जम्मू-कश्मीर: नेशनल कॉन्फ्रेंस में आंतरिक कलह तेज, विधायक इकबाल चौधरी ने डिप्टी सीएम पर लगाया 'ठगी' का आरोप
नेशनल कॉन्फ्रेंस में जारी अंतर्कलह सोशल मीडिया पर पहुंच गई है, जहां विधायक जावेद इकबाल चौधरी ने उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी को 'ठग' करार दिया है।

डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी (फाइल फोटो)
HighLights
नेशनल कॉन्फ्रेंस में विधायक ने डिप्टी सीएम को 'ठग' कहा
पार्टी की अंदरूनी कलह अब सोशल मीडिया पर उजागर हुई
राजौरी-पुंछ के असंतुष्ट विधायकों का विद्रोह अभी भी कायम
राज्य ब्यूरो, जम्मू। सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस में जारी अंतर्कलह की आंच पार्टी नेतृत्व के हस्तक्षेप के बाद सिर्फ ठंडी हुई है, बुझी नहीं है और यह अब पार्टी बैठकों से आगे इंटरनेट मीडिया पर पहुंच गई है।
असंतुष्ट विधायकों में शामिल जावेद इकबाल चौधरी ने उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी को ठग करार दे दिया है। हालांकि उपमुख्यमंत्री ने इस पर कोई जवाबी टिप्पणी नहीं की है,लेकिन बताया जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व ने इसका कड़ा नोटिस लिया है।
जावेद इकबाल चौधरी जम्मू प्रांत में जिला राजौरी के बुद्धल विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह राजौरी-पुंछ के उन सात विधायकों में एक हैं,जिन्होंने पार्टी नेतृत्व की नीतियों के खिलाफ बगावत का झंडा उठाया।
असंतुष्ट विधायकों की मांगों में राजौरी- पुंछ से प्रदेश कैबिनेट में शामिल उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा को हटाने का एजेंडा भी शामिल है।
हर मंत्री के लिए एक सलाहकार समिति बनाने की प्रक्रिया शुरू
हालांकि, पार्टी नेतृत्व ने गत दिनों असंतुष्ट खेमे के साथ बातचीत के जरिए उन्हें शांत करने में किसी हद तक सफलता प्राप्त की और उसके बाद प्रत्येक मंत्री के लिए एक सलाहकार समिति बनाने की प्रक्रिया भी शुरू की,लेकिन यह सब उपाय पूरी तरह कारगर नजर नहीं आ रहे हैं।
दो दिन पहले उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने जिला राजौरी में दो जगहों पर दौरा किया और इस दौरान आयोजित समारोहों में जोकि सरकारी समारोह थे, शामिल हुए,लेकिन विधायक जावेद इकबाल चौधरी उनसे दूर रहे।
विधायक जावेद इकबाल चौधरी की अनुपस्थिति को लेकर जब चर्चा शुरु हुई तो उन्होंने इंटरनेट मीडिया टिप्पणी करते हुए लिखा डिप्टी CM एक ठग हैं और उनके फंक्शन में मेरी मौजूदगी के लायक नहीं हैं। मेरी सेल्फ-रिस्पेक्ट और मेरे लोगों के फायदे सबसे पहले हैं।
दोनों नेताओं के बीच गहरी बार पर तल्खी
विधायक जावेद इकबाल ने जिस तरह की कठोर भाषा का इस्तेमाल किया है, उससे पता चलता है कि उनकी उपमुख्यमंत्री से नाराजगी व्यक्तिगत व उनके सम्मान से जुढ़ी है। दोनों के बीच किसी गहरी बात पर तल्खी है।
इस संदर्भ में जब विधायक इकबाल चौधरी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो वह उपलब्ध नहीं हो पाए। पार्टी के प्रांतीय प्रधान रत्न लाल गुप्ता ने इस मामले से अनभिज्ञता प्रकट करते हुए कहा कि पहले वह इसकी जांच करेंगे।
उन्होंने कहा कि अगर विधायक ने ऐसी कोई टिप्पणी की हे तो उन्हें इससे परहेज करना याहिए, व्यक्तिगत नाराजगी अपनी जगह है,अनुशासन और मर्यादा उससे ज्यादा जरूरी है।
उपमुख्यमंत्री और पार्टी नेतृत्व पर टिकी निगाह
जम्मू कश्मीर मामलों के जानकार उमर मकबूल ने कहा कि अब यह देखना है कि उपमुख्यमंत्री और पार्टी नेतृत्व इस टिप्पणी पर क्या जवाब देता है।
यह टिप्पणी पार्टी के भीतर सिर्फ असंतोष और अंतर्कलह या सिर्फ अहं का टकराव नहीं दर्शाती बल्कि यह बताती है कि सत्ताधारी दल के विधायक भी अपनी सरकार के कामकाज से नाखुश हैं, अगर सरकार पर विपक्ष कहीं भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहा था तो सत्तारूढ़ दल के विधायक उसे सही ठहरा रहे हैं।
इससे आप यह भी कह सकते हैं कि डा फारूक अब्दुल्ला और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गत दिनों असंतुष्ट विधायकों के साथ जो बैठक की है, वह पूरी तरह सफल नहीं हुई है और पार्टी के भीतर उभर रहे मतभेदों का सार्वजनिक मंचों पर सामने आना , पार्टी नेतृत्व की भूमिका और समर्थता पर भी सवाल उठाता हैञ
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।