विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब जनता के और करीब होगी पुलिस, कश्मीर के थानों में बदलेगा कामकाज का तरीका; शिकायतों पर होगी तुरंत कार्रवाई

Published: Sat, 21 Nov 2026 11:31 AM (IST)

कश्मीर पुलिस जनता के और करीब आने तथा थानों के कामकाज में बदलाव की तैयारी कर रही है। IGP कश्मीर सुजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में स्मार्ट और डिजिटल बीट पुलिसिंग पर जोर दिया जा रहा है, ताकि शिकायतों का त्वरित निपटारा हो सके।

कश्मीर में स्मार्ट पुलिसिंग के जरिए जनता का भरोसा जीतने की तैयारी। (फाइल फोटो)

कश्मीर में स्मार्ट पुलिसिंग के जरिए जनता का भरोसा जीतने की तैयारी। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. पुलिस थानों को जनसमस्या समाधान केंद्र बनाया जाएगा।

  2. स्मार्ट और डिजिटल बीट पुलिसिंग पर विशेष जोर।

  3. महिलाओं व कमजोर वर्गों की शिकायतों पर संवेदनशीलता।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कश्मीर में पुलिस और आम जनता के बीच दूरी कम करने के लिए पुलिसिंग व्यवस्था में बदलाव की तैयारी है। अब पुलिस थानों और चौकियों को केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर कार्रवाई करने तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें आम लोगों की समस्याएं सुनने और उनका जल्द समाधान करने का केंद्र बनाया जाएगा। इसके लिए पारंपरिक बीट पुलिसिंग को तकनीक से जोड़कर अधिक सक्रिय, जवाबदेह और जनहितैषी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

इसी उद्देश्य से आइजीपी कश्मीर सुजीत कुमार सिंह के नेतृत्सव में जोनल पुलिस मुख्यालय कश्मीर ने शुक्रवार को श्रीनगर में नागरिक-केंद्रित बीट पुलिसिंग पर तीसरा पुलिस स्टेशन/पुलिस पोस्ट स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया।

इसमें घाटी के सभी पुलिस थानों और चौकियों में स्मार्ट पुलिसिंग और डिजिटल बीट पुलिसिंग को प्रभावी ढंग से लागू करने परचर्चा की गई।

पुलिस सेवाओं को आम लोगों के लिए सुलभ बनाने पर जोर

सम्मेलन में सभी थाना प्रभारी (एसएचओ), एसडीपीओ, जोनल एसपी, जिला एसएसपी और रेंज डीआइजी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। बैठक में पुलिस सेवाओं को आम लोगों के लिए अधिक सुलभ बनाने, जनता का भरोसा मजबूत करने और शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को प्राथमिकता दी गई।

सख्त कार्रवाई के साथ संवेदनशील व्यवहार पर जोर

आइजीपी ने सम्मेलन में स्मार्ट पुलिसिंग के पांच प्रमुख पहलुओं को अपनाने पर जोर दिया गया। इनमें सख्त लेकिन संवेदनशील पुलिसिंग, आधुनिक और मोबाइल व्यवस्था, सतर्कता और जवाबदेही, विश्वसनीयता और त्वरित प्रतिक्रिया तथा तकनीक में दक्ष और प्रशिक्षित पुलिसकर्मी शामिल हैं।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि पुलिस की सफलता केवल अपराधों पर कार्रवाई और कानून-व्यवस्था के आंकड़ों से तय नहीं होगी। इसका वास्तविक पैमाना यह होगा कि आम नागरिक पुलिस की सेवाओं से कितना संतुष्ट है और खुद को कितना सुरक्षित महसूस करता है।

कमजोर वर्गों को सम्मान के साथ मिलेगी सहायता

पुलिस थानों और चौकियों को ऐसा केंद्र बनाने पर विशेष जोर दिया गया, जहां हर नागरिक बिना किसी झिझक के अपनी समस्या लेकर पहुंच सके। खासकर महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों की शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनने और उन्हें सम्मान के साथ समय पर सहायता देने की आवश्यकता बताई गई।

जोनल पुलिस मुख्यालय कश्मीर ने दोहराया कि इस पहल का उद्देश्य जमीनी स्तर पर पुलिसिंग की कार्यशैली में गुणात्मक बदलाव लाना है। पुलिस को अपराध रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों के प्रति अधिक संवेदनशील, सुलभ और जवाबदेह बनाना इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।