एक तरफ हाड़ कंपाने वाली ठंड तो दूसरी तरफ सूखे की आहट, कश्मीर में झेलम का गिरता जलस्तर बढ़ा रहा चिंता; एडवाइजरी जारी
कश्मीर में शुष्क मौसम के कारण जलसंकट गहरा रहा है, जिससे जलस्रोतों और नदियों का जलस्तर घट सकता है। मौसम विभाग ने बारिश या बर्फबारी न होने पर पेयजल और हाइड्रोपावर पर गंभीर असर की आशंका जताई है।

झेलम का जलस्तर गिरने से गहरा सकता है पेयजल-बिजली संकट। (AI Generated)
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। कश्मीर में पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों की मुश्किलें आने वाले दिनों में और बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, फिलहाल घाटी में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। अगर जल्द ही बारिश या बर्फबारी नहीं हुई तो पहले से सिकुड़ रहे जलस्रोतों के साथ-साथ झेलम और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर और नीचे जा सकता है, जिससे पूरी घाटी में पीने के पानी के लिए हाहाकार मच सकता है।
हालांकि अनुमानित सूखे के कारण तुरंत कोई बड़ा पानी का संकट पैदा नहीं हो सकता है, लेकिन पहले से ही झेलम समेत नदी नालों का जलस्तर कम होने से इनके जलस्तर में और अधिक कमी आ सकती है।
मौसम विशेषज्ञ फैजान आरिफ ने कहा कि अगर बारिश की कमी बढ़ती रही, तो इससे कुछ पानी के स्रोत जिममें विशेषकर छोटी धाराएं हैं,पर दबाव पड़ सकता है और वह सूख सकते हैं।
सूखे का असर बढ़ा तो पेयजल संकट गहराने की आशंका
जारी एडवाइजरी के अनुसार अगर सूखे के हालात अनुमानित समय से ज़्यादा समय तक बने रहते हैं, तो स्थिति और भी चिंताजनक हो सकती है, क्योंकि जलस्रोतों में पानी का बहाव कम होने से उन इलाकों पर असर पड़ सकता है जो पीने के पानी के लिए इन जलस्रोतों पर निर्भर हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार इसका असर पावर सेक्टर पर भी पड़ सकता है, क्योंकि पानी का बहाव कम होने से हाइड्रोपावर जेनरेशन पर असर पड़ सकता है, खासकर उन परियोजनाओं पर जो जलस्रोतों के प्राकृतिक बहाव पर निर्भर हैं।
लोग पानी का सोच-समझकर करें इस्तेमाल
जारी एडवाइजरी में प्रशासन और संबंधित विभाग से पहले से तैयारी करने को कहा गया है, जिसमें नदी और नालों के जलस्तर की लगातार निगरानी, कमज़ोर इलाकों की पहचान और उन इलाकों में पीने के पानी की सप्लाई बनाए रखने का इंतज़ाम शामिल है, जहां पानी की कमी होने की संभावना है।
इस बीच लोगों को पानी का समझदारी से इस्तेमाल करने और बेवजह बर्बादी से बचने की भी सलाह दी गई है। एडवाइजरी में कहा गया है कि घबराने की कोई बात नहीं है, लेकिन दिसंबर तक सूखा जारी रहता है तो जल्दी आकलन और सावधानी बरतना ज़रूरी होगा।
बता दें कि मौसम विभाग के अनुसार घाटी के मौसम में फिलहाल बड़े बदलाव के आसार नहीं है। इस महीने के अंत तक घाटी में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि विभाग के अनुसार इस बीच कुछ उच्च पर्वतीय इलाकों में हल्की बर्फबारी व बारिश हो सकती है।
घाटी में जमाव बिंदु से नीचे रहा तापमान
मंगलवार को शुष्क मौसम के बीच घाटी ठंड की चपेट में रही। अधिकांश स्थानों पर आज भी तापमान जमाव बिंदु से नीचे बना रहा। शोपियां में न्यूनतम तापमान - 3.6 डिग्री सेल्सियस के साथ घाटी का सबसे ठंडी जगह रही। पहलगाम में न्यूनतम तापमान -2.8 डिग्री रहा। पुलवामा में न्यूनतम तापमान - 2.3 डिग्री और गुलमर्ग में -1.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
सोनमर्ग में न्यूनतम तापमान -1.9 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि काज़ीगुंड और कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान -1.0 डिग्री रहा। बड़गाम में -1.4 डिग्री, अनंतनाग में - 1 डिग्री जबकि बांडीपोरा में न्यूनतम तापमान - 0.3 डिग्री रिकार्ड किया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।