विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कम कीटनाशक, कम पानी और 50 लाख की बंपर कमाई, कश्मीर के सेब बागानों में वैज्ञानिकों का नया फॉर्मूला हिट

By Naveen NawazEdited By: Dallu Slathia
Published: Mon, 16 Nov 2026 05:41 PM (IST)

कश्मीर में सेब की खेती का एक नया मॉडल सफल रहा है, जिसमें कीटनाशकों का उपयोग 80% तक कम किया ...और पढ़ें

SKUAST-कश्मीर की नई तकनीक से उगेंगे ज्यादा सुरक्षित सेब। (फाइल फोटो)

SKUAST-कश्मीर की नई तकनीक से उगेंगे ज्यादा सुरक्षित सेब। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. कीटनाशकों का उपयोग 80% तक घटाकर मुनाफा बढ़ाया।

  2. पुलवामा में सफल प्रयोग से 50 लाख रुपये की आय।

  3. सकासट ने विकसित किया सुरक्षित और टिकाऊ खेती मॉडल।

नवीन नवाज, श्रीनगर। कश्मीर के सेबों की पहचान अब केवल उनकी मिठास और गुणवत्ता तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उन्हें अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल हुई है। घाटी में सेब की खेती के दौरान कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल और उससे किसानों तथा उपभोक्ताओं की सेहत पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों के बीच कृषि वैज्ञानिकों और किसानों ने नई मिसाल पेश की है। आधुनिक तकनीकों की मदद से सेब के बागों में कीटनाशकों का इस्तेमाल करीब 80 प्रतिशत तक कम करने में सफलता मिली है। खास बात यह है कि कम रसायनों के इस्तेमाल के बावजूद अच्छी पैदावार और बेहतर आमदनी हासिल हुई।

कश्मीर में कीटनाशकों पर बढ़ती निर्भरता बागवानी क्षेत्र के लिए खतरा बन रही है। यहां प्रति हेक्टेयर 3.69 किलोग्राम कीटनाशकों का इस्तेमाल होता है, जबकि राष्ट्रीय औसत केवल 0.22 किलोग्राम है। इसके मुकाबले पंजाब और हरियाणा में 0.62 तथा हिमाचल प्रदेश में 0.50 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर उपयोग होता है। पहले किसान साल में चार बार कीटनाशकों का छिड़काव करते थे, लेकिन जलवायु परिवर्तन के कारण अब यह संख्या बढ़कर 12 बार हो गई है, जिससे अनुशंसित मात्रा का उल्लंघन हो रहा है।

दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में 100 कनाल जमीन पर गाला किस्म के सेब उगाए गए, जिनसे लगभग 450 क्विंटल उत्पादन हुआ। इनकी बिक्री से करीब 50 लाख रुपये की आमदनी हुई। यह प्रयोग ऐसे समय में महत्वपूर्ण है, जब कश्मीर में कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल और उनके संभावित स्वास्थ्य प्रभावों को लेकर चिंता बढ़ रही है।

कैंसर के संभावित खतरे के बीच वैज्ञानिकों की पहल

कश्मीर में सेब की खेती लाखों परिवारों की आजीविका का आधार है। फसल को कीटों और बीमारियों से बचाने के लिए किसान लंबे समय से रासायनिक दवाओं का इस्तेमाल करते आ रहे हैं। पहले साल में लगभग चार बार छिड़काव किया जाता था, लेकिन मौसम में बदलाव और बीमारियों के बढ़ते प्रकोप के कारण कई बागों में अब 12 या इससे अधिक बार छिड़काव होने लगा है।

इसका असर किसानों और उपभोक्ताओं दोनों की सेहत पर पड़ने की आशंका है। छिड़काव के दौरान किसान सांस और त्वचा के जरिए रसायनों के संपर्क में आते हैं। वहीं, सेब की सतह या उसके भीतर कीटनाशकों के अवशेष रह सकते हैं। निर्धारित सुरक्षित सीमा से अधिक अवशेष मिलने पर उपभोक्ताओं की सेहत को लेकर चिंता बढ़ जाती है।

