सुंदर वादियों के साथ कश्मीर की तहजीब, हुनर व जायका... फिल्म फेस्टिवल के मेहमानों के लिए खोला दिल, लाल चौक में 30% की छूट
कश्मीर में आयोजित फिल्म फेस्टिवल के मेहमानों के लिए लाल चौक शॉपकीपर्स एंड ट्रेडर्स एसोसिएशन ने 30 प्रतिशत छूट की घोषणा की है।

फिल्म फेस्टिवल मेहमानों के लिए लाल चौक की बाजार में 30% की छूट। फोटो जागरण
HighLights
लाल चौक में फिल्म फेस्टिवल मेहमानों को 30% विशेष छूट।
कश्मीरी मेहमाननवाजी दर्शाने और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने की पहल।
मेहमानों को श्रीनगर के ऐतिहासिक बाजारों और शिल्प को देखने का निमंत्रण।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कश्मीर में आयोजित हो रहे फिल्म फेस्टिवल में देश-विदेश से पहुंचे मेहमानों के स्वागत के लिए श्रीनगर का दिल कहे जाने वाले लाल चौक ने अपने दरवाजे ही नहीं, दिल भी खोल दिए हैं। लाल चौक शॉपकीपर्स एंड ट्रेडर्स एसोसिएशन ने फिल्म फेस्टिवल के सभी मेहमानों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए एक अनूठी पहल की है।
एसोसिएशन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि फेस्टिवल में आए सभी गेस्ट्स के लिए लाल चौक और उससे सटे बाजारों में विशेष 30 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। यह छूट केवल एक ऑफर नहीं, बल्कि कश्मीरी मेहमाननवाजी का प्रतीक है, जिसका मकसद मेहमानों के प्रवास को और अधिक यादगार बनाना है।
मेहमानों को बाजार घूमने के लिए किया आमंत्रित
एसोसिएशन ने मेहमानों से अपील की है कि वे केवल फिल्मों तक सीमित न रहें, बल्कि श्रीनगर के ऐतिहासिक कमर्शियल हब को करीब से देखें। इसके लिए एसोसिएशन ने कुछ खास शॉपिंग डेस्टिनेशन्स की लिस्ट भी जारी की है। मेहमानों को खास तौर पर पोलो व्यू मार्केट, घंटा घर, रीगल चौक, अबी गुज़र और लैम्बर्ट लेन के अलावा लाल चौक के आसपास के अन्य व्यस्त बाजारों में घूमने के लिए आमंत्रित किया गया है।

एसोसिएशन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य पर्यटकों को कश्मीर को सिर्फ खूबसूरत वादियों के नजरिए से नहीं, बल्कि उसकी जीवंत संस्कृति के रूप में दिखाना है। यह एक मौका है जब मेहमान सीधे स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और उद्यमियों से मिल सकते हैं। यहां वे कश्मीर के पारंपरिक शिल्प, जैसे पश्मीना, कालीन, पेपर माशी, केसर, कहवा और स्थानीय जायकों को करीब से जान और खरीद सकते हैं।
परिवार की तरह करेगा स्वागत
एसोसिएशन ने कहा कि हम आपको लाल चौक की जीवंत शॉपिंग डेस्टिनेशन्स को एक्सप्लोर करने के लिए आमंत्रित करते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लाल चौक का हर दुकानदार मेहमानों का अपने परिवार के सदस्य की तरह स्वागत करेगा।

यह पहल निश्चित रूप से फिल्म फेस्टिवल को कश्मीर की अर्थव्यवस्था और संस्कृति से जोड़ने में एक मील का पत्थर साबित होगी।
