जम्मू-कश्मीर विधानसभा में फिर हंगामा, स्पीकर को हटाने की मांग पर अड़ी भाजपा; विधायकों ने किया वॉकआउट
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में स्पीकर अब्दुल रहीम राथर को हटाने की मांग को लेकर भाजपा विधायकों ने हंगामा किया और वॉकआउट किया।

जम्मू-कश्मीर विधानसभा (जागरण फोटो)
HighLights
भाजपा ने स्पीकर अब्दुल रहीम राथर को हटाने की मांग की
विवादित प्रस्ताव पर चर्चा की अनुमति देने पर सवाल उठाए गए
भाजपा विधायकों ने सदन से विरोध में वॉकआउट किया
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर विधानसभा में मंगलवार को स्पीकर अब्दुल रहीम राथर को हटाने की मांग को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई। भाजपा विधायकों ने स्पीकर पर विवादित प्रस्ताव को सदन में चर्चा के लिए मंजूरी देने को लेकर सवाल उठाए। इस दौरान सदन में जमकर नारेबाजी हुई और माहौल काफी गरमा गया। विरोध जताते हुए भाजपा विधायकों ने बाद में सदन से वॉकआउट कर दिया।
सुनील शर्मा ने स्पीकर से मांगा इस्तीफा
नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने स्पीकर अब्दुल रहीम राथर के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस प्रस्ताव पर सदन में चर्चा की जा रही है, उसकी संवैधानिक वैधता को लेकर पहले ही सवाल उठाए जा चुके थे। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों की ओर से स्पीकर को पहले ही पत्र लिखकर प्रस्ताव की संवैधानिक स्थिति से अवगत कराया गया था।
सुनील शर्मा ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के पिछले दिन के बयान का हवाला देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं स्वीकार कर चुके हैं कि स्पीकर को संबंधित अधिकारियों की ओर से पहले ही पत्र के माध्यम से जानकारी दी गई थी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में स्पीकर को नैतिकता के आधार पर अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
स्पीकर और भाजपा विधायक के बीच तीखी बहस
सदन में भाजपा विधायक श्यामलाल शर्मा और स्पीकर अब्दुल रहीम राथर के बीच भी तीखी बहस हुई। विपक्ष की ओर से लगातार आपत्ति जताए जाने पर स्पीकर ने सख्त लहजे में जवाब दिया।
स्पीकर ने कहा, “आप मुझे मत सिखाइए। मुझे पता है कि मुझे क्या करना है।” उन्होंने कहा कि उन्हें अपने अधिकारों और सदन की प्रक्रिया की पूरी जानकारी है।
हंगामा बढ़ने पर स्पीकर ने सदन में अनुशासन बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यहां गुंडागर्दी नहीं चलेगी।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर विधानसभा से पास हुआ स्टेटहुड का प्रस्ताव, अब मुख्य सचिव के पाले में गेंद; क्या होगा केंद्र का फैसला?
‘कुर्सी छोड़ो’ से लेकर ‘वोट चोर’ तक नारेबाजी
स्पीकर को हटाने की मांग को लेकर सदन में नारेबाजी भी हुई। भाजपा विधायकों ने स्पीकर के खिलाफ “कुर्सी छोड़ो” के नारे लगाए। वहीं, सत्ता पक्ष के सदस्यों की ओर से भी जवाबी नारेबाजी की गई। इस दौरान “वोट चोर” जैसे नारे लगाए जाने से सदन का माहौल और गरमा गया।
राज्य का दर्जा बहाल करने के प्रस्ताव को लेकर टकराव
जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने संबंधी प्रस्ताव को लेकर भाजपा और सरकार के बीच पहले से ही मतभेद हैं। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की ओर से लाए गए इस प्रस्ताव का भाजपा पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे पर समर्थन करती है, लेकिन प्रस्ताव में वर्ष 2000 के स्वायत्तता प्रस्ताव के संदर्भ को शामिल किए जाने पर पार्टी ने आपत्ति जताई है।
इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार को भाजपा विधायकों ने सदन में विरोध दर्ज कराया। नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा के नेतृत्व में भाजपा विधायकों ने सरकार और स्पीकर के खिलाफ नारेबाजी की और बाद में सदन से वॉकआउट कर दिया।
पहले भी दिया जा चुका है स्पीकर को हटाने का नोटिस
स्पीकर अब्दुल रहीम राथर और भाजपा विधायकों के बीच टकराव का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भाजपा की ओर से स्पीकर को पद से हटाने के लिए नोटिस दिया जा चुका है। सदन में भाजपा विधायकों ने “कुर्सी छोड़ो, कुर्सी छोड़ो स्पीकर साहब” के नारे भी लगाए थे।
मंगलवार को एक बार फिर इसी मुद्दे ने विधानसभा की कार्यवाही को हंगामे में बदल दिया। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस, नारेबाजी और भाजपा के वॉकआउट के बीच सदन की कार्यवाही आगे बढ़ी।
यह भी पढ़ें- 'स्पीकर साहब, नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दें', जम्मू-कश्मीर विधानसभा में फिर भारी हंगामा
