अब कश्मीर की झीलों का प्रदूषण पहुंचा थाली तक, डल के सिंघाड़े में 5.5 गुना ज्यादा कैडमियम; सेहत को गंभीर खतरा
कश्मीर की झीलों, विशेषकर डल झील में बढ़ते प्रदूषण के कारण सिंघाड़े में कैडमियम जैसी भारी धातुएं सुरक्षित सीमा से 5.5 गुना अधिक पाई गई हैं। यह अध्ययन लोगों की थाली तक पहुंचे जहरीले तत्वों पर गंभीर सवाल उठाता है।

डल झील के सिंघाड़े में 5.5 गुना ज्यादा कैडमियम मिला। (Ai Generated)
राहुल शर्मा, श्रीनगर। कश्मीर की झीलों का प्रदूषण अब केवल पानी और जलीय जीवों के लिए खतरा नहीं रह गया है। इसका असर लोगों की थाली तक पहुंचने लगा है। जिस सिंघाड़े को लोग बड़े चाव से खाते हैं, उसी में झीलों से पहुंचे जहरीले तत्व मिलने का खुलासा हुआ है। घाटी की चार प्रमुख झीलों और वेटलैंड में किए गए एक वैज्ञानिक अध्ययन के अनुसार, डल झील में उगने वाले सिंघाड़े के फल में कैडमियम की मात्रा निर्धारित संदर्भ सीमा से 5.5 गुना अधिक पाई गई है। यह नतीजा झीलों के प्रदूषण के साथ-साथ उनसे मिलने वाले खाद्य पदार्थों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
भारत समेत छह देशों के नौ शोधकर्ताओं की टीम ने डल झील, होकरसर वेटलैंड, मानसबल और वुलर झील से पानी, तलछट और सिंघाड़े के पौधों के नमूने लेकर जांच की। अध्ययन 19 फरवरी 2026 को अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका साइंटिफिक रिपोर्ट्स में प्रकाशित हुआ है।
शोध दल में देहरादून स्थित सोसाइटी फॉर एग्रो-एनवायरनमेंटल सस्टेनेबिलिटी और उत्तर प्रदेश के मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर से जुड़े भारतीय शोधकर्ता डॉ. पंकज कुमार भी शामिल थे। जांच में कैडमियम, क्रोमियम, तांबा, कोबाल्ट, लोहा, मैंगनीज, निकेल और जिंक सहित आठ भारी धातुओं का आकलन किया गया।
झीलों के प्रदूषण का असर सिंघाड़े तक पहुंचा
अध्ययन में भारी धातुओं का सबसे अधिक जमाव डल झील में मिला। इसके बाद होकरसर वेटलैंड का स्थान रहा, जबकि मानसबल और वुलर झीलों में प्रदूषण का स्तर तुलनात्मक रूप से कम पाया गया।
डल झील के सिंघाड़े के फल में कैडमियम 0.11 मिलीग्राम प्रति किलोग्राम तक मिला, जो अध्ययन में संदर्भित 0.02 मिलीग्राम प्रति किलोग्राम की सुरक्षित सीमा से करीब 5.5 गुना अधिक है। शोधकर्ताओं ने डल झील से मिलने वाले सिंघाड़े का सेवन सीमित रखने की सलाह दी है।
जड़ों से फल तक पहुंच रहे जहरीले तत्व
शोध में पाया गया कि सिंघाड़े की जड़ें पानी और तलछट से भारी धातुओं को सबसे अधिक सोखती हैं। इसके बाद इनका जमाव तने और पत्तियों में तथा सबसे कम फल में होता है। हालांकि, जड़ों में धातुओं का रुकना उन्हें खाने योग्य हिस्से तक पहुंचने से पूरी तरह नहीं रोक पाता। यही वजह है कि सिंघाड़े के फल में भी कैडमियम और क्रोमियम जैसे चिंताजनक तत्व पाए गए।
शोधकर्ताओं के अनुसार आयरन और जिंक की अधिक मात्रा को सीधे जहरीला नहीं माना जा सकता, क्योंकि ये शरीर और पौधों के लिए जरूरी पोषक तत्व हैं। असली चिंता कैडमियम और क्रोमियम जैसे विषैले तत्वों को लेकर है, जो लंबे समय तक शरीर में जमा होकर स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकते हैं। हालांकि, अध्ययन में इनके सेवन से मनुष्यों को होने वाले वास्तविक नुकसान का प्रत्यक्ष आकलन नहीं किया गया है।
बिना उपचार सीवरेज बन रहा झीलों पर बोझ
डल झील में बढ़ते प्रदूषण के पीछे घरेलू सीवरेज, कृषि अपवाह, कचरा और हाउसबोट से निकलने वाले गंदे पानी को प्रमुख कारण माना गया है। श्रीनगर में प्रतिदिन करीब 19.3 करोड़ लीटर घरेलू सीवरेज पैदा होता है, जिसमें से लगभग 14 करोड़ लीटर का उपचार नहीं हो पाता। इससे झीलों पर प्रदूषण का दबाव बढ़ रहा है।
अध्ययन का एक सकारात्मक पहलू यह भी है कि सिंघाड़ा भारी धातुओं को सोखने की क्षमता के कारण प्रदूषण की निगरानी के लिए जैव-संकेतक और भविष्य में जल शोधन के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। हालांकि, खाद्य फसल होने के कारण इसमें मौजूद धातुओं की नियमित जांच जरूरी है।
शोधकर्ताओं ने झीलों में सीवरेज का पूर्ण उपचार, कृषि अपवाह पर नियंत्रण, प्रदूषित तलछट का प्रबंधन और जलीय खाद्य उत्पादों की नियमित जांच पर जोर दिया है। यह चेतावनी केवल सिंघाड़े तक सीमित नहीं है। आपको बता दें कि वर्ष 2024-25 के एक अलग अध्ययन में डल झील के कमल के पौधों में भी भारी धातुओं के जमाव की बात सामने आई थी। ऐसे में कमल ककड़ी यानी नदरू की खाद्य सुरक्षा को लेकर भी जांच जरूरी है। साफ है कि झीलों की बिगड़ती सेहत का सवाल अब केवल पर्यावरण तक सीमित नहीं, बल्कि लोगों के भोजन की सुरक्षा से भी जुड़ गया है।
पर्यावरणविदों की चिंता
पर्यावरण कार्यकर्ता राजा मुजफ्फर भट ने बताया कि कश्मीर में जल प्रदूषण की समस्या केवल डल झील या अध्ययन में शामिल चार जल निकायों तक सीमित नहीं है। श्रीनगर का घरेलू गंदा पानी उचित उपचार के बिना नालियों के जरिये डल झील के अलावा झेलम और दूध गंगा सहित दूसरे जल निकायों में भी पहुंच रहा है। इससे पानी की गुणवत्ता और जलीय पर्यावरण पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। सरकार के समक्ष कई बार इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के बावजूद अब तक अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई है।
पर्यावरणविद् जावेद मीर ने बताया कि डल झील या दूसरे जल निकायों को प्रदूषण से बचाने के लिए केवल ऊपरी सफाई पर्याप्त नहीं है। झीलों में पहुंचने वाले कचरे और गंदे पानी के स्रोतों पर नियंत्रण जरूरी है। इसके साथ ही प्राकृतिक पर्यावरण को बहाल करने और लंबे समय तक निगरानी रखने के लिए प्रभावी पर्यावरण प्रबंधन योजना लागू की जानी चाहिए। स्थिति और गंभीर होने का इंतजार करने के बजाय अभी से ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।