कश्मीर में कब से शुरू होंगी सर्दियों की छुट्टियां? ठिठुरन में स्कूल जा रहे बच्चे; सरकार की चुप्पी से अभिभावक परेशान
कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड के बावजूद प्रशासन स्कूलों में सर्दियों की छुट्टियों की घोषणा में देरी कर रहा है। इससे अभिभावक बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं और जल्द अवकाश की मांग कर रहे हैं, जबकि सरकार विचार कर रही है।

कश्मीर में सर्दियों की छुट्टियों का इंतजार कर रहे अभिभावक। (फाइल फोटो)
HighLights
कड़ाके की ठंड के बावजूद स्कूलों में अवकाश की घोषणा नहीं।
अभिभावक बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित, जल्द छुट्टी की मांग।
सरकार छोटे छात्रों के लिए 1 दिसंबर से अवकाश पर विचार।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। कड़ाके की ठंड से बच्चों को बचाने के लिए घाटी के शैक्षणिक संस्थानों विशेषकर सरकारी स्कूलों में प्रशासन के पास एक ही उपाय होता है और वह है सर्दियों की छुट्टियों के नाम पर स्कूलों को बंद करना। लेकिन इस बार सरकार इस मामले में भी उदासीन नजर आ रही है।
लगातार गिरते तापमान के चलते हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। ऐसे में प्रशासन ने दिसंबर के पहले सप्ताह में स्कूलों में सर्दियों की छुट्टियां शुरू करने के संकेत तो दिए हैं, लेकिन अभी तक इसकी तारीख घोषित नहीं की है। प्रशासन की इस चुप्पी से अभिभावक असमंजस में हैं।
सर्दियों की छुट्टियों को लेकर अभिभावकों की अलग-अलग राय
शिक्षा मंत्री शमीमा फिरदौस ने इस मामले पर अपने हालिया बयान में कहा कि सर्दियों की छुट्टियों को लेकर अभिभावकों की अलग-अलग राय सामने आई है।
उन्होंने कहा कि जहां कुछ लोगों का मानना है कि बच्चों को कड़ाके की ठंड का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए, वहीं कुछ अभिभावक गिरते तापमान, खासकर सुबह के समय, का बच्चों की सेहत पर पड़ने वाले असर को लेकर चिंतित हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सेहत सरकार की प्राथमिकता है और उसके बाद शिक्षा आती है। सरकार कोई भी फैसला लेने से पहले इन दोनों पहलुओं पर विचार कर रही है। छोटे छात्रों, विशेष रूप से नर्सरी से कक्षा पांच तक के बच्चों के लिए एक दिसंबर से सर्दियों की छुट्टियां घोषित करने पर विचार किया जा सकता है।
अभिभावकों ने सरकार से जल्द विंटर वेकेशन घोषित करने को कहा
इधर, अभिभावकों का कहना है कि सरकार का यह रवैया ठीक नहीं है। उनका कहना है कि सरकार को पता है कि शिक्षा का बदहाल ढांचा संभालना मुश्किल है।
ऐसे में उसे तुरंत सर्दियों की छुट्टियों की घोषणा करनी चाहिए थी, ताकि बच्चे स्कूलों में ठंड से कांपने के बजाय अपने घरों में आराम से रह सकें। लेकिन सरकार इस मामले में भी फिलहाल टालमटोल कर रही है।
बिना सुविधाओं के ठंड में पढ़ने को मजबूर बच्चे
अब्दुल रशीद नामक एक अभिभावक ने कहा कि सरकार को जल्द ही सर्दियों की छुट्टियों का एलान करना चाहिए, ताकि बच्चों को इस ठंड से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि ठंड के इस मौसम में बिना पर्याप्त सुविधाओं के स्कूलों में पढ़ने वाले उनके बच्चे बीमार हो रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।