यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 20, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Pulwama Encounter: कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़, दोनों ओर से हो रही फायरिंग
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में रविवार देर शाम आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों ओर से फायरिंग ...और पढ़ें

श्रीनगर, राज्य ब्यूरो। Pulwama Encounter दक्षिण कश्मीर के परिगाम (पुलवामा) में रविवार को उस समय गोलियों की आवाज गूंज उठी जब सुरक्षाबलों ने आतंकियों को पकड़ने के लिए उनके ठिकाने की घेराबंदी शुरू की। सुरक्षाबलों ने आतंकियों को चारों तरफ से घेरते हुए उनके भागने के सभी रास्ते बंद कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को रविवार की शाम साढ़े सात बजे सूचना मिली कि परिगाम नीवा में स्वचालित हथियारों से लैस आतंकियों का एक दल देखा गया है। पुलिस ने उसी समय सेना और सीआरपीएफ के जवानों के साथ मिलकर आतंकियों को पकड़ने के लिए एक अभियान चलाया।
मकान में छिपे थे आतंकी
सुरक्षाबलों ने जैसे ही गांव की घेराबंदी शुरू की तो एक मकान में छिपे आतंकियों ने उन्हें देख लिया। आतंकियों ने घेराबंदी तोड़ भागने के लिए जवानों पर पर ग्रेनेड फेंका और उसके बाद उन्होंने अपने स्वचालित हथियारों से उन पर फायरिंग की।
गांव में हैं दो से तीन आतंकी
सुरक्षाबलों ने भी खुद को बचाते हुए जवाबी फायर किया और उसके बाद गांव में मुठभेड़ शुरू हो गई। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, गांव में दो से तीन आतंकी छिपे हुए हैं। सुरक्षाबलों ने आतंकियों के ठिकाने के साथ सटे मकानों से कई लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया है। ताकि गोलीबारी में उन्हें किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे।
बताया जा रहा है कि आतंकियों के ठिकाने को सुरक्षाबलों ने चारों तरफ से घेर लिया है। ताकि उन्हें भागने का मौका न मिले।
