कश्मीर की दस्तकारी में सिर्फ 3 हुनरों का दबदबा, 5 कलाओं में एक भी कारीगर पंजीकृत नहीं; क्या मिट जाएगी पुरानी पहचान?
कश्मीर के 60% पंजीकृत कारीगर केवल तीन हस्तकलाओं सोजनी, कालीन और क्रूएल कढ़ाई से जुड़े हैं। कई पारंपरिक कलाएं लुप्त ...और पढ़ें

कश्मीर की पहचान मानी जाने वाली कई कलाएं गिनती के कारीगरों तक सिमटीं ।(AI generated)
HighLights
घाटी के 60% कारीगर सोजनी, कालीन, क्रूएल से जुड़े।
कई पारंपरिक कलाओं में कारीगरों की संख्या बेहद कम।
लुप्तप्राय हुनर के संरक्षण और प्रोत्साहन की तत्काल आवश्यकता।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कश्मीर की पहचान दुनिया भर में उसकी खूबसूरत हस्तकला और पारंपरिक बुनाई के लिए है, लेकिन सरकारी आंकड़े इस विरासत की एक चिंताजनक तस्वीर सामने लाते हैं। यहां करीब 60 फीसदी पंजीकृत कारीगर और बुनकर केवल तीन पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े हैं, जबकि कई पुरानी कलाओं में कारीगरों की संख्या दो से लेकर 25 तक सिमट गई है। इससे साफ है कि कश्मीर की दस्तकारी में कुछ चुनिंदा हुनरों का दबदबा बढ़ा है, वहीं कई पारंपरिक कलाएं सीमित दायरे में सिमटती जा रही हैं।
जम्मू-कश्मीर के हस्तशिल्प एवं हथकरघा विभाग के 31 अक्टूबर 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, घाटी के 10 जिलों में कुल 4,14,276 कारीगर और बुनकर पंजीकृत हैं। इनमें 3,15,366 हस्तशिल्प और 98,910 हथकरघा क्षेत्र से जुड़े हैं।
तीन हुनरों के पास 78 फीसदी हस्तशिल्प कारीगर
आंकड़ों में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि सोजनी कढ़ाई, कालीन निर्माण और क्रूएल कढ़ाई में कुल 2,46,629 कारीगर पंजीकृत हैं। यह हस्तशिल्प क्षेत्र के कुल पंजीकरण का 78.2 फीसदी और हस्तशिल्प व हथकरघा को मिलाकर कुल संख्या का 59.5 फीसदी है।
सोजनी कढ़ाई 1,36,356 पंजीकरण के साथ सबसे आगे है। अकेले बडगाम में इसके 42,711 कारीगर हैं। बारामुला में 32,004, गांदरबल में 19,558, श्रीनगर में 18,937 और बांडीपोरा में 15,934 कारीगर पंजीकृत हैं। यानी सोजनी के कुल पंजीकृत कारीगरों में करीब 31.3 फीसदी बडगाम से हैं।
कालीन और क्रूएल कढ़ाई में सबसे ज्यादा कारीगर पंजीकृत
वहीं, कालीन निर्माण में 58,132 और क्रूएल कढ़ाई में 52,141 कारीगर पंजीकृत हैं। कालीन निर्माण में बडगाम 13,788 और बांडीपोरा 13,336 पंजीकरण के साथ प्रमुख केंद्र हैं।
क्रूएल कढ़ाई में श्रीनगर और अनंतनाग की मजबूत पकड़ है। इन दोनों जिलों में ही इसके 31,097 कारीगर दर्ज हैं। इसके अलावा जरी के 24,127, चेन स्टिच के 15,089 और स्टेपल कढ़ाई के 14,530 पंजीकरण हैं।
चेन स्टिच के हुनर में अनंतनाग सबसे आगे
जिलेवार आंकड़ों में अनंतनाग की एक खास पहचान सामने आई है। घाटी के कुल 15,089 चेन स्टिच कारीगरों में से 11,911 अकेले अनंतनाग में पंजीकृत हैं। यानी इस हुनर से जुड़े करीब 78.9 फीसदी कारीगर एक ही जिले में हैं।
