कश्मीर में कब से होंगी सर्दियों की छुट्टियां? शिक्षा मंत्री शमीमा फिरदौस ने साफ किया रुख; जानें क्या बोलीं
शिक्षा मंत्री शमीमा फिरदौस ने घोषणा की है कि ठंड बढ़ने पर नर्सरी से 5वीं कक्षा तक के छात्रों के लिए सर्दियों की छुट्टियां जल्द घोषित की जाएंगी। उन्होंने अतिरिक्त फीस और किताबों की जबरन खरीद पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।

ठंड में बच्चों को राहत देने के मूड में जम्मू-कश्मीर सरकार। (फाइल फोटो)
HighLights
नर्सरी से 5वीं कक्षा तक के लिए सर्दियों की छुट्टियां संभावित।
बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर लिया जाएगा फैसला।
अतिरिक्त फीस और किताबों की जबरन खरीद पर रोक लगाई।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। शिक्षा मंत्री शमीमा फिरदौस ने शनिवार को कहा कि बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए, अगर ठंड बढ़ती है तो सरकार नर्सरी से 5वीं कक्षा तक के छात्रों के लिए सर्दियों की छुट्टियों की घोषणा करेगी। श्रीनगर में नेशनल कांन्फ्रेंस के मुख्य कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए, फिरदौस ने कहा कि पहली से 5वीं कक्षा तक की छुट्टियों के बारे में विचार किया जा रहा है। अगर हमें थोड़ा भी लगता है कि ठंड बढ़ेगी, तो हम इस पर फैसला लेंगे।
उन्होंने कहा, 'हम बच्चों की स्थिति जानते हैं, कई बच्चे बीमार भी पड़ जाते हैं। फूड इन्फेक्शन, चेस्ट इन्फेक्शन जैसी समस्याएं हो सकती हैं, इसे ध्यान में रखते हुए हम कोई फैसला लेंगे।'
उन्होंने बताया कि सरकार ने पहले ही सरकारी और निजी स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है, जिसकी काफी सराहना की गई है।
अब सरकार नर्सरी से 5वीं कक्षा तक के बच्चों के लिए छुट्टियों के बारे में सोच रही है। फीस के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि अभिभावकों को अतिरिक्त फीस को लेकर काफी शिकायतें थीं।
निजी और सरकारी स्कूलों में अतिरिक्त फीस वसूलने पर रोक
फिरदौस ने कहा कि किसी भी तरह की अतिरिक्त फीस जैसे कि किताबों के लिए यह कहना कि 'आपको यह किताब खरीदनी ही होगी'। हमने इस पर रोक लगा दी है। हमने हाल ही में इस संबंध में एक आदेश जारी किया है। किसी भी तरह की अतिरिक्त फीस, चाहे वह एक्स्ट्रा किताबों के लिए हो या किसी और बहाने से, उस पर हमने आदेश दिया है कि अब से कोई भी स्कूल चाहे वह निजी हो या सरकारी ऐसा नहीं कर सकता।
फिरदौस ने कहा, 'हमने स्पष्ट निर्देश दे दिए हैं। अगर कहीं से भी कोई शिकायत आती है, तो हम उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।' किताबों के बारे में स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों को निर्धारित किताबें पढ़ाने और अतिरिक्त शिक्षा देने की अनुमति है, लेकिन वे बच्चों को किताबें खरीदने के लिए मजबूर नहीं कर सकते।
फिरदौस ने काम कराने का दिया भरोसा
फिरदौस ने कहा, 'वे बच्चों को आधुनिक तरीके से पढ़ा सकते हैं, इंटरनेट का इस्तेमाल कर सकते हैं, या कक्षा में एक किताब के जरिए पढ़ा सकते हैं। लेकिन वे बच्चों को अतिरिक्त किताबें खरीदने के लिए मजबूर नहीं कर सकते।
उन्होंने बताया कि दूर-दराज के इलाकों और श्रीनगर शहर से लोग उन्हें बधाई देने आए थे। साथ ही, वे अपने साथ नौकरी, पानी, शिक्षा, तबादलों, स्कूलों और इमारतों से जुड़ी समस्याएं भी लेकर आए थे।
कर्मचारियों की लंबित फाइलों, फंडिंग, डीपीसी और अन्य मुद्दों पर फिरदौस ने कहा, 'काम तो करना ही है, और हम यहाँ इसीलिए तो बैठे हैं।' उन्होंने कहा, 'हम यहाँ हाथ पर हाथ धरे बैठने नहीं आए हैं। इंशा अल्लाह, काम जरूर होगा। किसी को कोई शिकायत नहीं रहेगी।'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।