CM उमर अब्दुल्ला का कड़ा एक्शन, सर्दियों से पहले दूरदराज के इलाकों की बदलेगी तस्वीर; अफसरों को सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने रियासी जिले में अधिकारियों को दूरदराज के परिवारों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने और लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।

रियासी के विकास के लिए CM ने अधिकारियों को दिया पूरा रोडमैप। (फाइल फोटो)
HighLights
विकास योजनाओं का लाभ दूरदराज के हर परिवार तक पहुंचाएं।
सर्दियों से पहले बर्फ हटाने, बिजली आपूर्ति की तैयारी पूरी करें।
महोर जैसे दुर्गम क्षेत्रों में सड़क संपर्क और आवश्यक वस्तुएं सुनिश्चित करें।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों तक विकास योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने बुधवार को रियासी जिले में अधिकारियों को लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने और विभागीय समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने विकास कार्यों, जनसुविधाओं और आगामी सर्दियों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
बैठक में कैबिनेट मंत्री, मुख्यमंत्री के सलाहकार, स्थानीय विधायक और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सड़क, पेयजल, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, कृषि, सामाजिक कल्याण, रोजगार, पर्यटन और जनजातीय कल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने और विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने को कहा।
शहरी सड़कों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने शहरी सड़कों के निर्माण में तेजी लाने के साथ महोर जैसे दुर्गम क्षेत्रों में भी सड़क सुविधाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य और शिक्षा संस्थानों में कर्मचारियों की तैनाती जरूरत के अनुरूप तर्कसंगत बनाने पर जोर देते हुए उन्होंने सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने को कहा। उन्होंने लंबित पेयजल योजनाओं को जल्द पूरा कर प्रत्येक शेष परिवार तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर
युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने मिशन युवा सहित विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण वितरण में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने पूंजीगत निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता (एसएएससीआइ) सहित सभी विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा करने, परियोजनाओं को समय पर पूरा करने और आवंटित धनराशि का उचित उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
सर्दियों से पहले बर्फ हटाने वाली मशीनें तैनात करें
आगामी सर्दियों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बर्फ हटाने वाली मशीनों की पर्याप्त तैनाती, निर्बाध बिजली आपूर्ति और आवश्यक खाद्य सामग्री का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महोर जैसे दुर्गम क्षेत्रों में जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता बनाए रखने के साथ संवेदनशील ढलानों को स्थिर करने पर भी जोर दिया, ताकि सर्दियों के दौरान लोगों को आवश्यक सुविधाएं मिलती रहें।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जवाबदेही के साथ काम करने और विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि विकास की वास्तविक सफलता आम लोगों के जीवन में आने वाले सकारात्मक बदलाव से आंकी जानी चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।