कश्मीर: बर्फ से रास्ते बंद हुए तो आसमान से मिलेगी मदद, बांडीपोरा-कुपवाड़ा में 1 दिसंबर से शुरू होगी हवाई सेवा
बांडीपोरा और कुपवाड़ा के दुर्गम इलाकों में बर्फबारी से पहले प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। 1 दिसंबर से शीतकालीन ...और पढ़ें

बर्फबारी में सड़कें बंद हुईं तो मरीजों को मिलेगी हवाई सुविधा। (AI Generated)
HighLights
1 दिसंबर से बांडीपोरा-कुपवाड़ा में शीतकालीन हवाई सेवाएं शुरू।
दुर्गम इलाकों में राशन, ईंधन का अग्रिम भंडारण किया जाएगा।
4x4 एंबुलेंस, गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। बांडीपोरा और कुपवाड़ा के दुर्गम इलाकों में रहने वाले लोगों को इस सर्दी में बर्फबारी के कारण सड़क संपर्क टूटने पर परेशान नहीं होना पड़ेगा। प्रशासन ने 1 दिसंबर से इन क्षेत्रों में शीतकालीन हवाई सेवाएं शुरू करने की तैयारी की है, ताकि आपात स्थिति में मरीजों और अन्य जरूरतमंद लोगों को समय पर मदद मिल सके। इसके साथ ही गुरेज और करनाह-मछिल-केरन में राशन व ईंधन का अग्रिम भंडारण और दूरदराज गांवों में स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण जब बांडीपोरा और कुपवाड़ा के दूरदराज इलाकों की सड़कें बंद हो जाती हैं तो वहां रहने वाले लोगों के लिए अस्पताल पहुंचना और आपात स्थिति में बाहर निकलना बड़ी चुनौती बन जाता है।
कई बार मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा तक पहुंचाना भी मुश्किल हो जाता है। इस समस्या से निपटने के लिए ही यह शीतकालीन हवाई सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य रखा है। नागरिक उड्डयन विभाग को तय समयसीमा में सेवाएं चालू करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों के पास आवाजाही का विकल्प मौजूद रहे।
बर्फबारी से पहले दूरदराज इलाकों में जमा होगा जरूरी सामान
वहीं, गुरेज और करनाह-मछिल-केरन जैसे इलाकों में सड़क संपर्क बाधित होने से पहले राशन, रसोई गैस और पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार जमा किया जाएगा। प्रशासन की कोशिश है कि भारी बर्फबारी के दौरान भी इन क्षेत्रों में लोगों को जरूरी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।
डिवीजनल कमिश्नर कश्मीर अंशुल गर्ग ने भी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं अभी से सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खास तौर पर उन इलाकों पर ध्यान देने को कहा, जहां सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण सड़कें बंद हजाती हैं और सामान्य आवाजाही मुश्किल हो जाती है।
बांडीपोरा-कुपवाड़ा में 1 दिसंबर तक शुरू होंगी हवाई सेवाएं
बांडीपोरा और कुपवाड़ा के दूरदराज क्षेत्रों में सर्दियों के दौरान हवाई सेवाएं शुरू करने में हो रही देरी को भी गंभीरता से लेते हुए डिवीजनल कमिश्नर ने नागरिक उड्डयन विभाग को 1 दिसंबर तक सेवाएं चालू करने काे सख्ती से कहा है।
उन्होंने श्रीनगर एयरपोर्ट के निदेशक को भी निर्देश दिया कि खराब मौसम के कारण उड़ानों के समय में बदलाव होने पर यात्रियों और आम जनता तक समय पर जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
सड़कें बंद होने से पहले घरों तक पहुंचेगा राशन
सर्दियों में दूरदराज इलाकों की सबसे बड़ी चुनौती खाद्य सामग्री और ईंधन की उपलब्धता होती है। सड़कें बंद होने के बाद इन क्षेत्रों तक जरूरी सामान पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। इसे देखते हुए कश्मीर प्रशासन ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग को एक सप्ताह के भीतर अग्रिम भंडारण पूरा करने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी दूरदराज इलाकों में आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडार रहना चाहिए, ताकि सड़क संपर्क टूटने के बाद लोगों को राशन और ईंधन की किल्लत न झेलनी पड़े।
अस्पतालों में जरूरी दवाइयों की उपलब्धता, हीटिंग व्यवस्था और दूरदराज क्षेत्रों में चिकित्सा कर्मचारियों की तैनाती को भी यकीनी बनाया जा रहा है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) स्वास्थ्य सेवा निदेशालय कश्मीर के लिए 4×4 एंबुलेंस उपलब्ध कराएगी। इन एंबुलेंस को जिलों में जरूरत के अनुसार वितरित किया जाएगा। ये पहले से उपलब्ध संजय एंबुलेंस के अतिरिक्त होंगी, जिससे बर्फबारी और कठिन सड़क परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने की क्षमता बढ़ाएगी।
गर्भवती महिलाओं-गंभीर मरीजों की सूची तैयार
प्रशासन ने अभी से उन लोगों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता देने को कहा है, जिन्हें भारी बर्फबारी के दौरान सबसे अधिक जोखिम रहता है। स्वास्थ्य विभाग को दूरदराज और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं तथा गंभीर रूप से बीमार मरीजों की विस्तृत सूची तैयार कर रहा है।
जरूरत पड़ने पर इन लोगों को भारी बर्फबारी शुरू होने से पहले ही अस्थायी सुरक्षित आश्रय स्थलों पर स्थानांतरित किया जाएगा, ताकि सड़कें बंद होने या आवाजाही बाधित होने की स्थिति में भी उनका इलाज और चिकित्सा देखभाल जारी रह सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।