटी के पहाड़ों पर बर्फबारी हुई है, जिससे गुलमर्ग और सोनमर्ग जैसे पर्यटन स्थल ...और पढ़ें

गुलमर्ग की अफरावत पीक पर पर्यटक बर्फबारी का आनंद लेते हुए। (फोटो- जागरण/साहिल मीर)
HighLights
कश्मीर के पहाड़ों पर अप्रत्याशित बर्फबारी, पर्यटकों का तांता।
गुलमर्ग, सोनमर्ग में पर्यटकों ने बर्फबारी का खूब लुत्फ उठाया।
ताजा बर्फबारी से कश्मीर के पर्यटन उद्योग को मिली आस।
रजिया नूर, श्रीनगर। इस साल अलनीनो के प्रभाव के चलते घाटी की सर्दियां सूखी बीतने की मौसम विशेषज्ञों की भविष्यवाणी के बिल्कुल विपरीत पहाड़ों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है, जबकि निचले इलाके भी बारिश से सराबोर हो गए हैं। सफेद बर्फ की चादर ओढ़े पहाड़ों से घिरी घाटी की खूबसूरती में आए निखार को देखने और इसका आनंद लेने के लिए पर्यटकों का तांता लग गया है। देशभर से पर्यटक इन अद्भुत नजारों को देखने के लिए लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर पहुंच रहे हैं।
गुलमर्ग और सोनमर्ग की पहाड़ियां बर्फ से ढक गई हैं, जिससे दोनों पर्यटन स्थलों की खूबसूरती में चार चांद लग गए हैं। इन दोनों जगहों पर पर्यटक बर्फ से ढके नजारों का आनंद लेते, तस्वीरें और वीडियो बनाते और सुहाने मौसम का पूरा मजा लेते दिखे।
गुलमर्ग में बड़ी संख्या में पर्यटक बर्फबारी देखने के लिए विश्व प्रसिद्ध गोंडोला (केबल कार) के ऊपरी चरणों की ओर पहुंचे, जहां बर्फ की चादर से ढके कंगडोरी में वे जमकर मस्ती करते नजर आए।

बर्फ देखने की चाह में तुरंत बुक किए गोंडोला टिकट
कई पर्यटकों के लिए यह अनुभव बेहद खास रहा, क्योंकि उन्होंने पहली बार बर्फबारी देखी, जिससे उनकी कश्मीर यात्रा एक यादगार अनुभव बन गई। गुजरात के सूरत से आए पर्यटक मोनीष ने बताया कि कश्मीर आना उनके परिवार का एक पुराना सपना था, और गुलमर्ग में बर्फबारी देखने से उनकी यह यात्रा और भी खास हो गई।
उन्होंने कहा, 'हम पहली बार कश्मीर आए हैं। हम सालों से इस पल का इंतज़ार कर रहे थे। जब हमें पता चला कि गुलमर्ग के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है, तो हमने तुरंत गोंडोला के टिकट बुक किए और अपने माता-पिता और बच्चों के साथ दूसरे चरण (फेज़) तक पहुंच गए।'
मोनीष ने बताया कि उनके परिवार ने बर्फ का भरपूर आनंद लिया, स्थानीय गतिविधियों में हिस्सा लिया और अपने रिश्तेदारों व दोस्तों को दिखाने के लिए तस्वीरें और वीडियो भी बनाए।

सुनहरे चिनार और बर्फ ने बनाया कश्मीर का सफर यादगार
दिल्ली से घूमने आईं हिमांशी ने कहा कि पतझड़ के मौसम में चिनार के सुनहरे और जर्द पत्तों को गिरते हुए देखना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने कहा, 'पतझड़ में चिनार के पत्तों को गिरते हुए देखना एक अविस्मरणीय अनुभव था। हमने हमेशा टीवी पर ऐसे नजारे देखे थे और असल जिंदगी में इन्हें देखने का सपना देखा था।'
हिमांशी ने कहा, 'अब बर्फबारी देखने और चिनार के पत्तों को गिरते हुए देखने के साथ हमारे ये दोनों सपने पूरे हो गए हैं। सर्दियों में भी कश्मीर बेहद खूबसूरत दिखता है।'
सोनमर्ग में उमड़ी पर्यटकों की भीड़
इस बीच, मध्य कश्मीर के गांदरबल ज़िले में स्थित सोनमर्ग में भी सीजन की पहली बर्फबारी के बाद पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां लोग बर्फ से ढके नज़ारों का आनंद लेते नजर आए।
आंध्र प्रदेश से आए नीलेश पासवान ने बताया कि बर्फबारी का अनुभव करके उन्हें बहुत खुशी हुई। उन्होंने स्थानीय लोगों के आतिथ्य और इलाके में मौजूद सुविधाओं की भी तारीफ की।उन्होंने बताया कि वे पिछले दो दिनों से इसी इलाके में रुके हुए हैं।
गुजरात के वडोदरा से आई श्वेता सोलंकी ने बताया कि बर्फबारी का यह उनका पहला अनुभव था। उन्होंने सोनमर्ग की प्राकृतिक सुंदरता और वहां के लोगों के स्नेहपूर्ण व्यवहार की तारीफ की।
महाराष्ट्र के सोलापुर से आए एक अन्य पर्यटक नीरज ने बताया कि वे पहली बार सोनमर्ग आए हैं। वे ताजी बर्फबारी, खूबसूरत नजारों और स्थानीय लोगों के आतिथ्य से बेहद खुश थे।
'कश्मीर की खूबसूरती जरूर देखें'
पर्यटकों ने देश भर के लोगों से अपील की कि वे कश्मीर आएं और यहां की प्राकृतिक सुंदरता का अनुभव लें। माना जा रहा है कि ताजी बर्फबारी से सर्दियों के मौसम में इन जगहों का आकर्षण और बढ़ जाएगा। इससे पर्यटन से जुड़े लोगों, होटल मालिकों, ट्रांसपोर्टरों और पर्यटकों पर निर्भर स्थानीय कारोबारियों की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

गुलमर्ग में बुकिंग के लिए फोन लगातार बज रहे
ताजा बर्फबारी से जहां पर्यटकों में उत्साह है, वहीं पर्यटन उद्योग से जुड़े हितधारक भी खुश हैं। उनका कहना है कि इस बर्फबारी ने अच्छे विंटर टूरिज्म की उम्मीद जगाई है।
गुलमर्ग के सरमद अहमद शाह ने कहा, 'अभी नवंबर का आधा महीना बाकी है। इसके बाद दिसंबर, जनवरी और फिर फरवरी का महीना आएगा। इन महीनों में यहां अच्छी बर्फबारी होने की उम्मीद है।'
शाह ने कहा, 'इस बर्फबारी से यहां पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है। काफी संख्या में सैलानी आ रहे हैं। हालांकि, अभी गुलमर्ग के मुख्य इलाके में बर्फबारी नहीं हुई है। पर्यटक बर्फ देखने के लिए कोंगडोरी पहुंच रहे हैं।'
स्थानीय ट्रैवल एजेंट साजिद वानी ने कहा, 'बर्फबारी के बाद से हमारे कार्यालय के फोन लगातार बज रहे हैं। लोग यहां आने के लिए तेजी से बुकिंग करा रहे हैं।' वानी ने कहा कि अगले महीने क्रिसमस और नए साल के मौके पर आने के लिए भी पर्यटक एडवांस बुकिंग करा रहे हैं। उन्होंने कहा, 'ऐसे में हमें उम्मीद है कि इस बार यहां का विंटर सीजन शानदार रहने वाला है।'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।