30 प्रतिशत रोज का मुनाफा, 7 दिन में पैसा डबल; जम्मू-कश्मीर पुलिस की चेतावनी- ये जाल है, जरा संभल कर
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने फर्जी ट्रेडिंग ऐप्स और ऑनलाइन निवेश घोटालों के खिलाफ सख्त एडवाइजरी जारी की है। लोगों को अत्यधिक ...और पढ़ें
-1791878543989_m.webp)
J&K पुलिस ने जारी की साइबर फ्रॉड एडवाइजरी।
HighLights
फर्जी ट्रेडिंग ऐप्स से सावधान रहने की सलाह
अत्यधिक मुनाफे के वादे साइबर ठगों का जाल
साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें
राज्य ब्यूरो, जागरण, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में अगर आपके मोबाइल पर भी दिन में 4-5 बार ऐसे मैसेज आते हैं कि सिर्फ 5000 लगाओ और 7 दिन में 10,000 पाओ, गारंटीड रिटर्न, बिना रिस्क के अमीर बनो, तो सावधान हो जाइए।
ये कोई किस्मत का दरवाजा नहीं, बल्कि साइबर ठगों का बिछाया हुआ सबसे बड़ा जाल है। इसी बढ़ते खतरे को देखते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आम लोगों के लिए एक बेहद जरूरी एडवाइजरी जारी की है।
पुलिस ने किया लोगों को सतर्क
पुलिस ने साफ कहा है कि साइबर अपराधी अब फर्जी ट्रेडिंग एप्लीकेशन और नकली ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट विज्ञापनों के जरिए लोगों को लूट रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, ठगों का तरीका बेहद शातिर है। वे ऐसी एप्लीकेशन और वेबसाइट बनाते हैं जो दिखने में बिल्कुल असली और भरोसेमंद लगती हैं। नाम, लोगो, ग्राफ, चार्ट सब कुछ बड़े-बड़े और रजिस्टर्ड निवेश प्लेटफॉर्म जैसा होता है, ताकि पहली नजर में किसी को शक ही न हो।
एक बार आपने इन पर भरोसा कर लिया, फिर शुरू होता है खेल। ये प्लेटफॉर्म आपको लुभावने ऑफर देते हैं - 'गारंटीड प्रॉफिट', 'तुरंत कमाई', 'लिमिटेड पीरियड ऑफर, आज ही निवेश करें'।
एडवाइजरी में पुलिस ने कुछ ऐसे ही झूठे दावों का उदाहरण भी दिया है जिनसे लोग सबसे ज्यादा फंसते हैं। जैसे कि रोजाना 30 प्रतिशत तक का रिटर्न और 7 दिन के अंदर पैसा डबल करने का वादा। सुनने में जितना आकर्षक लगता है, हकीकत में उतना ही खतरनाक है।
पुलिस का कहना है कि ये सारे वादे सिर्फ और सिर्फ आपकी अवास्तविक उम्मीदों को हवा देने के लिए बनाए जाते हैं। असल में कोई भी लीगल और रजिस्टर्ड निवेश योजना इतना ज्यादा और इतनी जल्दी रिटर्न दे ही नहीं सकती।
पैसा मिलते ही गायब हो जाते हैं ठग
इस जाल में सबसे दर्दनाक मोड़ तब आता है जब आप पैसा ट्रांसफर कर देते हैं। शुरुआती एक-दो बार आपको ऐप में मुनाफा दिखाया जाएगा, आपका भरोसा जीतने के लिए छोटी रकम वापस भी की जा सकती है।
लेकिन जैसे ही आप बड़ी रकम लगाते हैं, ठग पूरा पैसा लेकर गायब हो जाते हैं। वे आपका नंबर ब्लॉक कर देते हैं, वेबसाइट बंद हो जाती है और ऐप काम करना बंद कर देता है। तब तक बहुत देर हो चुकी होती है।
इन खास बातों का रखें ज्यादा ध्यान
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे आंख बंद करके निवेश न करें। किसी भी ऐप, कंपनी या वेबसाइट में पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करें।
देखें कि क्या वह कंपनी एसइबीआइ या आरबीआइ जैसी सरकारी संस्था से रजिस्टर्ड है या नहीं। अगर कोई भी योजना 'बिना रिस्क के ज्यादा मुनाफा' या 'जल्दी अमीर बनने' का वादा कर रही है, तो समझ लीजिए दाल में कुछ काला है।
असली निवेश में हमेशा रिस्क होता है
यही नहीं ठग अक्सर कहते हैं कि आज आखिरी दिन है, अभी निवेश करो वरना मौका चला जाएगा। ये दबाव की रणनीति है। कोई भी भरोसेमंद कंपनी आप पर तुरंत फैसला लेने का दबाव नहीं डालेगी।
कभी भी किसी अनजान व्यक्ति या गैर-पुष्ट ऑनलाइन मंच के साथ अपनी निजी जानकारी, बैंक डिटेल्स, पासवर्ड या ओटीपी शेयर न करें। भरोसेमंद और वेरिफाइड निवेश सेवाओं का ही इस्तेमाल करें और निवेश से पहले किसी भरोसेमंद व्यक्ति या वित्तीय विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।
अगर आप फिर भी किसी साइबर फ्रॉड का शिकार हो जाते हैं, तो घबराएं नहीं और तुरंत एक्शन लें। पुलिस ने कहा है कि ऐसी स्थिति में फौरन नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
जितनी जल्दी आप शिकायत करेंगे, पैसे वापस मिलने की संभावना उतनी ही ज्यादा होगी।
यह भी पढ़ें- आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों की खैर नहीं! जम्मू पुलिस का बड़ा एक्शन; अफवाह फैलाने वालों पर कसा शिकंजा
