विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कश्मीर के सरकारी स्कूलों में नया सत्र शुरू, पर अभी तक नहीं मिलीं किताबें; सर्दियों की छुट्टियां भी करीब

Published: Mon, 09 Nov 2026 05:16 PM (IST)

सरकारी स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र के दो सप्ताह बाद भी JKBOSE द्वारा मुफ्त पाठ्यपुस्तकों का वितरण शुरू नहीं हुआ ...और पढ़ें

जम्मू कश्मीर में पाठ्यपुस्तकों की देरी से हजारों छात्रों की पढ़ाई प्रभावित। (AI Generated)

जम्मू कश्मीर में पाठ्यपुस्तकों की देरी से हजारों छात्रों की पढ़ाई प्रभावित। (AI Generated)

HighLights

  1. सरकारी स्कूलों में मुफ्त पाठ्यपुस्तकें मिलने में देरी।

  2. हजारों छात्रों की पढ़ाई प्रभावित, पुरानी किताबों का सहारा।

  3. JKBOSE ने 26 नवंबर तक वितरण का आश्वासन दिया।

रजिया नूर, श्रीनगर। निजी स्कूलों की मनमानी के चलते अभिभावक पहले ही महंगी किताबें खरीदकर अपनी जेब ढीली कर चुके हैं। वहीं, सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अभी तक जेकेबोस (जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड) की पाठ्यपुस्तकों का इंतजार है। किताबें समय पर नहीं मिलने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

कई विद्यार्थी अपने सीनियरों की पुरानी किताबों से पढ़ाई कर रहे हैं, तो कुछ उधार की किताबों के सहारे काम चला रहे हैं। वहीं, कई विद्यार्थी ऐसे भी हैं, जिनके बस्ते में अभी किताबें नहीं हैं और वे इनके मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

बता दें कि घाटी में नया शैक्षणिक सत्र 2026-27 शुरू हो गया है। स्कूली शिक्षा बोर्ड ने इस वर्ष भी पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें मुफ्त वितरित करने की घोषणा की है। लेकिन नए शैक्षणिक सत्र के शुरू हुए लगभग दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी बोर्ड ने अभी तक इन पुस्तकों का वितरण शुरू नहीं किया है। इसके चलते सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले हजारों विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

इस देरी से बोर्ड की तैयारियों और शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले पाठ्यपुस्तकों का वितरण सुनिश्चित करने की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। समय पर किताबें न मिलने से विद्यार्थी भी असमंजस में हैं। कुछ विद्यार्थी अपने सीनियरों की पुरानी और जर्जर किताबें उधार लेकर पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि कुछ अब भी किताबें मिलने का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे कई विद्यार्थी खाली बस्ते लेकर ही स्कूल पहुंच रहे हैं।

उधार की किताबों से पढ़ाई करने को मजबूर विद्यार्थी

श्रीनगर के एक सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले अंदलीब यूसुफ ने कहा, 'अभी तक हमें किताबें नहीं मिली हैं। हमारी कक्षाएं शुरू हुए दो सप्ताह बीत चुके हैं। मैंने भी अपनी कक्षा के बाकी बच्चों की तरह फिलहाल आठवीं कक्षा के एक छात्र से किताबें उधार ली हैं। लेकिन इनमें से कई किताबें कटी-फटी हालत में हैं। उर्दू की किताब के कई पन्ने गायब हैं।' अंदलीब ने कहा कि इन पुरानी किताबों से ठीक से पढ़ाई भी नहीं हो पाती।

बाजार में भी नहीं मिलीं किताबें

कासिद अहमद मलिक नाम के एक अन्य विद्यार्थी ने बताया कि वह सरकारी स्कूल में आठवीं कक्षा में दाखिला ले चुका है, लेकिन फिलहाल उसके पास कोई किताब नहीं है। उसने कहा, 'मेरे बाबा ने बाजार से मेरे लिए किताबें खरीदने की कोशिश की, लेकिन वहां भी नहीं मिलीं। बाद में पता चला कि ये किताबें बाजार में नहीं, बल्कि जेकेबोस की ओर से उपलब्ध कराई जाएंगी। लेकिन अभी तक हमें किताबें नहीं मिली हैं। मैं फिलहाल खाली स्कूल बैग लेकर स्कूल जाता हूं। कक्षा में कुछ बच्चों ने पुरानी किताबों का इंतजाम किया है। उन्हीं से किताबें लेकर अपना पाठ पढ़ रहे हैं।'

पिछले साल भी हुई थी देरी

इरशाद अहमद हकाक नाम के एक अभिभावक ने कहा, 'हमारे शिक्षा तंत्र का हाल देखिए। निजी स्कूलों के बच्चों ने कब का नया पाठ्यक्रम शुरू कर दिया है, जबकि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले हमारे बच्चे अभी भी किताबों का इंतजार कर रहे हैं।'

हकाक ने कहा कि पिछले साल भी जेकेबोस ने बच्चों को देर से किताबें बांटी थीं। इस बार भी वही स्थिति दोहराई जा रही है। बोर्ड को इस बात की परवाह नहीं है कि उसकी लापरवाही से बच्चों की पढ़ाई कितनी प्रभावित हो रही है।

छुट्टियां नजदीक, बच्चों को अब तक नहीं मिलीं नई किताबें

एक अन्य अभिभावक मंजूर अहमद भट ने कहा, 'सर्दियां बढ़ रही हैं। कुछ ही दिनों में यहां के स्कूलों में सर्दियों की छुट्टियां शुरू हो जाएंगी, लेकिन किताबें उपलब्ध नहीं होने के कारण बच्चों ने अभी तक नई किताबें देखी तक नहीं हैं।'

भट ने कहा कि वे बाजार से ही अपने बच्चों के लिए किताबें खरीद लेते, लेकिन वहां भी ये उपलब्ध नहीं हैं। सरकार को नया शैक्षणिक सत्र शुरू होते ही बच्चों तक किताबें पहुंचानी चाहिए थीं, ताकि उनकी पढ़ाई का समय बर्बाद न हो। लेकिन ऐसा लगता है कि सरकार को इसकी कोई परवाह ही नहीं है।

पहले श्रीनगर में बांटी जाएंगी किताबें, फिर अन्य जिलों की बारी

स्कूली शिक्षा बोर्ड के ज्वाइंट डायरेक्टर सैयद शब्बीर अहमद ने कहा, 'मैं ज्यादा विस्तार में नहीं जाऊंगा, लेकिन इतना जरूर कहूंगा कि पाठ्यपुस्तकें तैयार हो चुकी हैं और हमने उनका वितरण शुरू कर दिया है।'

उन्होंने कहा कि इन पुस्तकों को चरणबद्ध तरीके से बांटा जाएगा। सबसे पहले श्रीनगर जिले में और उसके बाद अन्य जिलों में इनका वितरण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पुस्तकों के वितरण की यह प्रक्रिया 26 नवंबर, 2026 तक जारी रहेगी। तब तक सभी सरकारी स्कूलों तक ये पुस्तकें पहुंचा दी जाएंगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।