'जम्मू-कश्मीर को मिलनी चाहिए लोकसभा की 8 सीटें', अल्ताफ बुखारी ने उठाई मांग
अपनी पार्टी के अध्यक्ष अल्ताफ बुखारी ने जम्मू-कश्मीर के लिए लोकसभा की आठ सीटों की मांग की है। उन्होंने प्रस्तावित परिसीमन में आनुपातिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से हस्तक्षेप की अपील की।

जम्मू-कश्मीर को मिलनी चाहिए लोकसभा की आठ सीटें: अल्ताफ बुखारी। फाइल फोटो
HighLights
अल्ताफ बुखारी ने जम्मू-कश्मीर के लिए आठ लोकसभा सीटें मांगीं
प्रस्तावित परिसीमन में आनुपातिक प्रतिनिधित्व का सिद्धांत लागू हो
पीएम मोदी और अमित शाह से हस्तक्षेप की अपील की
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने की चर्चा के बीच अपनी पार्टी के अध्यक्ष अल्ताफ बुखारी ने आठ संसदीय सीटों की मांग उठाई है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रस्तावित परिसीमन के तहत जम्मू-कश्मीर की लोकसभा सीटें पांच से बढ़ाकर सात करने पर विचार हो रहा है तो यह आनुपातिक प्रतिनिधित्व के सिद्धांत के अनुरूप नहीं है। प्रदेश को कम से कम तीन अतिरिक्त सीटें मिलनी चाहिए।
बुखारी ने इंटरनेट मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से अपनी बात रखते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर में मौजूदा पांच लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाए तो यह आंकड़ा 7.5 बैठता है। ऐसे में इसे आठ सीटों तक बढ़ाया जाना अधिक तर्कसंगत होगा। उनके अनुसार, केवल सात सीटें करना प्रदेश के हिस्से का पूरा प्रतिनिधित्व सुनिश्चित नहीं करता।
अपनी मांग के समर्थन में बुखारी ने पंजाब का उदाहरण देते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के लिए भी सीटों के आवंटन में वही सिद्धांत अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि अन्य राज्यों के लिए अतिरिक्त संसदीय सीटों के निर्धारण में आनुपातिकता का ध्यान रखा जाता है तो जम्मू-कश्मीर के साथ भी समान व्यवहार होना चाहिए।
बुखारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर को लोकसभा में उसका उचित हिस्सा मिलना चाहिए। उनका तर्क है कि प्रदेश की संसदीय भागीदारी तय करते समय आनुपातिक प्रतिनिधित्व के सिद्धांत की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।
आपको बता दें कि प्रस्तावित परिसीमन के तहत जम्मू-कश्मीर की लोकसभा सीटें बढ़ने की संभावनाओं को लेकर चर्चा हो रही है। इसी बीच बुखारी की आठ सीटों की मांग ने संसदीय प्रतिनिधित्व के मुद्दे को फिर से चर्चा में ला दिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।