विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बच्चों की सुरक्षा पर जागी जम्मू-कश्मीर सरकार, 20 जिलों में समितियों के गठन की कवायद शुरू; पर HC में अटका बाल आयोग

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:57 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर सरकार ने सात माह बाद सभी 20 जिलों में बाल कल्याण समितियों (सीडब्ल्यूसी) के गठन की प्रक्रिया शुरू की है, जिसके लिए अध्यक्षों और सदस्यों के आवेदन मांगे गए हैं।  Jammu Kashmir child protection,Child Welfare Committees J&K,Child Rights Protection Commission J&K,children in conflict with law J&K,delay in forming Child Welfare Committees Jammu Kashmir,Juvenile Justice Act 2015 implementation J&K,challenges in J&K child protection system,Jammu Kashmir government child safety

जम्मू-कश्मीर के 20 जिलों में समितियां बनाने की प्रक्रिया शुरू। (फाइल फोटो)

जम्मू-कश्मीर के 20 जिलों में समितियां बनाने की प्रक्रिया शुरू। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. जम्मू-कश्मीर में 20 जिलों में बाल कल्याण समितियों का गठन शुरू।

  2. बाल अधिकार संरक्षण आयोग का गठन अभी भी अदालत में अटका।

  3. सात माह की देरी से बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई।

नवीन नवाज, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में कानून से संघर्ष की स्थिति में आए बच्चों और देखभाल एवं संरक्षण की जरूरत वाले नाबालिगों को संस्थागत सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने आखिरकार कदम उठाया है। प्रदेश के सभी 20 जिलों में बाल कल्याण समितियों (सीडब्ल्यूसी) के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत 20 अध्यक्षों और 80 सदस्यों की नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। हालांकि, बच्चों के अधिकारों की निगरानी करने वाले बाल अधिकार संरक्षण आयोग का गठन अब भी कानूनी विवाद में उलझा हुआ है।

बाल कल्याण समितियों के गठन में देरी का असर प्रदेश की बाल संरक्षण व्यवस्था पर पड़ रहा था। अप्रैल 2023 में गठित मौजूदा समितियों का तीन वर्ष का कार्यकाल अप्रैल 2026 में समाप्त हो गया था।

इसके बाद सरकार ने नई समितियों के गठन तक छह महीने का विस्तार दिया, लेकिन इस अवधि में भी नियुक्तियां नहीं हो सकीं। परिणामस्वरूप जिलों में बच्चों की देखभाल, संरक्षण और कानूनी सहायता से जुड़े मामलों के निस्तारण में मुश्किलें आने लगीं।

अधिकारों की कमी के चलते बाल संरक्षण व्यवस्था प्रभावित

संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, बाल कल्याण समितियों की अनुपस्थिति में बाल संरक्षण अधिकारियों को बच्चों से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी सौंपी गई, लेकिन उनके पास देखभाल, जमानत और जांच से संबंधित आदेश जारी करने के वैधानिक अधिकार नहीं थे। इससे जरूरतमंद बच्चों को समय पर कानूनी और संस्थागत सहायता उपलब्ध कराने में कठिनाई हुई।

सज्जाद लोन ने सरकार से की ये मांग 

पूर्व सामाजिक कल्याण मंत्री एवं मौजूदा विधायक सज्जाद लोन ने भी समितियों के गठन में देरी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि समितियों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद संकट में फंसे बच्चों के सामने संस्थागत सहायता का विकल्प सीमित हो गया है।

उनके अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 से बाल कल्याण समिति और किशोर न्याय बोर्ड की अनुपलब्धता के कारण बच्चों को संबंधित संस्थाओं के समक्ष पेश करने में भी दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने सरकार से नियुक्तियां जल्द पूरी करने की मांग की है।

प्रत्येक जिले में समिति बनाना अनिवार्य

किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015 और जम्मू-कश्मीर किशोर न्याय नियम, 2021 के तहत प्रत्येक जिले में बाल कल्याण समिति का गठन अनिवार्य है। इन समितियों का दायित्व देखभाल और संरक्षण की जरूरत वाले बच्चों के मामलों पर निर्णय लेना तथा उन्हें कानूनी और संस्थागत सहायता उपलब्ध कराना है।

जम्मू-कश्मीर में वर्ष 2016-17 में एकीकृत बाल संरक्षण सेवा शुरू की गई थी, जिसे बाद में मिशन वात्सल्य नाम दिया गया। इसके तहत कानून से जुड़े मामलों में नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड और संरक्षण की जरूरत वाले बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश करने का प्रावधान है। इसका उद्देश्य बच्चों के साथ बाल-अनुकूल व्यवहार सुनिश्चित करना है।

2019 से नहीं बना बाल अधिकार संरक्षण आयोग

दूसरी ओर, जम्मू-कश्मीर बाल अधिकार संरक्षण आयोग का गठन भी वर्ष 2019 के बाद से नहीं हो पाया है। नवंबर 2024 में सामाजिक कल्याण विभाग ने आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे थे, लेकिन चयन प्रक्रिया हाईकोर्ट में चुनौती दिए जाने के बाद अटक गई।

आवेदक शाहिद अहमद रोंगा ने अध्यक्ष पद की पात्रता में प्रबंधन विषय को शामिल किए जाने पर आपत्ति जताई है। उनका तर्क है कि संबंधित कानून में प्रबंधन विषय को अनिवार्य योग्यता नहीं बताया गया है। उन्होंने चयन प्रक्रिया में मेरिट को लेकर भी अनियमितताओं का आरोप लगाया है। इस मामले में इसी सप्ताह हाईकोर्ट में सुनवाई होने की संभावना है।

दोहरी चुनौती से जूझ रही बाल संरक्षण व्यवस्था

सभी 20 जिलों में समितियों के गठन की प्रक्रिया शुरू होना बाल संरक्षण व्यवस्था को फिर सक्रिय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हालांकि, नियुक्तियां पूरी होने और समितियों के कामकाज शुरू होने तक बच्चों को होने वाली परेशानियां दूर करना चुनौती रहेगा। वहीं, बाल अधिकार संरक्षण आयोग का गठन अदालत में अटका होने से निगरानी और जवाबदेही की व्यवस्था भी अधूरी है। सरकार के सामने अब दोनों संस्थाओं को प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।