कश्मीर महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया
पर्यटन सचिव रिग्जिन सेंफल ने कश्मीर महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेते हुए डल झील और इससे सटे इलाकों में ऐसे महोत्सवों के नियमित आयोजन पर जोर दिया।
श्रीनगर, राज्य ब्यूरो। पर्यटन सचिव रिग्जिन सेंफल ने मंगलवार को कश्मीर महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेते हुए डल झील और इससे सटे इलाकों में ऐसे महोत्सवों के नियमित आयोजन पर जोर दिया। हालांकि कश्मीर महोत्सव के आयोजन की अंतिम तिथि अभी तय नहीं है, लेकिन इसे दुर्गा पूजा के आसपास ही कश्मीर में आयोजित किया जाएगा।
कश्मीर महोत्सव के संदर्भ में मंगलवार को हुई बैठक में निदेशक पर्यटन कश्मीर तस्सदुद जिलानी, वित्त निदेशक लतीफ पोसवाल, निदेशक योजना पर्यटन परवेज सजाद काकरू, अतिरिक्त सचिव पर्यटन गुलजार अहमद, संयुक्त निदेशक पर्यटन जम्मू शौकत महमूद और पर्यटन विभाग के अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान निदेशक पर्यटन कश्मीर ने कश्मीर महोत्सव की व्यवस्था के बारे में सचिव को बताया।
उन्होंने कहा कि कश्मीर महोत्सव घरेलू और बाहरी पर्यटकों दोनों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न श्रृंखलाओं के साथ एक बड़ा कार्यक्रम होगा। उन्होंने प्रस्तावित किया कि महोत्सव दुर्गा पूजा उत्सव की शुरुआत से पहले आयोजित किया जाएगा। उन्होंने डल झील और इसकी परिधि के भीतर, जिसे यात्रियों का कश्मीर में पहला गंतव्य माना जाता है, इस तरह के महोत्सव आयोजित करने का भी सुझाव दिया। बैठक में तय किया गया कि आमंत्रित लोगों में देश के प्रमुख टूर ऑपरेटर, यात्रा ब्लॉगर्स, पत्रकार और हस्तियां शामिल होंगी।