जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर सफर होगा आसान, दिसंबर में खुलेंगी दो नई सुरंगें और फ्लाईओवर; जानें पूरा प्लान
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर रामबन-बनिहाल सेक्टर में तीन बड़ी परियोजनाएं जल्द पूरी होंगी। इनमें दो सुरंगें दिसंबर में और एक फ्लाईओवर 30 नवंबर को खुलने से यात्रा सुरक्षित व सुगम होगी।

30 नवंबर को वाहनों के लिए खुलेगा नचलाना-किश्तवाड़ी पाथर फ्लाईओवर। (फाइल फोटो)
HighLights
रामबन-बनिहाल सेक्टर में तीन प्रमुख परियोजनाएं होंगी पूरी।
दो सुरंगें दिसंबर में, एक फ्लाईओवर 30 नवंबर को खुलेगा।
हाईवे पर जाम कम होगा, यात्रा सुरक्षित और सुगम बनेगी।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू से श्रीनगर के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर रामबन-बनिहाल सेक्टर में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने वाली तीन प्रमुख परियोजनाएं जल्द पूरी होने जा रही हैं। इनमें दो सुरंगें दिसंबर में यातायात के लिए खोलने की तैयारी है, जबकि एक वायाडक्ट (फ्लाईओवर) 30 नवंबर से वाहनों की आवाजाही के लिए उपलब्ध होगा। इन परियोजनाओं के शुरू होने से हाईवे के चुनौतीपूर्ण हिस्सों में जाम की समस्या कम होगी और जम्मू-कश्मीर के बीच यात्रा अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगी।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआइ) के अनुसार, तीनों परियोजनाओं का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इनमें डिगडोल से खूनी नाला के बीच 2.6 किलोमीटर लंबी सुरंग, पंथियाल में 650 मीटर लंबी समानांतर सुरंग और नचलाना-किश्तवाड़ी पाथर वायडक्ट (फ्लाईओवर) के बीच 1150 मीटर लंबा पुल शामिल है।
डिगडोल-खूनी नाला सुरंग दिसंबर में खुलेगी
डिगडोल-खूनी नाला सुरंग की खुदाई का काम पूरा हो चुका है। एनएचएआइ के मुताबिक, अब सुरंग से जुड़े सुरक्षा और संरक्षण संबंधी शेष कार्य किए जा रहे हैं, जिन्हें कुछ दिनों में पूरा करने की उम्मीद है। इसके बाद दिसंबर के दूसरे या तीसरे सप्ताह में इसे यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
वहीं, पंथियाल में मौजूदा टी-5 सुरंग के समानांतर बनाई गई 650 मीटर लंबी नई सुरंग का निर्माण भी पूरा हो चुका है। फिलहाल इसमें अंतिम स्तर का कार्य चल रहा है। इसे दिसंबर के तीसरे सप्ताह में वाहनों के लिए खोलने की तैयारी है। इन दोनों सुरंगों के शुरू होने से डिगडोल से मगरकोट के बीच चार लेन की सड़क संपर्क सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। इससे इस हिस्से में यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
30 नवंबर को खुलेगा फ्लाईओवर
रामबन-बनिहाल सेक्टर की तीसरी महत्वपूर्ण परियोजना नचलाना और किश्तवाड़ी पाथर के बीच 1150 मीटर लंबा फ्लाईओवर है। इसका निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और 30 नवंबर को इसे यातायात के लिए चालू किया जाना निर्धारित है।
एनएचएआइ के अनुसार, इन तीनों परियोजनाओं का उद्देश्य हाईवे के संवेदनशील और दुर्घटना संभावित स्थानों पर यातायात को सुचारु बनाना, यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाना और यात्रा का समय कम करना है।
जम्मू-कश्मीर के बीच आवाजाही को मिलेगी नई रफ्तार
आपको बता दें कि राष्ट्रीय राजमार्ग-44 कश्मीर घाटी को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला प्रमुख सड़क मार्ग है। रामबन-बनिहाल क्षेत्र में भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण मार्ग के कारण अक्सर यातायात प्रभावित होता है।
ऐसे में सुरंगों और वायाडक्ट जैसी परियोजनाएं इस मार्ग को अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने के साथ जम्मू और कश्मीर के बीच आवागमन को नई गति देने में महत्वपूर्ण साबित होंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।