विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 29, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jammu Kashmir Weather: कड़ाके की ठंड के आगोश में कश्मीर, बुधवार की रात इस मौसम में अब तक की सबसे ठंडी रात रही

Published: Fri, 29 Nov 2024 09:26 AM (IST)

कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। श्रीनगर में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात ...और पढ़ें

अनंतनाग की ओर से सिंथन की पहाड़ियां इस तरह चांदी की तरह चमक रही हैं। साहिल मीर।
अनंतनाग की ओर से सिंथन की पहाड़ियां इस तरह चांदी की तरह चमक रही हैं। साहिल मीर।

HighLights

  1. आज भी मौसम शुष्क, एक दिसंबर तक उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना।
  2. माइनस पांच डिग्री सेल्सियस के साथ पहलगाम जम्मू कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान रहा।

जागरण संवाददाता, श्रीनगर/जम्मू। शुष्क मौसम के बीच कश्मीर घाटी कड़ाके की ठंड के प्रभाव में आ गई है। जम्मू कश्मीर का ग्रीष्मकालीन राजधानी शहर श्रीनगर और कश्मीर के अन्य स्थानों पर बुधवार की रात इस मौसम में अब तक की सबसे ठंडी रात रही। घाटी के अधिकांश हिस्सों में रात का तापमान जमाव बिंदु से नीचे रहा।

श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मंगलवार की रात के माइनस 0.6 डिग्री सेल्सियस से 1.5 डिग्री कम है। यह सामान्य तापमान से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम है। जम्मू का अधिकतम तापमान 20.1 और न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस है।

4-6 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार शाम तक मौसम आमतौर पर शुष्क ही रहेगा। हालांकि, एक दिसंबर तक उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। यह सिलसिला दो दिसंबर को भी जारी रह सकता है।

इसके बाद 4-6 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद सात दिसंबर से अगले दो दिनों के दौरान ऊंचे इलाकों में बारिश या बर्फबारी संभव है।

जम्मू में पूरे दिन धूप खिली

गुरुवार को प्रदेश के लगभग सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। जम्मू में पूरे दिन धूप रही। श्रीनगर में भी आसमान साफ रहा। अलबत्ता, कश्मीर में शीतलहर का असर दिखने लगा है। घाटी के प्रवेश द्वार शहर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान माइनस तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान था।

गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से 2.5 डिग्री नीचे

पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस पांच डिग्री सेल्सियस रहा जो जम्मू कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा। प्रसिद्ध स्की रिसार्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि कुपवाड़ा में यह माइनस 2.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

ठिठुरने लगे मैदानी इलाके

बता दें कि जम्मू संभाग के पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ने के साथ अब मैदानी इलाके भी ठिठुरने लगे हैं। जम्मू के मैदानी इलाकों में सुबह-शाम ठंड जोर पकड़ रही है। तापमान में भी गिरावट जारी है। मौसम विभाग के अनुसार दो दिसंबर से बारिश की संभावना है। उच्च पर्वतीय श्रृंखलाओं पर बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं से देखने को मिल रहा है।

यह भी पढ़ें- Jammu Kashmir Weather: जम्मू के मैदानी इलाकों में बढ़ने लगा ठंड का प्रकोप, दो दिसंबर से बारिश के भी आसार