जम्मू-कश्मीर: पांच सरकारी कामों के बिल पास करने के लिए मांगी रिश्वत, ACB के जाल में ऐसे फंसे जेई और ठेकेदार
जम्मू-कश्मीर में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बांदीपोरा में एक असिस्टेंट इंजीनियर और ठेकेदार को ₹8,000 की रिश्वत लेते गिरफ्तार ...और पढ़ें

एसीबी ने रिश्वत लेते इंजीनियर और ठेकेदार को रंगे हाथ पकड़ा।
HighLights
एसीबी ने असिस्टेंट इंजीनियर और ठेकेदार को गिरफ्तार किया।
₹8,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए।
बांदीपोरा में सरकारी कार्यों के बिल पास करने का मामला।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने ग्रामीण विकास विभाग (आरडीडी) के एक असिस्टेंट इंजीनियर और एक ठेकेदार को 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने बांदीपोरा जिले में पांच सरकारी कार्यों के लंबित बिलों को मंजूरी दिलाने के बदले रिश्वत मांगी थी।
एसीबी की ओर से वीरवार को जारी बयान के अनुसार, आरोपी असिस्टेंट इंजीनियर मोहम्मद रफी मून ब्लॉक अरिन में तैनात था। शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को बताया था कि पांच सरकारी कार्य पूरे होने के बावजूद उसके बिल जानबूझकर रोके जा रहे थे।
बिलों को मंजूरी देने के बदले इंजीनियर ने पहले 11 हजार रुपये की मांग की, लेकिन बातचीत के बाद यह रकम घटाकर 8 हजार रुपये कर दी गई।
शिकायत मिलते ही सक्रिय हुई एसीबी
शिकायत मिलने पर एसीबी के पुलिस स्टेशन बारामुला ने मामले का गोपनीय सत्यापन किया। शुरुआती जांच में भ्रष्टाचार का मामला सामने आने के बाद भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। यह मामला 12 नवंबर को दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई।
एसीबी ने जाल बिछाकर असिस्टेंट इंजीनियर और ठेकेदार को पकड़ा
इसके बाद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में एसीबी की टीम ने जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान असिस्टेंट इंजीनियर मोहम्मद रफी मून और ठेकेदार हिलाल अहमद मीर पुत्र मोहम्मद रमजान मीर, निवासी गुंडपोरा रामपोरा, बांडीपोरा को कथित तौर पर 8 हजार रुपये की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए पकड़ लिया गया।
रिश्वत की पूरी रकम आरोपियों के कब्जे से बरामद की गई। स्वतंत्र गवाहों और अन्य साक्ष्यों के माध्यम से बरामदगी की पुष्टि भी की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया गया है। मामले के अन्य पहलुओं और संभावित संलिप्तता की जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।