विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में दिव्यांग बच्चों के लिए बनेगा खास स्कूल, सरकार ने मंजूर की 5 कनाल जमीन; पढ़ाई के साथ मिलेगी थेरेपी

Published: Tue, 24 Nov 2026 02:23 PM (IST)

सरकार ने बारामुला जिले के हादीपोरा में दिव्यांग बच्चों के लिए एक विशेष स्कूल बनाने हेतु पांच कनाल भूमि समाज कल्याण विभाग को हस्तांतरित करने की मंजूरी दी है। 

बारामुला में दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष स्कूल निर्माण को मिली मंजूरी। (AI Generated)

बारामुला में दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष स्कूल निर्माण को मिली मंजूरी। (AI Generated)

HighLights

  1. बारामुला में दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष स्कूल बनेगा।

  2. पांच कनाल भूमि समाज कल्याण विभाग को हस्तांतरित की गई।

  3. शैक्षणिक, चिकित्सकीय सहायता और कौशल विकास मिलेगा।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। सरकार ने बारामुला जिले की तहसील वत्रगाम के एस्टेट हादीपोरा में पांच कनाल भूमि को समाज कल्याण विभाग को हस्तांतरित करने की मंजूरी दी है। इस भूमि पर दिव्यांग बच्चों के लिए एक स्कूल का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इंटरनेट मीडिया एक्स पर इस फैसले की जानकारी साझा करते हुए कहा कि इस पहल का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को समर्पित शैक्षणिक सुविधाएं, चिकित्सकीय एवं थेरेपी संबंधी सहायता तथा कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना है।

अधिकारियों के अनुसार प्रस्तावित स्कूल में बच्चों की व्यक्तिगत जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शिक्षा और विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जाएगा।

इसके माध्यम से न केवल उनकी शैक्षणिक क्षमता को विकसित करने पर जोर दिया जाएगा, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास भी किए जाएंगे।

दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष स्कूलों की जरूरत क्यों महसूस हो रही है?

गौरतलब है कि दिव्यांग बच्चों को सामान्य शैक्षणिक व्यवस्था में कई बार बुनियादी सुविधाओं, प्रशिक्षित शिक्षकों और आवश्यक चिकित्सकीय सहायता की कमी जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनके लिए विशेष शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना महत्वपूर्ण मानी जाती है।

बेहतर भविष्य की राह होगी आसान

सरकार की इस पहल से क्षेत्र के विशेष जरूरतों वाले बच्चों को शिक्षा, उपचारात्मक सहयोग और व्यावहारिक कौशल हासिल करने के बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।

अधिकारियों का कहना है कि यह कदम समावेशी शिक्षा, सशक्तिकरण और सामाजिक एकीकरण को बढ़ावा देने के साथ-साथ इन बच्चों को समान अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।