शोपियां में 904, पुलवामा में 662, कुलगाम में 511 और श्रीनगर में 257 पंजीकरण हैं। यह स्थिति अनंतनाग को चेन स्टिच के प्रशिक्षण, डिजाइन विकास और बाजार से जोड़ने के लिहाज से महत्वपूर्ण बनाती है।
हथकरघा में सिलाई-कटाई सबसे बड़ा व्यवसाय
कुल पंजीकरण में श्रीनगर 86,077 के साथ पहले स्थान पर है। बडगाम में 82,086 और बारामूला में 58,454 कारीगर एवं बुनकर दर्ज हैं। अनंतनाग में 42,972 और बांडीपोरा में 42,050 पंजीकरण हैं। गांदरबल में 30,311, पुलवामा में 24,726, कुलगाम में 20,445, कुपवाड़ा में 16,878 और शोपियां में 10,277 पंजीकरण हैं। श्रीनगर और बडगाम मिलकर कुल पंजीकरण का 40.6 फीसदी हिस्सा रखते हैं।
हालांकि, हस्तशिल्प में बडगाम 68,843 पंजीकरण के साथ पहले स्थान पर है, जबकि श्रीनगर में 55,211 और बारामुला में 47,400 हैं। दूसरी ओर, हथकरघा में श्रीनगर 30,866 पंजीकरण के साथ सबसे आगे है, जो इस क्षेत्र के कुल पंजीकरण का 31.2 फीसदी है।
हथकरघा क्षेत्र में 37,285 पंजीकरण सिलाई और कटिंग के हैं। इसके बाद पश्मीना कताई के 21,033 और पट्टू बुनाई के 20,076 पंजीकरण हैं। कानी शॉल बुनाई में 10,488, हथकरघा बुनाई में 5,528, पश्मीना बुनाई में 3,287, रेडीमेड गारमेंट्स में 1,152 और ट्वीड बुनाई में केवल 61 पंजीकरण हैं। पश्मीना कताई और बुनाई को मिलाकर 24,320 पंजीकरण हैं, जो हथकरघा क्षेत्र का करीब 24.6 फीसदी है।
कई पारंपरिक हुनर गिनती के कारीगरों तक सिमटे
आंकड़ों का सबसे चिंताजनक पहलू उन पारंपरिक कलाओं की स्थिति है, जिनमें पंजीकरण बेहद कम है। फिलिग्री में केवल 22, रफूगरी में 18, विलो बैट में 14, कैलीग्राफी में आठ, स्टोन कार्विंग में सात और ट्रेसर में पांच कारीगर दर्ज हैं। ग्लेज्ड पॉटरी और खराड़ी में चार-चार, पिंजरीकारी में तीन और कालीन की मरम्मत में केवल दो पंजीकरण हैं।
इतना ही नहीं, हस्तशिल्प की 52 श्रेणियों में पांच ऐसी हैं जिनमें एक भी पंजीकरण दर्ज नहीं है। इनमें हैंडमेड एरोमैटिक्स, हैंडमेड सोप, मॉडर्न आर्ट, टर्क्विरा वेयर और टॉय एंड डॉल मेकिंग शामिल हैं। विभाग ने ''लैंग्विशिंग'' नाम से भी एक अलग श्रेणी दर्ज की है, जिसमें केवल 25 कारीगर हैं। इनमें 20 बडगाम, तीन अनंतनाग और दो कुलगाम से हैं।
ये आंकड़े यह साबित नहीं करते कि कम पंजीकरण वाली कलाएं समाप्त हो गई हैं, लेकिन इनके संरक्षण और कारीगरों की पहचान की जरूरत जरूर बताते हैं। पारंपरिक हुनरों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रशिक्षण, रोजगार, बेहतर बाजार और सरकारी पंजीकरण का दायरा बढ़ाना जरूरी है। आखिर कश्मीर की दस्तकारी की असली पहचान केवल उसके उत्पाद नहीं, बल्कि उन उत्पादों को बनाने वाले हुनरमंद हाथ भी हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।