जम्मू-कश्मीर में राशन कार्ड धारकों के लिए राहत, फेस ऑथेंटिकेशन जरूरी नहीं; राशन लेने के लिए मिलेंगे 4 आसान विकल्प
जम्मू-कश्मीर में राशन वितरण के लिए चेहरे की पहचान अनिवार्य नहीं है, लाभार्थियों के पास चार विकल्प उपलब्ध हैं। अब ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में राशन वितरण, लाभार्थियों को मिली तकनीक चुनने की आजादी। (AI Generated)
HighLights
राशन लेने के लिए चेहरे की पहचान अनिवार्य नहीं।
लाभार्थियों के पास चार प्रमाणीकरण विकल्प उपलब्ध हैं।
परिवार का कोई भी वयस्क सदस्य राशन ले सकता है।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। देशभर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को डिजिटल और पारदर्शी बनाने की कोशिशों के बीच जम्मू-कश्मीर से राशन कार्ड धारकों के लिए एक राहत बड़ी खबर है। राशन लेने के लिए चेहरे की पहचान अनिवार्य किए जाने की चर्चाओं ने लाभार्थियों के बीच चिंता पैदा कर दी थी, लेकिन खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी व्यक्ति को एक खास तकनीक अपनाने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।
राशन लेने के लिए चार विकल्प उपलब्ध हैं और लाभार्थी अपनी सुविधा के अनुसार किसी एक का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस व्यवस्था का दूसरा अहम पहलू यह है कि राशन कार्ड पर दर्ज परिवार का मुखिया ही नहीं बल्कि कोई भी वयस्क सदस्य डिपो जाकर राशन ले सकता है।
कमिश्नर सेक्रेटरी ने दूर किया लोगों का संशय
जम्मू-कश्मीर के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के कमिश्नर सेक्रेटरी सौरभ भगत ने जनता के इस संशय को समाप्त करते हुए स्पष्ट किया कि आधार आधारित प्रमाणीकरण व्यवस्था वर्ष 2020 के आसपास से चल रही है।
इसका मकसद लाभार्थियों को परेशान करना नहीं, बल्कि सरकारी खाद्यान्न के वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करना, कालाबाजारी रोकना और वास्तविक पात्र परिवारों तक उनका हक पहुंचाना है।
फेस ऑथेंटिकेशन अनिवार्य होने के मैसेज से बढ़ी लोगों की चिंता
भगत ने कहा कि व्हाट्सएप ग्रुपों में फेस ऑथेंटिकेशन अनिवार्य होने के संदेश प्रसारित होने से लोगों में बेवजह चिंता पैदा हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ने से कुछ लोग असहज हैं और इंटरनेट की अनुपलब्धता तथा तकनीकी दिक्कतों का हवाला देकर व्यवस्था को एक-दो महीने के लिए रोकने की मांग कर रहे हैं।
दरअसल, सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीक का इस्तेमाल बढ़ने के साथ यह सवाल भी महत्वपूर्ण हो गया है कि डिजिटल प्रक्रिया उन लोगों के लिए कितनी सुविधाजनक है, जिन्हें उम्र, शारीरिक अक्षमता या तकनीकी समस्याओं के कारण प्रमाणीकरण में परेशानी होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अब चार तरीके उपलब्ध हैं।
राशन लेने के लिए चार विकल्प
पहले राशन वितरण के दौरान मुख्य रूप से अंगूठे के निशान से पहचान की जाती थी। अब इसके साथ आंखों की पुतली की पहचान, मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी और फेस ऑथेंटिकेशन को भी जोड़ा गया है। सौरभ भगत के मुताबिक, चारों विकल्पों में से कोई भी व्यक्तिगत रूप से अनिवार्य नहीं है।
इसका मतलब है कि जिन बुजुर्गों या अन्य लाभार्थियों के अंगूठे के निशान मशीन में दर्ज नहीं हो पाते, वे दूसरे विकल्प अपना सकते हैं। किसी व्यक्ति का दायां हाथ काम नहीं करता तो वह चेहरे की पहचान से प्रमाणीकरण करवा सकता है। इसी तरह ओटीपी की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे कुछ विशेष परिस्थितियों में डीलर की सहायता से प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
राशन लेने के लिए पिता का जाना भी जरूरी नहीं
विभाग ने एक और बड़ी गलतफहमी दूर की है। कई परिवारों में यह माना जा रहा था कि राशन कार्ड के मुखिया की मौजूदगी के बिना राशन नहीं मिलेगा। भगत ने स्पष्ट किया कि पिता के काम पर होने या किसी अन्य कारण से डिपो नहीं पहुंच पाने की स्थिति में मां, बेटा, बेटी, भाई या बहन राशन लेने जा सकते हैं। शर्त सिर्फ इतनी है कि राशन लेने वाला परिवार का वयस्क सदस्य हो। नाबालिग बच्चे को अकेले राशन लेने नहीं भेजना चाहिए।
भगत ने डिजिटल प्रमाणीकरण को राशन वितरण में गड़बड़ियां रोकने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उनके अनुसार, यदि किसी डीलर को 500 लाभार्थियों के लिए चार क्विंटल राशन आवंटित किया गया और आधार प्रमाणीकरण के जरिए केवल 300 लोगों ने राशन प्राप्त किया, तो कंप्यूटर शेष 200 लाभार्थियों का रिकॉर्ड दिखाएगा। इससे यह पता लगाने में मदद मिलती है कि आवंटित खाद्यान्न का वितरण कहां तक हुआ।
50 सेकेंड में पूरी हो सकती है चेहरे से पहचान
विभाग के अनुसार, फेस ऑथेंटिकेशन सार्थक पीडीएस पहल के तहत लागू आधुनिक तकनीक का हिस्सा है। यह व्यवस्था विभिन्न राज्यों में अपनाई जा रही है। जम्मू-कश्मीर में भी इसका इस्तेमाल हो रहा है। भगत ने बताया कि फेस ऑथेंटिकेशन में डीलर लाभार्थी का विवरण दर्ज करता है।
स्क्रीन पर बने लाल घेरे में चेहरा रखकर पलक झपकाने पर पहचान की प्रक्रिया पूरी हो जाती है। इसमें सामान्यतः 40 से 50 सेकेंड लगते हैं। इस डिजिटल प्रणाली से वितरण में जवाबदेही तय होती है और खाद्यान्न की हेराफेरी पर रोक लगाने में मदद मिलती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।