LoC पर हाथ मिलाते नजर आए भारत-पाकिस्तान के सैन्य अधिकारी, ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार हुई मुलाकात
भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा पार कर कुपवाड़ा आए पाकिस्तानी नागरिक असद खान को सभी औपचारिकताएं पूरी कर पाक अधिकारियों को सौंप दिया।

भारत-पाक के सैन्य अधिकारी एलओसी पर मिले व हाथ भी मिलाया l सौ : सेना
HighLights
भारतीय सेना ने पाकिस्तानी नागरिक असद खान को लौटाया
ऑपरेशन सिंदूर के बाद एलओसी पर पहली मुलाकात
भारतीय सेना ने मानवीय मूल्यों का प्रदर्शन किया
डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। भारतीय सेना ने एक बार फिर इंसानियत की मिसाल पेश की है। उत्तरी कश्मीर में जिला कुपवाड़ा के अंतर्गत नियंत्रण रेखा पर पकड़े गए पाकिस्तानी नागरिक को सभी कानूनी एवं प्रशासनिक औपचारिकाएं पूरी करने के बाद गुलाम जम्मू-कश्मीर (PoK) भेज दिया गया। इस बीच भारतीय और पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी आपस में मिले। ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहली बार है जब दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों ने मुलाकात की।
ज्ञात हो कि पाकिस्तानी नागरिक असद खान 12 जून को नियंत्रण रेखा पार कर कुपवाड़ा में आ गया था, जिसे सेना ने पकड़ लिया। भारतीय सेना ने असद को वीरवार पाक सेना के अधिकारियों के हवाले कर दिया। टिटवाल में उसे पाकिस्तानी अधिकारियों के हवाले किए जाने के अवसर एसडीम करनाह, तहसीलदार करनाह, भारतीय सेना के अधिकारियों, जिनमें 06 महार रेजिमेंट के प्रतिनिधि भी शामिल थे, थाना प्रभारी (एसएचओ) करनाह तथा अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद थे।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार मुलाकात
इंडियन आर्मी के चिनार कॉर्म्स विंग ने पोस्ट में लिखा, "पाकिस्तानी नागरिक असद खान को 18 जून 2026 को वापस पाकिस्तान भेज दिया गया है। भारत में असद खान के साथ अच्छा सलूक किया गया, जो मानवीय मूल्यों के प्रति भारतीय सेना की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।" सेना ने कुछ तस्वीरें भी साझा कीं।
क्या था ऑपरेशन सिंदूर?
बता दें कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में एक बड़ा आतंकवादी हमला हुआ था, जिसमें एक स्थानीय युवक सहित 26 लोगों की जान चली गई थी।
इस हमले के पीछे पाकिस्तान में मौजूद आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा का हाथ था। इसी आतंकी हमले और सीमा पार से लगातार हो रही घुसपैठ का करारा जवाब देने के लिए भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' को अंजाम दिया था। इस अभियान में पीओके और पाकिस्तान में मौजूद आतंकियों के कई ठिकानों को वायुसेना ने तबाह कर दिया था।
पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव की स्थिति भी रही। दोनों देशों के बीच काफी लंबे समय तक संघर्ष रहा। हालात यहां तक पहुंच गए कि सीमा पार रहने वाले लोगों को भी पाकिस्तान निशाना बनाने लगा। पाकिस्तान ने जब ड्रोन और मिसाइलों से पलटवार करने की कोशिश की, तो भारत के S-400 और आकाश एयर डिफेंस सिस्टम ने उनके हमलों को हवा में ही नाकाम कर दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।