विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

18 साल के हुए हैं तो ध्यान दें, वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का मौका; 10-11 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर में विशेष अभियान

Published: Wed, 07 Oct 2026 06:08 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर में 10 और 11 अक्टूबर को विशेष मतदाता नामांकन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बीएलओ मतदान केंद्रों पर मौजूद ...और पढ़ें

10-11 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के हर बूथ पर मिलेंगे BLO। (फाइल फोटो)

10-11 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के हर बूथ पर मिलेंगे BLO। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. जम्मू-कश्मीर में 10-11 अक्टूबर को विशेष मतदाता नामांकन अभियान।

  2. बीएलओ मतदान केंद्रों पर सुबह 9 से शाम 5 बजे तक मौजूद।

  3. नए नाम दर्ज कराएं, विवरण सुधारें या बदलाव करें आसानी से।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में कोई पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे, इसके लिए निर्वाचन आयोग 10 और 11 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में विशेष मतदाता नामांकन अभियान चलाएगा। दोनों दिन सभी मतदान केंद्रों पर सुबह नौ से शाम पांच बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। नागरिक नया नाम दर्ज कराने के साथ सूची में अपने विवरण में सुधार या बदलाव भी करा सकेंगे। बीएलओ पंजीकरण के लिए घर-घर जाकर संपर्क भी करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजीव वर्मा ने बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ), निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अभियान का व्यापक प्रचार करने और पात्र नागरिकों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए।

निर्वाचन आयोग के उपलब्ध अंतिम समेकित आंकड़ों के अनुसार, 2024 में जम्मू-कश्मीर में 86,93,789 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें 44,35,523 पुरुष, 42,58,105 महिलाएं और 161 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि मतदाता सूची के निरंतर अद्यतन के कारण यह संख्या समय-समय पर बदलती रहती है। फिलहाल प्रदेश में करीब 87 लाख मतदाता हैं।

मतदान केंद्रों पर बीएलओ करेंगे मदद

अभियान के दौरान बीएलओ मतदान केंद्रों पर आवेदन भरने और जमा करने में नागरिकों की सहायता करेंगे। नए मतदाता के पंजीकरण के लिए फार्म-6, नाम हटाने के लिए फार्म-7 और नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार अथवा अद्यतन के लिए फार्म-8 उपलब्ध रहेगा। नागरिक मतदान केंद्र पर आवेदन जमा करने के साथ वोटर हेल्पलाइन ऐप से डिजिटल आवेदन भी कर सकेंगे।

घर-घर संपर्क के दौरान उन पात्र नागरिकों की पहचान की जाएगी, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है। युवाओं, पहली बार मतदान करने वालों, महिलाओं और दिव्यांगजनों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

नौकरीपेशा लोगों और युवाओं के लिए राहत

निर्वाचन विभाग के अनुसार, यह अभियान सप्ताहांत में नियमित मतदाता नामांकन एवं सुविधा अभियानों की शुरुआत है। आगे भी सप्ताहांत पर ऐसे अभियान होंगे, ताकि नौकरीपेशा लोगों, युवाओं और अन्य नागरिकों को सुविधानुसार सेवाएं लेने का अवसर मिले।

अधिकारियों को संस्थागत और सार्वजनिक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने तथा आधिकारिक इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर मतदान केंद्र, विधानसभा क्षेत्र और जिले से जुड़ी जानकारी साझा करने के निर्देश दिए गए हैं।

पात्र नागरिकों से आग्रह


वर्मा ने पात्र नागरिकों से निकटतम मतदान केंद्र पर पंजीकरण कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची का पूर्ण, सटीक और समावेशी होना जरूरी है।