बांग्लादेश में कश्मीर के MBBS छात्र की रहस्यमय मौत, जलाशय में मिला शव; दो दिन से लापता था अदनान
कश्मीर के एमबीबीएस छात्र अदनान अल्ताफ की बांग्लादेश में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, उनका शव एक जलाशय से ...और पढ़ें

बांग्लादेश में कश्मीरी एमबीबीएस छात्र अदनान अल्ताफ की संदिग्ध मौत।
HighLights
सोपोर के एमबीबीएस छात्र अदनान अल्ताफ की बांग्लादेश में मौत।
संदिग्ध परिस्थितियों में जलाशय से मिला छात्र का शव।
परिजनों ने पार्थिव शरीर लाने हेतु सरकार से मदद मांगी।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। उत्तर कश्मीर के सोपोर के रहने वाले एमबीबीएस छात्र अदनान अल्ताफ की बांग्लादेश में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार सुबह उसका शव बोरिंग उप जिला के एक जलाशय से बरामद हुआ। अदनान की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब परिजन अपने बेटे के पार्थिव शरीर को आखिरी बार देखने और उसे घर लाने के लिए भारत सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं।
अदनान बांग्लादेश के कुमिल्ला स्थित ईस्टर्न मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था और अंतिम सेमेस्टर में था। रिपोर्टों के अनुसार, वह दो दिन पहले अचानक लापता हो गया था। बुधवार सुबह उसका शव पानी में मिलने की सूचना मिली।
परिवारिक सूत्रों ने बताया कि अदनान करीब 15 दिन पहले कुछ समय घर पर बिताने के बाद वापस बांग्लादेश गया था। उसकी मां भी उसके साथ गई थीं। दो दिन पहले परिवार का उससे संपर्क टूट गया। इसके बाद परिजनों ने बांग्लादेश में उसके दोस्तों से संपर्क किया, जहां से उसके लापता होने की जानकारी मिली। बाद में परिवार को उसके शव मिलने की खबर मिली।
बेटे की मौत से सदमे में मां, अस्पताल में भर्ती
इस घटना के बाद अदनान की मां की तबीयत भी बिगड़ गई है। वह बांग्लादेश के एक अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर नहीं बताई जा रही है। परिवार इस दोहरे संकट से जूझ रहा है।
बेटे का पार्थिव शरीर वापस लाने के लिए लगाई गुहार
परिजनों ने मुख्यमंत्री कार्यालय से भी संपर्क कर सहायता मांगी है। साथ ही भारतीय उच्चायोग, ढाका और विदेश मंत्रालय से अदनान के पार्थिव शरीर को जल्द जम्मू-कश्मीर पहुंचाने की अपील की है।
परिवार ने भारत सरकार से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।