कश्मीर को मिलेगी बड़ी सौगात, जेपी नड्डा करेंगे अवंतीपोरा एम्स का उद्घाटन; 2160 करोड़ से तैयार हुआ आधुनिक संस्थान
कश्मीर के पुलवामा जिले में 2160 करोड़ रुपये की लागत से बने एम्स अवंतीपोरा का उद्घाटन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी ...और पढ़ें

जेपी नड्डा आज करेंगे अवंतीपोरा एम्स का उद्घाटन। (फाइल फोटो)
HighLights
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा करेंगे एम्स अवंतीपोरा का उद्घाटन।
2160 करोड़ की लागत से बना 750 बिस्तरों का अस्पताल।
दक्षिण कश्मीर के मरीजों को मिलेगी विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। श्रीनगर के बड़े अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतीपोरा में बने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का उद्घाटन आज 5 नवंबर को होने जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा इस संस्थान का उद्घाटन करेंगे।
कश्मीर से भाजपा मीडिया प्रभारी सादिज युसूफ शाह ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि नड्डा वीरवार सुबह दिल्ली से श्रीनगर एयरपोर्ट सुबह 10 बजे तक पहुंच जाएंगे। समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हालांकि, उद्घाटन के बाद अस्पताल में कौन-कौन सी चिकित्सा सेवाएं तत्काल शुरू होंगी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
अवंतीपोरा एम्स को केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (पीएमएसएसवाई) के तहत मंजूरी दी गई थी। इस परियोजना की संशोधित अनुमानित लागत 2160 करोड़ रुपये से अधिक है। इसे 750 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक तृतीयक स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित किया गया है। यहां गंभीर बीमारियों के इलाज के साथ विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
दक्षिण कश्मीर के मरीजों को मिलेगी राहत
फिलहाल कश्मीर के कई जिलों के मरीजों को गंभीर बीमारियों और जटिल उपचार के लिए श्रीनगर के प्रमुख अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। ऐसे में एम्स अवंतीपोरा के पूरी तरह शुरू होने से दक्षिण कश्मीर के मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे श्रीनगर के मौजूदा बड़े अस्पतालों पर मरीजों का दबाव भी कम हो सकता है।
इस संस्थान का महत्व केवल मरीजों के इलाज तक सीमित नहीं है। यहां चिकित्सा शिक्षा, विशेषज्ञ डॉक्टरों के प्रशिक्षण और स्वास्थ्य क्षेत्र में शोध के लिए भी आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे जम्मू-कश्मीर में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ मेडिकल शिक्षा के बुनियादी ढांचे को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
उद्घाटन से संस्थान को चालू करने की प्रक्रिया होगी तेज
हालांकि, एम्स परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद निर्माण और बुनियादी ढांचे के विकास में कई बार देरी हुई। केंद्र सरकार और जम्मू-कश्मीर प्रशासन के स्तर पर समय-समय पर इसकी समीक्षा भी की गई।
अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि उद्घाटन संस्थान को चालू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। लेकिन अलग-अलग विभागों और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की शुरुआत उनकी परिचालन तैयारियों पर निर्भर करेगी। ऐसे में अब लोगों की नजर इस बात पर है कि उद्घाटन के बाद मरीजों को यहां से इलाज की सुविधा कब और किस स्तर पर मिलनी शुरू होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।