हेलो ! जम्मू पुलिस, कोई मेरा पीछा कर रहा, अचानक रात 12:45 बजे एक युवती का हेल्पलाइन पर फोन आया...
पुलिस की हेल्पवैन ने आधी रात को एक युवती को सकुशल घर पहुंचाया...शादी से घर लौटते समय युवती का एक कार चालक कर रहा था पीछा...
जम्मू, जागरण संवाददाता। रात पौने बारह बजे! हेलो जम्मू पुलिस, मैं छन्नी-कुंजवानी राजमार्ग में अकेली घर जा रही हूं। कोई मेरा पीछा कर रहा है। डरी हुई हूं। प्लीज मुझे घर तक पहुंचा दें। बस एक फोन कॉल की देरी थी कि जम्मू पुलिस तुरंत हरकत में आई और उस हेल्प वैन के साथ पहुंच गई। बाकायदा महिला पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में युवती को सकुशल घर पहुंचाया।
गौरतलब है कि जम्मू पुलिस ने हैदराबाद कांड से सबक लेते हुए महिलाओं के लिए हेल्प वैन शुरू की है। हेल्प वैन ने रविवार रात साढ़े दस बजे से अपना काम शुरू किया। छन्नी पुलिस ने युवती का पीछा करने वाली कार चालक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
रविवार को हेल्पलाइन वैन की शुरुआत का पहला दिन था। पुलिस कर्मी मुस्तैद थे। अचानक रात 12:45 बजे एक युवती का हेल्पलाइन में फोन आया कि वह छन्नी-कुंजवानी राष्ट्रीय राजमार्ग से अपनी कार में सवार होकर शादी समारोह से घर लौट रही है। एक कार जेके21सी-2356 में सवार युवक उसका पीछा कर रहा है। कार सांबा नंबर की है। तुरंत छन्नी हिम्मत पुलिस को सूचित किया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर फ्लाई स्क्वायड में महिला पुलिस कर्मी के साथ पुलिस टीम रवाना हुई। युवती से संपर्क किया। इसके बाद फोन करने वाली युवती को छन्नी हिम्मत स्थित घर पहुंचाया गया।
बड़ी ब्राहृाणा का है युवक :
एसएचओ छन्नी हिम्मत परवेज सज्जाद ने बताया कि कार चालक युवक राजकुमार बलोत्रा निवासी वार्ड एक बड़ी ब्राह्मणा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उधर, युवक का कहना है वह विवाह समारोह से लौट रहा था। उसने युवती का पीछा नहीं किया। पुलिस मामले की सच्चाई का पता लगाने में जुट गई है।
100, 1091 नंबर पर फोन कर मांगें मदद
जम्मू पुलिस ने रात में फंसी महिलाओं को घर तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए हेल्पलाइन वैन सेवा शुरू की है। रात 10.30 से सुबह पांच बजे तक हेल्पलाइन सेवा जारी रहेगी। इसमें महिला पुलिस कर्मी भी तैनात रहेंगी। रविवार से इसे शुरू किया गया। पहले दिन सिर्फ एक शिकायत आई।
पुलिस का कहना है कि कोई महिला रात में कहीं फंसी हुई हो, कहीं बाहर से आने पर रेलवे स्टेशन या बस स्टैंड से आने में अपने को असुरक्षित महसूस कर रही हो तो इन नंबरों पर फोन से सूचित कर सकती है। महिला को तुरंत सहायता उपलब्ध कराते हुए उसे उसके घर तक पहुंचाया जाएगा।
दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं के बाद पुलिस सतर्क
हैदराबाद, उन्नाव समेत देश के अन्य हिस्सों में दुष्कर्म की घटनाओं के बाद जम्मू पुलिस भी अलर्ट है। महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह सराहनीय पहल की गई है।जम्मू पुलिस द्वारा रात में अकेली महिलाओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन वाहन सेवा शुरू होने के पहले दिन छन्नी हिम्मत में रहने वाली एक युवती ने सहायता के लिए फोन किया। मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस कर्मी युवती के पास पहुंचे और उसे उसके घर तक पहुंचाया। युवती की जानकारी पर पुलिस ने बड़ी ब्राह्मणा में रहने वाले एक युवक को पूछताछ के पकड़ा है।