शेर-ए-कश्मीर आयुर्विज्ञान संस्थान सौरा में वर्ष 2005-2008 के एक अध्ययन में 432 ब्रेन कैंसर मरीजों के मामलों का विश्लेषण किया गया, जिसमें कीटनाशकों के संपर्क और ब्रेन ट्यूमर के बीच संभावित संबंध पाया गया।। इसमें शोपियां, अनंतनाग, बारामुला, बडगाम और कुपवाड़ा जैसे सेब उत्पादक क्षेत्रों से जुड़े किसानों के मामले शामिल थे। कश्मीर के सेब के बागानों में कीटनाशकों और रासायनिक दवाओं के अत्यधिक इस्तेमाल से किसानों में कैंसर का खतरा बढ़ने की चिंता सामने आई है।

डा. शाहिद रसूल के अनुसार, बिना सुरक्षा उपकरणों के छिड़काव करना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है। यह कीटनाशक फसल में भी अपना पूरा प्रभाव जमाते हैं और जो इनसे प्रभावित फलों का प्रयाेग करते हैं,उनके शरीर में भी दाखिल हाेकर उनके स्वास्थ्य का नुक्सान करते हैं।

SKUAST ने विकसित किया कम रसायनों वाली खेती का माडल

शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (SKUAST) के वैज्ञानिकों ने इस समस्या को देखते हुए कीटनाशकों का इस्तेमाल घटाने के लिए प्रयोग शुरू किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो नजीर अहमद गनई के अनुसार, पहला प्रयास सफल रहा है। अगले वर्ष इसे दोबारा आजमाया जाएगा और सफलता मिलने पर घाटी के अन्य इलाकों में भी लागू करने की योजना है।

विश्वविद्यालय के बागवानी विभाग के डीन प्रो अशफाक हुसैन पंडित की देखरेख में अक्टूबर 2025 में 40 से अधिक किसानों को जोड़कर 100 कनाल जमीन पर यह प्रयोग किया गया। इसमें करीब 450 क्विंटल गाला सेब का उत्पादन हुआ और कीटनाशकों का इस्तेमाल लगभग 80 प्रतिशत कम किया गया। यह परियोजना होलिस्टिक एग्रीकल्चर डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत संचालित हुई। इस सफलता मेंवैज्ञानिकों का जोर जरूरत आधारित कीट एवं रोग प्रबंधन पर भी रहा, ताकि बिना आवश्यकता बार-बार पूरे बाग में छिड़काव न करना पड़े।

इसमें ड्रिप सिंचाई और आधुनिक स्प्रे मशीनों की अहम भूमिका रही। ड्रिप प्रणाली से पानी बूंद-बूंद सीधे पौधों की जड़ों तक पहुंचाया गया, जिससे पानी की खपत में लगभग 70 प्रतिशत बचत हुई। विशेष नोजल वाली आधुनिक स्प्रे मशीनों से दवाओं का जरूरत के अनुसार छिड़काव किया गया। इससे रसायनों की बर्बादी और अनावश्यक इस्तेमाल कम हुआ।

किसानों और उपभोक्ताओं को होंगे कई फायदे

कश्मीर में लगभग डेढ़ लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सेब की खेती होती है। यहां हर साल करीब 21 लाख मीट्रिक टन सेब पैदा होता है। लगभग 10 हजार करोड़ रुपये के इस कारोबार से करीब सात लाख परिवार जुड़े हैं। ऐसे में कीटनाशकों का इस्तेमाल कम करने वाली तकनीक का व्यापक प्रभाव हो सकता है।

इसका पहला फायदा उपभोक्ताओं को मिलेगा। कीटनाशकों का इस्तेमाल कम होने से सेब में रासायनिक अवशेष घटाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, फल को सुरक्षित प्रमाणित करने के लिए प्रयोगशालाओं में अवशेषों की जांच जरूरी होगी।

दूसरा फायदा किसानों को होगा। दवाओं की खपत घटने से खेती की लागत कम हो सकती है और आमदनी बढ़ने की संभावना बनेगी। छिड़काव कम होने से किसानों और मजदूरों का रसायनों से संपर्क भी घट सकता है। इसके अलावा पानी की बचत और मिट्टी तथा पर्यावरण पर रासायनिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

कुल मिलाकर, पुलवामा का यह प्रयोग कश्मीर की बागवानी के लिए नई उम्मीद लेकर आया है। यदि इसे घाटी के अन्य सेब उत्पादक क्षेत्रों में सफलतापूर्वक लागू किया जाता है तो कम लागत, बेहतर आमदनी और सुरक्षित फल उत्पादन का रास्ता खुल सकता है। यह पहल किसानों की सेहत, उपभोक्ताओं के भरोसे और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।