विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ठंड बढ़ते ही बिजली की टेंशन, जम्मू-कश्मीर में शाम से सुबह तक 665 मेगावाट की कमी का अनुमान, जानें क्या है तैयारी

Published: Fri, 20 Nov 2026 06:51 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर में सर्दियों में बिजली की मांग बढ़ने से 665 मेगावाट की कमी का अनुमान है। रेगुलेटरी अथॉरिटी ने कम मांग आकलन पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों को पुनः आकलन और अग्रिम व्यवस्था के निर्देश दिए हैं।

जम्मू-कश्मीर में सर्दियों में बिजली संकट गहराने के आसार। (AI Generated)

जम्मू-कश्मीर में सर्दियों में बिजली संकट गहराने के आसार। (AI Generated)

HighLights

  1. सर्दियों में जम्मू-कश्मीर में 665 मेगावाट बिजली की कमी।

  2. नियामक ने बिजली मांग के कम आकलन पर उठाए सवाल।

  3. ट्रांसमिशन लाइनों का रखरखाव नवंबर तक पूरा करने का निर्देश।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में सर्दी बढ़ने के साथ बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में इस बार भी लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ सकता है। बिजली की उपलब्धता और मांग के बीच अंतर को देखते हुए शाम और रात के समय करीब 665 मेगावाट की कमी का अनुमान लगाया गया है। इस बीच पिछले साल की तुलना में इस बार बिजली की अधिकतम मांग का कम आकलन किए जाने पर इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी अथॉरिटी ने सवाल उठाए हैं। रेगुलेटरी अथॉरिटी ने संबंधित अधिकारियों को मांग का दोबारा आकलन करने और बिजली की कमी से निपटने के लिए पहले से व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में पिछले साल बिजली की अधिकतम मांग करीब 3300 मेगावाट तक पहुंच गई थी। इसके बावजूद आगामी अवधि के लिए इस बार अधिकतम मांग 2800 मेगावाट आंकी गई है।

रेगुलेटरी अथॉरिटी का मानना है कि पिछले साल की तुलना में मांग का इतना कम अनुमान वास्तविक जरूरत से मेल नहीं खाता। ऐसे में अधिकारियों को मांग के पूर्वानुमान की तत्काल समीक्षा करने को कहा गया है, ताकि जरूरत के मुताबिक बिजली की व्यवस्था की जा सके।

शाम से सुबह तक 665 मेगावाट की कमी

रेगुलेटरी अथॉरिटी के आकलन के अनुसार, शाम पांच बजे से अगले दिन सुबह आठ बजे तक गैर-सौर घंटों में करीब 665 मेगावाट बिजली की कमी रह सकती है। महीने के मध्य के बाद यह अंतर और बढ़ने की आशंका है। इस कमी को पूरा करने के लिए प्राधिकरण ने पहले से बिजली खरीद के समझौते करने की सलाह दी है।

इसमें चौबीस घंटे बिजली उपलब्ध कराने वाले राउंड-द-क्लॉक (आरटीसी) समझौतों के अलावा शाम और रात के अधिक मांग वाले घंटों के लिए अलग से बिजली खरीदने की व्यवस्था शामिल है। इससे बिजली की कमी के समय महंगे अल्पकालिक बाजार पर निर्भरता कम की जा सकेगी।

नवंबर में पूरा करना होगा ट्रांसमिशन लाइनों का रखरखाव

सर्दियों में बिजली की आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए ट्रांसमिशन व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया है। रेगुलेटरी अथॉरिटी ने पावरग्रिड को न्यू वानपोह स्थित एसवीसी (स्टैटिक वार कंपेंसेटर) का रखरखाव नवंबर में ही पूरा करने को कहा है। दिसंबर से फरवरी के दौरान इस उपकरण को बंद कर रखरखाव करना मुश्किल होगा।

इसके अलावा पावरग्रिड और इंडिग्रिड को जम्मू-कश्मीर में 400 केवी की ट्रांसमिशन लाइनों का जरूरी रखरखाव नवंबर के अंत तक पूरा करने की सलाह दी गई है। दिसंबर से मार्च तक इन लाइनों को चालू रखना जरूरी होगा। इस अवधि में इनके शटडाउन की अनुमति नहीं दी जाएगी।

बढ़ती मांग और घटता उत्पादन बनी चुनौती

उधर, कश्मीर में ठंड बढ़ने के साथ बिजली की उपलब्धता और मांग के बीच अंतर भी बढ़ रहा है। अधिकारियों के अनुसार, घाटी में 24 घंटे के दौरान करीब 3500 मेगावाट बिजली की जरूरत है, जबकि उपलब्धता 2900 से 3100 मेगावाट के बीच बनी हुई है। इस तरह रोजाना करीब 500 से 600 मेगावाट की कमी रह रही है। सर्दियों में घरों में हीटिंग उपकरणों का इस्तेमाल बढ़ने से सुबह और शाम बिजली की खपत में और इजाफा होने की आशंका है।

इस संकट की एक बड़ी वजह स्थानीय जलविद्युत परियोजनाओं से उत्पादन में गिरावट भी है। सर्दियों में नदियों और जल स्रोतों में पानी का प्रवाह कम होने से बिजली उत्पादन प्रभावित होता है। हालिया दिनों में जम्मू-कश्मीर की अपनी जलविद्युत परियोजनाओं से उत्पादन घटकर करीब 250 से 280 मेगावाट रह गया है।

ऐसे में इस बार सर्दियों में बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगी। मांग का सही आकलन, समय रहते बिजली खरीद के समझौते और ट्रांसमिशन व्यवस्था का रखरखाव ही संकट को कम करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।